Toxic Women Controversy: यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ महिलाओं के चित्रण पर विवादों में है। अब फिल्म के एक्टर यश ने इस पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ी है।

यश की मचअवेटेड फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोन-अप्स’ रिलीज से पहले लगातार विवादों में घिरी हुई है। फिल्म के टीजर, ट्रेलर और गानों में महिलाओं के चित्रण को लेकर सवाल उठाए गए हैं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि फिल्म में महिलाओं को एक खास नजरिए से पेश किया गया है। अब इन आलोचनाओं के बीच यश ने खुलकर फिल्म का बचाव किया है और कहा है कि ‘टॉक्सिक’ में महिलाओं की अपनी आवाज भी है।

महिलाओं के चित्रण पर क्या बोले यश?

हैदराबाद में फिल्म के प्री-रिलीज इवेंट के दौरान यश से ‘टॉक्सिक’ में महिलाओं के चित्रण को लेकर सवाल किया गया। अभिनेता ने फिल्म का बचाव करते हुए निर्देशक गीतू मोहनदास के विजन पर भरोसा जताया। यश ने संकेत दिया कि फिल्म को केवल कुछ प्रमोशनल क्लिप्स या सतही दृश्यों के आधार पर जज नहीं किया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, कहानी को पूरी तरह देखने के बाद ही इसके किरदारों और उनके नजरिए को समझा जा सकेगा।

और पढ़ें - ‘टॉक्सिक’ एडवांस बुकिंग ने मचाया तूफान, 32 घंटे में रचा बड़ा बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड

‘महिलाओं की भी एक आवाज है’

यश ने खास तौर पर इस बात पर जोर दिया कि फिल्म में महिलाओं के किरदार सिर्फ पुरुष किरदारों के इर्द-गिर्द घूमने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भी अपनी आवाज है और फिल्म में उस आवाज को जगह दी गई है। यश का यह बयान ऐसे समय आया है, जब ‘टॉक्सिक’ के प्रमोशनल कंटेंट को लेकर सोशल मीडिया पर बहस चल रही है। इससे पहले भी फिल्म के इंटीमेट और बोल्ड सीन्स को लेकर सवाल उठ चुके हैं।

गीतू मोहनदास के डायरेक्शन पर यश को पूरा भरोसा

‘टॉक्सिक’ की सबसे खास बात यह है कि फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है। यश लगातार उनके विजन का समर्थन करते नजर आए हैं। इससे पहले भी अभिनेता ने फिल्म में दिखाई जा रही ‘फीमेल गेज’ को लेकर बात की थी और इसे एक अलग तथा नया नजरिया बताया था। यश के मुताबिक, एक बड़े स्तर की गैंगस्टर एक्शन फिल्म को महिला निर्देशक का विजन मिलना अपने आप में खास बात है। यही वजह है कि वह गीतू के निर्देशन को लेकर काफी उत्साहित हैं।

और पढ़ें - कंगना रनौत Vs तापसी पन्नू कॉन्ट्रोवर्सी, बोलीं- ‘मेरे माता-पिता को बीच में लाने की हिम्मत कैसे हुई?’

ट्रेलर रिलीज के बाद हुआ था विवाद

‘टॉक्सिक’ के ट्रेलर और टीजर में दिखाए गए कुछ दृश्यों को लेकर सोशल मीडिया पर जमकर बहस हुई। कुछ लोगों ने फिल्म पर महिलाओं को ऑब्जेक्टिफाई करने का आरोप लगाया। कन्नड़ अभिनेत्री ऋषिका सिंह ने भी फिल्म के प्रमोशनल कंटेंट में महिलाओं के चित्रण और इंटीमेट सीन्स को लेकर आपत्ति जताई थी। हालांकि, यश पहले ही साफ कर चुके हैं कि वह सिर्फ सनसनी पैदा करने के लिए वल्गर कंटेंट का समर्थन नहीं करते। उनका कहना है कि फिल्म में दिखाए गए कंटेंट का कहानी से कनेक्शन है और इसे सिर्फ विवाद के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।

‘टॉक्सिक’ को मिला ‘ए’ सर्टिफिकेट

रिलीज से पहले फिल्म को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन यानी सीबीएफसी से ‘ए’ सर्टिफिकेट मिल चुका है। रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड ने फिल्म में कोई कट नहीं लगाया, हालांकि कुछ शब्दों में मामूली बदलाव और कंटेंट वॉर्निंग शामिल करने को कहा गया। फिल्म की लंबाई भी तीन घंटे से ज्यादा बताई जा रही है। ऐसे में ‘टॉक्सिक’ की कहानी, बोल्ड ट्रीटमेंट और यश का नया अवतार दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त चर्चा का विषय बना हुआ है।

यश-स्टारर फिल्म में कौन-कौन नजर आएगा?

गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस फिल्म में यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा, तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म को एक डार्क गैंगस्टर ड्रामा के तौर पर पेश किया जा रहा है। फिलहाल महिलाओं के चित्रण को लेकर चल रही बहस के बीच यश का बयान ‘टॉक्सिक’ की चर्चा को और हवा दे रहा है। अब असली तस्वीर फिल्म रिलीज होने के बाद ही साफ होगी कि पर्दे पर महिलाओं के किरदारों और उनकी ‘आवाज’ को किस तरह पेश किया गया है।