- Home
- Entertainment
- Bollywood
- 'एलओसी' से लेकर 'शेरशाह' तक, बॉलीवुड की इन 5 फिल्मों में दिखाई गई करगिल युद्ध की विजय गाथा
'एलओसी' से लेकर 'शेरशाह' तक, बॉलीवुड की इन 5 फिल्मों में दिखाई गई करगिल युद्ध की विजय गाथा
1999 में भारत और पाकिस्तान के बीच करगिल युद्ध (Kargil War) हुआ। इस युद्ध में पहली बार 32000 फीट की ऊंचाई पर वायुसेना ने किसी ऑपरेशन को अंजाम दिया था। इसे ऑपरेशन विजय (Operation Vijay) के नाम से भी जाना जाता है। 26 जुलाई 1999 को भारत ने इस युद्ध में विजय हासिल की थी। इस दिन को हर वर्ष करगिल विजय दिवस (Kargil Vijay Diwas) के रूप में मनाया जाता है। इस युद्ध से प्रेरणा लेकर बॉलीवुड में कई फिल्में बनीं। इन फिल्मों में 'एलओसी करगिल', 'लक्ष्य' और 'शेरशाह' मुख्य हैं। हालांकि, ऐसी सिर्फ तीन फिल्में ही नहीं हैं। इस खबर में हम आपको उन फिल्मों को बारे में बता रहे हैं जिनमें करगिल विजय की गाथा पेश की गई...

1. एलओसी: करगिल (LOC: Kargil)
'बॉर्डर' जैसी वॉर फिल्में बनाने वाले डायरेक्टर जेपी दत्ता की यह 'एलओसी करगिल' करगिल युद्ध पर पहली फिल्म बनी थी। यह 12 दिसंबर 2003 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म में अजय देवगन, संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, करीना कपूर, सैफ अली खान, सुनील शेट्टी, करण नाथ, अक्कीनेनी नागार्जुन, अक्षय खन्ना, रानी मुखर्जी, मनोज बाजपेयी, आशुतोष राणा, करीना कपूर, ईशा देओल, रवीना टंडन, प्रीति झंगियानी और महिमा चौधरी जैसे हिंदी सिनेमा के तमाम बेहतरीन कलाकारों की फौज थी। फिल्म में अभिषेक बच्चन ने कैप्टन विक्रम बत्रा का यादगार किरदार निभाया था। चार घंटे लंबी यह फिल्म हिंदी सिनेमा की लंबी फिल्मों में से एक थी। फिल्म को दर्शकों का मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला था।
2. लक्ष्य (Lakshya)
फरहान अख्तर के निर्देशन में बनी फिल्म 'लक्ष्य' करगिल युद्ध से प्रेरित जरूर थी लेकिन इसकी कहानी काल्पनिक थी। 2004 में रिलीज हुई यह फिल्म एक बिगड़े लड़के की कहानी थी जो बाद में सुधकर सेना में भर्ती हो जाता है। एक ऐसा लड़का जिसके जीवन में कोई लक्ष्य नहीं था वो करगिल फतह करने का लक्ष्य साधता है। फिल्म में ऋतिक रोशन, प्रीति जिंटा और अमिताभ बच्चन आदि ने मुख्य भूमिकाएं निभाई थीं।
3. धूप (Dhoop)
यह फिल्म करगिल युद्ध पर तो नहीं पर युद्ध के साइडइफेक्ट्स पर बेस्ड थी। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अश्विनी चौधरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में करगिल युद्ध के दौरान 17 जाट रेजीमेंट का हिस्सा रहे कैप्टन अनुज नय्यर के परिवार की कहानी है। युद्ध में अनुज नय्यर के शहीद होने के बाद भारत सरकार ने पुरस्कार स्वरूप उनके परिवार को एक पेट्रोल पंप दिया था। उस पेट्रोल पंप को चलाने के लिए अनुज के परिवार को क्या-क्या करना पड़ता है यह फिल्म उसी बारे में है। इसमें दिखाया गया था कि कैसे देश का भ्रष्ट सिस्टम शहीदों के सम्मान का मज़ाक उड़ाता है। फिल्म में ओमपुरी, रेवती, गुल पनाग, संजय सूरी और यशपाल शर्मा मुख्य भूमिकाओं में हैं।
4. गुंजन सक्सेना: द करगिल गर्ल (Gunjan Saxena: The Kargil Girl)
यह फिल्म शौर्य चक्र से सम्मानित देश की पहली महिला और फाइट पायलट गुंजन सक्सेना की बायोपिक है। बता दें कि गुंजन देश की पहली महिला पायलट हैं जो किसी युद्ध में भारतीय सेना के साथ मैदान पर उतरी थीं। फिल्म में उनका किरदार जान्हवी कपूर ने निभाया, वहीं उनके पिता के रोल में पंकज त्रिपाठी ने फिल्म को बड़ी मजबूती प्रदान की थी।
5. शेरशाह (Shershah)
करन जौहर की यह फिल्म करगिल युद्ध में अहम भूमिका निभाने वाले शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा (Capt Vikram Batra) की बायाेपिक है।कहानी में कैप्टन बत्रा के बचपन से लेकर उनके करगिल युद्ध में शहीद होने तक की कहानी दिखाई गई है। इस फिल्म में लीड रोल सिद्धार्थ मल्होत्रा ने प्ले किया था। सिद्धार्थ के अलावा इसमें कियारा आडवाणी, शिव पंडित आदि कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।
और पढ़ें...
कार्तिक आर्यन ने कसा करन जौहर पर तंज, बोले- कुछ रैपिड फायर शोज में काफी पॉपुलर हो गया हूं
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।