- Home
- Entertianment
- Other Entertainment News
- कभी 6 लोगों के साथ सुशांत को शेयर करना पड़ता था कमरा, फिर ऐसी चमकी किस्मत की चांद पर खरीदा प्लॉट
कभी 6 लोगों के साथ सुशांत को शेयर करना पड़ता था कमरा, फिर ऐसी चमकी किस्मत की चांद पर खरीदा प्लॉट
मुंबई। पीके और धोनी जैसी फिल्मों के एक्टर सुशांत सिंह राजपूत अब इस दुनिया में नहीं हैं। सुशांत ने 14 जून को मुंबई स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगा ली। 34 साल के सुशांत ने खुदकुशी क्यों की, इसको लेकर अभी तक स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। बता दें कि जनवरी, 1986 में बिहार में पैदा हुए सुशांत ने बॉलीवुड तक पहुंचने के लिए काफी संघर्ष किया। उनकी पहली कमाई महज 250 रुपए थी। हालांकि स्टार बनने के बाद सुशांत ने न सिर्फ चांद पर एक प्लॉट खरीदा, बल्कि उसे देखने के लिए दूरबीन भी ले आए थे।
| Published : Jun 14 2020, 06:13 PM IST / Updated: Jun 15 2020, 01:01 PM IST
- FB
- TW
- Linkdin
एक इंटरव्यू में सुशांत ने कहा था कि एक दौर ऐसा भी था, जब उन्हें 6 लोगों के साथ रूम शेयर करना पड़ता था। इस दौरान उन्हें एक प्ले के बदले 250 रुपए मिलते थे। इतना ही नहीं, सुशांत कभी-कभार फिल्मों में हीरो-हीरोइन के पीछे बतौर बैकग्राउंड डांसर काम कर लिया करते थे।
कई साल तक संघर्ष करने के बाद सुशांत को 2008 में टीवी पर पहला ब्रेक 'किस देश में है मेरा दिल' से मिला। हालांकि, सुशांत को पहचान टीवी शो 'पवित्र रिश्ता' से मिली। इस सीरियल में काम करने के बाद लोग उन्हें घर-घर में जानने लगे और इसी की बदौलत 2013 में पहली फिल्म 'काई पो छे' मिली।
कभी 2 BHK अपार्टमेंट में रहे सुशांत ने 2015 में पाली हिल में एक पेंटहाउस खरीद लिया था। इसकी कीमत उस वक्त 20 करोड़ रुपए थी। सुशांत के घर में एक बड़ा सा टेलिस्कोप है, जिसे वे 'टाइम मशीन' कहते थे। उनके मुताबिक, इससे वे अलग-अलग ग्रहों और गैलेक्सीज को घर बैठे देखा करते थे।
आमिर खान की 'पीके' में सुशांत के काम को काफी सराहा गया। इसके बाद उन्होंने 'एमएस धोनी' और 'केदारनाथ' जैसी हिट फिल्मों में काम किया। सुशांत एक फिल्म के करीब 5 से 7 करोड़ रुपए तक चार्ज करते थे।
सुशांत के कार कलेक्शन में मसेराटी क्वाट्रोपोर्टो (कीमत 1.5 करोड़) जैसी लग्जरी कार है। इसके अलावा उनके पास बीएमडब्ल्यू K1300R बाइक भी थी। 170 बीएचपी पावर जनरेट करने वाली इस बाइक की कीमत 25 लाख रुपए है।
सुशांत ने 2018 में चांद पर जमीन खरीदी थी। उनका ये प्लॉट ‘सी ऑफ मसकोवी’ में है। अपने प्लॉट पर नजर रखने के लिए सुशांत ने एक टेलिस्कोप भी खरीदा था। सुशांत ने ये जमीन इंटरनेशनल लूनर लैंड्स रजिस्ट्री से खरीदी है।
सुशांत ने 25 जून, 2018 को ये प्रॉपर्टी अपने नाम करवाई थी। हालांकि, इसमें भी कई अंतरराष्ट्रीय संधि हैं, जिनके मुताबिक इसे कानूनी तौर पर मालिकाना हक नहीं माना जा सकता, क्योंकि पृथ्वी से बाहर की दुनिया पूरी मानव जाति की धरोहर है और इस पर किसी एक देश का कब्जा नहीं हो सकता। सुशांत ऐसे पहले एक्टर थे, जिन्होंने चांद पर जमीन खरीदी थी।
स्कूल डेज में सुशांत। दूसरी ओर एक्स गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे के साथ।