- Home
- Entertainment
- Bollywood
- श्रद्धा कपूर के पापा ही नहीं मां भी कर चुकी हैं फिल्मों में काम, इस वजह से भाग कर करनी पड़ी थी शादी
श्रद्धा कपूर के पापा ही नहीं मां भी कर चुकी हैं फिल्मों में काम, इस वजह से भाग कर करनी पड़ी थी शादी
मुंबई। शक्ति कपूर (Shakti Kapoor) की बेटी और बॉलीवुड एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर (Shraddha kapoor) 34 साल की हो गई हैं। 3 मार्च, 1987 को मुंबई में जन्मी श्रद्धा कपूर ने 11 साल पहले 2010 में आई फिल्म 'तीन पत्ती' से करियर शुरु किया था। श्रद्धा कपूर अपने 11 साल लंबे करियर में अब तक करीब 20 फिल्मों में काम कर चुकी हैं। श्रद्धा के बारे में तो लोग काफी कुछ जानते हैं लेकिन ये बात कम ही लोगों को पता होगी कि उनकी मां शिवांगी कपूर भी एक्ट्रेस रह चुकी हैं। शिवांगी अब भले ही एक्टिंग फील्ड से दूरी बना चुकी हैं, लेकिन वो 80 के दशक की फिल्मों में काम कर चुकी हैं।

शिवांगी ने अपने करियर की शुरुआत 1980 में आई फिल्म 'किस्मत' से की थी। इस फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती और रंजीता लीड रोल में थे। इस फिल्म में शक्ति कपूर ने भी काम किया था। दोनों की पहली मुलाकात इसी फिल्म के सेट पर हुई थी।
सेट पर हुई शिवांगी और शक्ति कपूर की दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और दोनों ने शादी करने का फैसला कर लिया। हालांकि, इनकी शादी के बीच में सबसे बड़ी रुकावट थे घरवाले। शिवांगी के माता-पिता इस शादी के लिए राजी नहीं थे। ऐसे में दोनों ने भागकर शादी करने का फैसला किया।
दोनों ने 1982 में भागकर शादी कर ली। जब शिवांगी ने शादी की उस वक्त उनकी उम्र महज 18 साल थी। शादी के बाद शिवांगी ने फिल्मों में काम करना बंद कर दिया और अपनी फैमिली लाइफ में व्यस्त हो गईं। अब दोनों अपने छोटे और सुखी परिवार के साथ खुशहाल जिंदगी बिता रहे हैं।
बता दें कि श्रद्धा कपूर की मम्मी शिवांगी का जन्म मुंबई में हुआ था। उनके पिता का नाम पंढरीनाथ कोल्हापुरे और माता का अनुपमा कोल्हापुरे हैं। शिवांगी ने अपनी पढ़ाई खत्म करने के बाद बॉलीवुड में बतौर प्लेबैक सिंगर करियर की शुरुआत की थी। उनकी दो बहनें पद्मिनी कोल्हापुरे और तेजस्विनी कोल्हापुरे हैं।
शिवांगी और शक्ति कपूर के दोनों बच्चे यानी बेटी श्रद्धा कपूर और बेटा सिद्धांत फिल्मों में नाम कमा रहे हैं। श्रद्धा कपूर जहां बॉलीवुड की जानी-मानी एक्ट्रेस हैं तो वहीं उनके बड़े भाई सिद्धांत कपूर एक्टर होने के साथ ही असिस्टेंट डायरेक्टर भी हैं।
बता दें कि शक्ति कपूर के बेटे सिद्धांत बहन श्रद्धा कपूर के साथ बड़े पर्दे पर नजर आ चुके हैं। दोनों भाई-बहन फिल्म 'हसीना पारकर' में साथ काम कर चुके हैं। फिल्म में श्रद्धा ने दाऊद की बहन हसीना का रोल निभाया था तो वहीं सिद्धांत दाउद के रोल में नजर आए थे।
श्रद्धा कपूर के करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 20 फिल्मों में काम किया है। इनमें तीन पत्ती, लव का दि एंड, आशिकी 2, गोरी तेरे प्यार में, एक विलेन, हैदर, उंगली, एबीसीडी 2, बागी, ए फ्लाइंग जट, रॉकऑन 2, ओके जानू, हाफ गर्लफ्रेंड, हसीना पारकर, स्त्री, बत्ती गुल मीटर चालू, साहो, छिछोरे, स्ट्रीट डांसर और बागी 3 हैं।
वर्कफ्रंट की बात करें तो श्रद्धा कपूर जल्द ही डायरेक्टर विशाल फुरिया की फिल्म नागिन और अमर कौशिक के डायरेक्शन में बनने वाली 'स्त्री 2' में नजर आएंगी। इस फिल्म का पहला पार्ट ब्लॉकबस्टर साबित हुआ था और मूवी ने अच्छी कमाई की थी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।