- Home
- Entertainment
- Other Entertainment News
- जब सलमान ने कहा मैं तुम्हारे साथ काम नहीं करूंगा, इस पर सरोज बोलीं, रोटी तुम नहीं अल्लाह देता है
जब सलमान ने कहा मैं तुम्हारे साथ काम नहीं करूंगा, इस पर सरोज बोलीं, रोटी तुम नहीं अल्लाह देता है
मुंबई। माधुरी दीक्षित से लेकर ऐश्वर्या राय तक कई एक्ट्रेसेस को नचाने वालीं मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान का गुरुवार रात कार्डियक अरेस्ट से निधन हो गया। वो 71 साल की थीं और पिछले कुछ समय से बीमार चल रही थीं। शुक्रवार सुबह 7 बजे सरोज खान को सुपुर्दे-ए-खाक किया गया। सरोज खान को उनके बेबाक अंदाज के लिए जाना जाता था। यही वजह थी कि वो कई बार विवादों में भी रहीं। एक बार तो उन्होंने सलमान खान को भी सख्त अंदाज में जवाब दे दिया था।

दरअसल, सरोज खान जब 1994 में रिलीज हुई फिल्म 'अंदाज अपना अपना' के गाने 'ये चांद और ये दूरी' कोरियोग्राफ कर रही थीं, तब सलमान खान उनसे नाराज हो गए थे। सलमान को शूटिंग के दौरान ऐसा लगा कि सरोज खान आमिर को उनसे ज्यादा अच्छे स्टेप्स दे रही हैं।
सलमान इसी बात पर भड़क गए और उन्होंने सरोज खान को खरी-खोटी सुनाते हुए कहा कि जब मैं सुपरस्टार बन जाऊंगा तो तुम्हारे साथ कभी काम नहीं करूंगा। सरोज खान ने कुछ साल पहले एक इंटरव्यू के दौरान यह किस्सा शेयर किया था।
सरोज खान ने कहा था, मैं तो गाने की सिचुएशन के हिसाब से सलमान को स्टेप्स सिखा रही थी। डायरेक्टर ने मुझे किरदारों के बारे में जैसा बताया था, मैंने वैसे ही स्टेप्स सभी के लिए तैयार किए थे।
सरोज खान के मुताबिक, जब सलमान ने मुझसे कहा कि वो मेरे साथ कभी काम नहीं करेगा तो मैंने उससे कह दिया था कि रोटी अल्लाह देता है। अगर मुझमें हुनर होगा तो तुम नहीं कोई और मेरे साथ काम कर लेगा।
करियर की शुरुआत में शाहरुख खान जब कई शिफ्टों में काम करके थक गए थे तो एक दिन उन्होंने सरोज से कहा- इतना काम है कि थक जाता हूं। तब सरोज खान ने उन्हें थप्पड़ लगाते हुए कहा था कि ये कभी मत कहना कि ज्यादा काम है। इस फील्ड में काम कभी ज्यादा नहीं होता।
कोरियोग्राफर गणेश आचार्य ने कुछ महीनों पहले सरोज खान पर उनके खिलाफ साजिश के आरोप लगाए थे। सरोज खान ने यह बात तब कही थी, जब एक महिला ने गणेश पर काम के बदले जबरन एडल्ट वीडियो दिखाने का आरोप लगाया था। महिला की शिकायत के बाद गणेश आचार्य ने सरोज खान पर उनके खिलाफ साजिश रचने के आरोप लगाए थे।
2000 से भी ज्यादा गानों को कोरियोग्राफ कर चुकीं सरोज खान का जन्म 22 नवंबर, 1948 को हुआ था। किशनचंद सद्धू सिंह और नोनी सद्धू सिंह के घर जन्मी सरोज का असली नाम निर्मला नागपाल है।
बंटवारे के बाद सरोज का परिवार पाकिस्तान से भारत आ गया था। महज 3 साल की उम्र में बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट सरोज ने करियर की शुरुआत फिल्म 'नजराना' से की थी। सरोज खान ने 13 साल की उम्र में इस्लाम कबूल कर 43 साल के डांस मास्टर बी सोहनलाल से शादी की थी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।