एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार 24 मई 2026 को भोपाल में किया गया। लगभग 12 दिन पहले 12 मई को संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गई थी। मिस पुणे का खिताब जीतने वाली ट्विशा शर्मा ने कुछ फिल्मों में काम किया था, जो उनकी मौत के बाद चर्चा में आ गई हैं। हालांकि, बाद में एक्टिंग करियर छोड़ उन्होंने कॉर्पोरेट सेक्टर में करियर बनाया था।
ट्विशा शर्मा की मौत के बाद लोग यह जानना चाहते हैं कि आखिर वह कौन थीं और फिल्मों से लेकर कॉर्पोरेट दुनिया तक उनका सफर कैसा रहा। पूर्व मिस पुणे रह चुकी ट्विशा ने मॉडलिंग से अपने करियर की शुरुआत की थी और बाद में फिल्मों में भी काम किया। उन्होंने हिंदी साइबर क्राइम थ्रिलर 'ज़रा संभाल के' और तेलुगु फिल्म Mugguru Monagallu में अहम भूमिकाएं निभाई थी। हालांकि कुछ फिल्मों के बाद उन्होंने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री छोड़ दी और कॉर्पोरेट सेक्टर में अपना करियर बनाया। अब उनकी मौत के बाद उनकी जिंदगी फिर चर्चा में है।

मॉडलिंग से फिल्मों तक का सफर
ट्विशा शर्मा ने टीनएज में ही मॉडलिंग की दुनिया में कदम रख दिया था। पूर्व मिस पुणे का खिताब जीतने के बाद उन्होंने ग्लैमर इंडस्ट्री में पहचान बनाई। परिवार के मुताबिक वह डव और लॉरियल जैसे बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों में भी नजर आ चुकी थीं। उनकी स्क्रीन प्रेजेंस और कॉन्फिडेंस ने उन्हें फिल्मों तक पहुंचाया।

‘जारा संभल के’ से किया एक्टिंग डेब्यू
ट्विशा ने 2018 में साइबर क्राइम थ्रिलर 'ज़रा संभल के' से एक्टिंग डेब्यू किया था। यह फिल्म साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन ठगी की दुनिया पर आधारित थी। फिल्म में ट्विशा ने नियारा नाम की लड़की का किरदार निभाया था, जो लोगों को फोन मांगने के बहाने जाल में फंसाती थी। फिल्म में आगे उसका किरदार पुलिस के सामने सरेंडर कर अपने अपराध कबूल करता दिखाया गया था। यह शॉर्ट फिल्म है, जिसे यूट्यूब पर देखा जा सकता है।
तेलुगु फिल्म बनी आखिरी स्क्रीन अपीयरेंस
ट्विशा तेलुगु कॉमेडी फिल्म Mugguru Monagallu में आखिरी बार नजर आईं। 2021 में रिलीज हुई इस फिल्म में दीक्षित शेट्टी, श्रीनिवास रेड्डी और वेनेला रामा राव जैसे कलाकार थे। फिल्म की कहानी तीन अलग-अलग दिव्यांग पुरुषों के इर्द-गिर्द घूमती थी, जो हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस की मदद करते हैं। ट्विशा ने इसमें अंजलि डी नाम की स्पीच-इम्पेयर्ड महिला का रोल निभाया था। बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म डिजास्टर रही थी, जिसे अमेजन प्राइम वीडियो पर देखा जा सकता है।

फिल्मों के बाद चुना कॉर्पोरेट करियर
ट्विशा शर्मा ने कुछ फिल्मों के बाद एक्टिंग से दूरी बना ली थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने आगे फिल्मों में काम करने के बजाय पढ़ाई और कॉर्पोरेट सेक्टर पर फोकस किया। उन्होंने सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी से BBA और बाद में NMIMS से MBA किया था। शादी से पहले वह रेस्टोरेंट सेक्टर में मार्केटिंग मैनेजर के तौर पर भी काम कर रही थीं।
मैट्रिमोनियल वेबसाइट पर हुई समर्थ सिंह से मुलाक़ात
रिपोर्ट्स मानें तो ट्विशा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। 2024 में उनकी मुलाकात समार्थ सिंह से एक मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए हुई थी। इसके बाद दोनों ने 9 दिसंबर 2025 को दिल्ली में शादी की थी। 12 मई 2026 को भोपाल स्थित घर में ट्विशा शर्मा मृत पाई गईं, जिसके बाद यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इसकी जांच CBI को सौंप दी गई है।
