- Home
- Fact Check News
- क्या ये हिमालय कंपनी का मालिक है, जिसने पतंजलि के बहिष्कार की बात कही? वीडियो में बोला जा रहा झूठ
क्या ये हिमालय कंपनी का मालिक है, जिसने पतंजलि के बहिष्कार की बात कही? वीडियो में बोला जा रहा झूठ
नई दिल्ली. सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियो वायरल होते हैं, जो झूठ फैलाते हैं। कई बार संस्थाओं या फिर व्यक्ति को बदनाम करने के लिए ऐसी साजिश की जाती है। ये बात इसलिए कही जा रही है क्योंकि आजकल ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति भीड़ को संबोधित करते हुए कह रहा है कि रिलायंस और पतंजलि का बहिष्कार करें। संबोधित करने वाले व्यक्ति को हिमालय कंपनी का मालिक बताया जा रहा है। वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जानें इस वायरल वीडियो का सच क्या है...?
| Published : Jul 19 2021, 05:39 PM IST / Updated: Jul 19 2021, 06:09 PM IST
- FB
- TW
- Linkdin
वीडियो में क्या है?
वीडियो के साथ लिखा है, ये Himalaya कम्पनी का मालिक है। वक्त है इसके भाषण को सुनिए विचार कीजिए और सतर्क हो जाइए। आयुर्वेदिक मेडिसिन से ब्यूटी प्रोडक्ट्स बनाता है liv52 syrup se lekar himaliya neem 🌿tulsi aur hand sensitiser tak सभी ग्रूप में डालिए और खरीदना बंद कीजिए।
वायरल वीडियो का सच?
एशियानेट न्यूज हिंदी ने जब वायरल वीडियो की पड़ताल की तो पता चला कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति वकील भानु प्रताप सिंह है। वीडियो पिछले साल जनवरी में दिल्ली के मुस्तफाबाद में सीएए विरोधी प्रदर्शन के दौरान का है।
वीडियो की पड़ताल कैसे की गई?
वीडियो के कई फ्रेम में सीएए और एनआरसी के विरोध में बैनर दिख रहे हैं। वीडियो में एक लोगो भी लगा है, जो टाइम्स एक्सप्रेस: वॉयस ऑफ डेमोक्रेसी का है। जगह के नाम पर दिल्ली का उल्लेख किया गया है। इस वीडियो को देखने के बाद टाइम्स एक्सप्रेस के यूट्यूब चैनल की पड़ताल की गई। वहां पूरा वीडियो मिला।
टाइम्स एक्सप्रेस ने 25 जनवरी 2020 को 12.11 मिनट का वीडियो अपलोड किया था। वीडियो के साथ कैप्शन लिखा था, वकील भानु प्रताप सिंह दिल्ली के मुस्तफाबाद में सीएए पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए। इसी वीडियो में वायरल वीडियो का अंश 3 मिनट 23 सेकंड से शुरू होता है।
इसी कीवर्ड से गूगल पर सर्च करने पर वीडियो क्लिप से जुड़े कई लिंक मिले। इन लिंक के मुताबिक, दिल्ली के मुस्तफाबाद में सीएए विरोध प्रदर्शन के दौरान वकील भानु प्रताप सिंह ने अपने भाषण में बाबा रामदेव के खिलाफ आर्थिक जिहाद का आह्वान किया।
क्या ये हिमालय कंपनी का मालिक है?
नहीं। हिमालय की वेबसाइट पर सर्च करने पर पता चला कि इसके फाउंडर और मालिक मोहम्मद मनाल है, जिनकी मृत्यु 1986 में हो गई थी।
निष्कर्ष
वायरल वीडियो की पड़ताल करने पर पता चला कि वीडियो में दी गई स्पीच तो सही है लेकिन वीडियो के साथ लिखा गया कैप्शन गलत है। ये हिमालय कंपनी का मालिक नहीं है बल्कि भानु प्रताप सिंह नाम का वकील है।