- Home
- States
- Uttar Pradesh
- स्कूटी से जा रही छात्रा से छेड़खानी कर रहे थे मनचले, इसी दौरान हुआ ये हादसा और चली गई जान
स्कूटी से जा रही छात्रा से छेड़खानी कर रहे थे मनचले, इसी दौरान हुआ ये हादसा और चली गई जान
बुलन्दशहर(Uttar Pradesh). उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में छेड़छाड़ से बचने की कोशिश में एक छात्रा सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना गढ़ हाइवे स्थित चरौरा मुस्तफाबाद गांव के पास सोमवार सुबह 11 बजे हुई। घटना उस समय घटी जब अमेरिका में बिजनेस मैनेजमेंट की पढ़ाई कर रही छात्रा सुदीक्षा भाटी अपने चाचा के साथ स्कूटी से जा रही थी। वह लॉकडाउन के दौरान अमेरिका से लौटी थी। परिवार का आरोप है कि बाइक सवार कुछ लोग उससे छेड़खानी कर रहे थे। उसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में सुदीक्षा की मौत हो गई जब कि उसके चाचा भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि बिजनेस मैनेजमेंट की छात्रा सुदीक्षा अपने चाचा निगम भाटी के साथ बाइक पर मामा के घर माधवगढ़ जा रही थी। वे बुलंदशहर-गढ़ हाइवे स्थित चरौरा मुस्तफाबाद गांव के मोड़ के पास पहुंचे। यहां उनकी बाइक की बुलेट सवार से टक्कर हो गई।
हादसे में 17 साल की सुदीक्षा की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके चाचा निगम गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं स्कूटी में टक्कर मारने वाले बुलेट सवार फरार हो गए। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और उसने निगम को अस्पताल में भर्ती कराया। छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया गया है।
परिजनों का कहना है कि बुलेट सवार युवक बार-बार स्कूटी को ओवरटेक कर रहा था। बुलेट सवार मनचलों ने स्कूटी के सामने आकर अचानक ब्रेक मारा। इससे सुदीक्षा के चाचा निगम ने स्कूटी पर कंट्रोल खो दिया। निगम और सुदीक्षा दोनों नीचे गिरे। जिसमें सुदीक्षा की मौत हो गई। जबकि उसके चाचा अस्पताल में हैं।
सुदीक्षा को भारत सरकार से स्कॉलरशिप मिली थी। वह अमेरिका के बॉब्सन कॉलेज में बिजनेस मैनेजमेंट का कोर्स कर रही थी। उसे एचसीएल की तरफ से पिछले साल 3.80 करोड़ रुपए की स्कॉलरशिप मिली थी। सुदीक्षा जून में भारत लौटी थी और उसे 20 अगस्त को अमेरिका लौटना था।
मामले में बसपा सुप्रीमो मायावती ने ट्वीट कर घटना पर दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा है, ''बुलन्दशहर में अपने चाचा के साथ बाईक पर जा रही होनहार छात्रा सुदीक्षा भाटी को मनचलों की वजह से अपनी जान गंवानी पड़ी, जो अति-दुःखद, अति-शर्मनाक व अति-निन्दनीय। बेटियाँ आखिर कैसे आगे बढ़ेंगी? यूपी सरकार तुरन्त दोषियों के विरूद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करे, बीएसपी की यह पुरजोर माँग है।"
उत्तर प्रदेश में हो रही राजनीतिक हलचल, प्रशासनिक फैसले, धार्मिक स्थल अपडेट्स, अपराध और रोजगार समाचार सबसे पहले पाएं। वाराणसी, लखनऊ, नोएडा से लेकर गांव-कस्बों की हर रिपोर्ट के लिए UP News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद और तेज़ अपडेट्स सिर्फ Asianet News Hindi पर।