अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' ने पांचवें दिन बॉक्स ऑफिस पर फिर रफ़्तार पकड़ी। फिल्म ने फ्रेंचाइजी के पहले पार्ट यानी ‘वेलकम’ की कुल कमाई को पछाड़ दिया है।
अहमद खान के निर्देशन में बनी मल्टीस्टारर कॉमेडी-एक्शन फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है। ओपनिंग वीकेंड में शानदार कमाई करने के बाद फिल्म ने वीकडेज में भी अपनी रफ्तार बरकरार रखी है। खास बात यह रही कि मंगलवार को फिल्म की कमाई सोमवार के मुकाबले बढ़ी, जिससे इसकी बॉक्स ऑफिस पकड़ और मजबूत होती दिखी। अक्षय कुमार के लीड रोल वाली इस फिल्म ने घरेलू और विदेशी बाजार दोनों में अच्छा प्रदर्शन करते हुए पांच दिनों में 120 करोड़ रुपये से ज्यादा का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन कर लिया है।

'वेलकम टू द जंगल' ने 5वें दिन कितनी कमाई की?
ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के आंकड़ों के मुताबिक, 'वेलकम टू द जंगल' ने रिलीज के पांचवें दिन यानी मंगलवार को 9.25 करोड़ रुपये का इंडिया नेट कलेक्शन किया। यह सोमवार की 8.50 करोड़ रुपये की कमाई के मुकाबले लगभग 8.8 फीसदी ज्यादा है। वीकडेज में भी फिल्म की यह स्थिर कमाई इसके मजबूत वर्ड ऑफ माउथ की ओर इशारा करती है।
यह भी पढ़ें : जुलाई 2026 में बॉक्स ऑफिस पर एंटरटेनमेंट का तूफ़ान, हॉरर से कॉमेडी तक हर जॉनर की फिल्म आ रही
5 दिनों में कितनी हुई 'वेलकम टू द जंगल' की कमाई?
फिल्म ने पहले पांच दिनों में भारत में 81.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है। वहीं इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 97.17 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। पांचवें दिन फिल्म की कुल ऑक्यूपेंसी 29 प्रतिशत दर्ज की गई, जो वीकडे के लिहाज से संतोषजनक मानी जा रही है। घरेलू बाजार के साथ-साथ फिल्म विदेशी बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छी कमाई कर रही है। पांचवें दिन फिल्म ने ओवरसीज मार्केट में 3 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की कुल विदेशी ग्रॉस कमाई 22.95 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। कुल मिलाकर वर्ल्डवाइड इस फिल्म ने 5 दिन में 120.12 करोड़ रुपये का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन दर्ज कर लिया है।
'वेलकम' का लाइफटाइम कलेक्शन छूटा पीछे
'वेलकम टू द जंगल' ने 5 दिन में ही फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म 'वेलकम' के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। 2007 में आई 'वेलकम' ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर लाइफटाइम 119.50 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था। जबकि इसकी भारत में नेट कमाई 70.13 करोड़ रुपए रही थी।
यह भी पढ़ें : इन 20 मूवीज का सबको बेसब्री से इंतज़ार, सब इसी साल होंगी रिलीज, पर SRK की 'किंग' टॉप 3 में नहीं
'वेलकम टू द जंगल' की कहानी क्या है?
फिल्म की कहानी सीमा के पास स्थित एक जंगल में टकराने वाले गैंगस्टर्स, अपराधियों और कई अजीबोगरीब किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है। जो मिशन शुरुआत में फिल्म की शूटिंग जैसा दिखाई देता है, वह आगे चलकर अपराध, गलतफहमी और जबरदस्त एक्शन से भरे हास्यास्पद घटनाक्रम में बदल जाता है।फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, अरशद वारसी, जैकलीन फर्नांडिस, दिशा पाटनी, परेश रावल, जैकी श्रॉफ, रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, दलेर मेहंदी, आफताब शिवदासानी, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, किरण कुमार, जाकिर हुसैन, विंदू दारा सिंह, उर्वशी रौतेला, हेमंत पांडे, बृजेंद्र काला, फिरोज खान (अर्जुन), दिवंगत पंकज धीर, पुनीत इस्सर, सुदेश बेरी, जीतू वर्मा, वृहि कोडवारा, आदित्य सिंह और भाग्य भानुशाली समेत कई कलाकार नजर आए हैं।
