आम नहीं ये है कश्मीर की स्पेशल पूरी, ये खास मसाले बनाते हैं इसे सुपर टेस्टी
फूड डेस्क : भारत एक ऐसा देश है जहां हमें हर जगह खाने की अलग वैराइटी मिलती है। भारतीय खाने की एक खास बात यह भी कि आपको यहां एक सामग्री से बनें कई तरह के व्यंजन मिल जाते हैं। लगभग हर घर में पूरी बनाई जाती है, लेकिन आज हम जिस पूरी की रेसिपी आपको बताने जा रहे हैं, वो कश्मीर की स्पेशल पूरी (Kashmiri Puri) है। उत्तर भारत में स्थित कश्मीर जितना खूबसूरत है, उतना ही स्वादिष्ट यहां का खाना भी है। अधिकतर लोग सोचते हैं, कि यहां पर सिर्फ नॉनवेज ही अच्छा बनाया जाता है। लेकिन यहां की स्पेशल पूरी का स्वाद अगर आपने एक बार चख लिया, तो आप सालों इसका स्वाद नहीं भूल पाएंगे। आज हम आपको बताते हैं, इस पूरी को बनाने की रेसिपी..

कश्मीरी पूरी बनाने के लिए आप 1 कप गेहूं का आटा, 1-1 टेबलस्पून मैदा और मिल्क पाउडर, 2 कप दही, 1 टेबलस्पून सौंफ (भुना व दरदरा पिसा हुआ), 1/4 कप गरम दूध, 1-1 टीस्पून ड्राई यीस्ट और खसखस, 2 टीस्पून शक्कर, थोड़े-से केसर के लच्छे, नमक स्वादानुसार और तलने के लिए घी लें।

सबसे पहले आप थोड़े से गर्म दूध में यीस्ट और एक चम्मच चीनी डालकर घोल लें और कवर करके आधे घंटे के लिए छोड़ दें।
एक बाउल में गेहूं का आटा, मैदा और नमक, शक्कर, सौंफ पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स कर लें।
अब धीरे-धीरे यीस्ट का घोल मिक्स करें और आटे को नरम होने तक पंद्रह से बीस मिनट तक अच्छे से गूंथ लें।
इसके बाद एक गीले कपड़े के साथ कवर करके इस आटे को और चार से छह घंटे के लिए अलग रखें (आप इसे रात भर भी रख सकते हैं)।
दिए गए समयानुसार रखने के बाद एक बार फिर इसे अच्छे से गूंथ लें।
दूसरी तरफ एक बाउल में केसर, दही और खसखस मिलाकर 15 मिनट तक ढंककर रखें।
अब आटे से लोई बनाकर इसे केसर और दही से मिश्रण में डुबोकर बेल लें।
कढ़ाही में घी गर्म करें और एक या दो पूरियों को गोल्डन ब्राउन होने तक तलें। तैयार है कश्मीरी स्टाइल पूरी।
इसको आप दही या फिर गाजर-मूली के अचार के साथ गरमा-गरम सर्व करें।
Food News: Read latest food recipes, healthy food habits for kids and adults in Hindi, Experts tips on healthy food recipes, Cooking articles, Food stories in Hindi online at Asianet News Hindi.