- Home
- States
- Uttar Pradesh
- गोली मारने से पहले दुर्गेश की उसी के घर में की गई थी पिटाई, पीट रही महिला बोली - बोल मेरे पैसे देगा कि नहीं
गोली मारने से पहले दुर्गेश की उसी के घर में की गई थी पिटाई, पीट रही महिला बोली - बोल मेरे पैसे देगा कि नहीं
लखनऊ(Uttar Pradesh). लखनऊ पीजीआई के वृंदावन कालोनी सेक्टर-14 में दुर्गेश यादव की हत्या करने वाले हमलावरों ने गोली मारने के पहले उसी के घर जाकर उसे जमकर पीटा था। हमलावरों ने पहले उसके साथियों को गन प्वाइंट पर लेकर एक कमरे में बंद किया फिर उसके बाद दुर्गेश को जमकर पीटा था। करीब 20 मिनट तक हमलावर कभी उसका गला घोंटते तो कभी लात व घूंसे से मारते थे। कोई उसके दोनों हाथों को बेल्ट से बांधता, ताकि वह भाग न सके। वह अपने साथियों से बचाने की गुहार लगा रहा था, लेकिन हमलावरों ने गन प्वाइंट पर उसके साथियों को एक कमरे में बंद कर दिया था। उनके मोबाइल भी छीन लिए थे।
| Published : Sep 03 2020, 03:24 PM IST
- FB
- TW
- Linkdin
हमलावर जब घर में दाखिल हुए उस वक्त दुर्गेश बाथरूम में था। इसके बाद जैसे ही वह बाहर निकला तो मनीष यादव और पलक ठाकुर ने अपने साथियों संग उस पर हमला बोल दिया। उसकी कमरे में जमकर पिटाई की। इस दौरान दुर्गेश सिर्फ बनियान व अंडरवियर में था। उसके कपड़े भी फट गए।
इसके बाद हमलावरों ने दुर्गेश के दोस्तों को कमरे में बंद कर दिया। उनका मोबाइल छीन लिया। पिटाई के दौरान बनाई गई वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। इसी बीच दुर्गेश मौका देखकर नीचे की तरफ भागा, लेकिन गेट के बाहर पहुंचने पर मनीष ने उसे गोली मार दी।
दुर्गेश यादव की हत्या करने वाले बदमाश बेखौफ थे। वह उसी के घर में घुसकर हंगामा करते रहे। विरोध करने पर सभी दोस्तों को कमरे में बंद कर दिया। दुर्गेश को पहले जमकर पीटा, उसके कपड़े फाड़ डाले। इसके बाद उसे बैठाकर रूपये वापस मांगते रहे।
यह सब करीब 20 मिनट तक चला। हमलावरों को भी पता था कि दुर्गेश के मकान के आसपास ज्यादा रिहायशी इलाका नहीं है। उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाया। इस दौरान पलक ठाकुर उसे गालियां देती रही और रुपये वापस करने की मांग करती रही। पलक ठाकुर ने कहा कि प्यार से तुझे घर में बैठाया, अपने हाथों से खाना खिलाया। इसका यही अंजाम दिया है। लेकिन पिटाई के दौरान भी दुर्गेश ने एक बार भी रुपये वापस करने के लिए न तो हामी भरी और न ही रकम लेने की बात स्वीकार की।
पिटाई से आहत दुर्गेश हमलावरों से चीख-चीखकर कह रहा था तुम लोग मुझे गोली मार दो। इस दौरान हमलावर कह रहे थे दुर्गेश को गाड़ी में डालो। यही नहीं दुर्गेश ने कई बार मानवेंद्र को बुलाने को कहा तो नाराज होकर पलक ठाकुर और मनीष यादव ने सभी को गाड़ी में डालकर साथ ले चलने को कहने लगे।