Top 5 Doorless Villages in India: क्या आप बिना दरवाजे और ताले वाले गांव के बारे में जानते हैं? जानिए भारत के ऐसे 5 अनोखे गांवों की कहानी जहां लोग घर खुला छोड़ बेफिक्र रहते हैं!
Doorless Villages in India: अगर आप घर से बाहर निकलते समय दो-तीन बार दरवाजा चेक करते हैं कि ताला लगा या नहीं, तो यह खबर आपको हैरान कर सकती है। भारत में एक-दो नहीं 5 गांव ऐसे भी हैं, जहां लोगों के घरों में दरवाजे ही नहीं हैं। सिर्फ घर ही नहीं, कई दुकानों और दूसरी बिल्डिंग्स में भी ताले नहीं लगाए जाते हैं। सबसे दिलचस्प बात यह है कि यहां रहने वाले लोग खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस करते हैं। आखिर ऐसा कैसे संभव है? क्या यहां कभी चोरी नहीं होती? लोग बिना दरवाजे रहते कैसे हैं? आइए जानते हैं इन अनोखे गांवों की कहानी और इसके पीछे की दिलचस्प वजह...
महाराष्ट्र का यह गांव पूरी दुनिया में फेमस
सबसे अनोखा गांव महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में स्थित शनि शिंगणापुर है। यह जगह भगवान शनि के प्रसिद्ध मंदिर के कारण दुनियाभर में जानी जाती है। हर साल लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन करने पहुंचते हैं। लेकिन मंदिर के अलावा एक और चीज है, जो हर आने वाले का ध्यान खींचती है। यहां ज्यादातर घरों में लकड़ी या लोहे के दरवाजे नहीं लगे होते।
आखिर लोग दरवाजे क्यों नहीं लगाते?
गांव के लोगों के बीच एक पुरानी मान्यता चली आ रही है। कहा जाता है कि कई सौ साल पहले यहां एक काला पत्थर मिला था, जिसे भगवान शनि का स्वरूप माना गया। इसके बाद गांव में मंदिर बना और लोगों का विश्वास हुआ कि भगवान शनि खुद पूरे गांव की रक्षा करते हैं। तभी से यहां लोगों ने अपने घरों में दरवाजे और ताले लगाना छोड़ दिया। गांव वालों का मानना है कि अगर कोई चोरी करने की कोशिश करेगा, तो उसे भगवान शनि का दंड जरूर मिलेगा।
घरों में फिर प्राइवेसी कैसे रहती है?
ज्यादातर घरों में प्राइवेसी बनाए रखने के लिए पर्दे या हल्के पार्टिशन लगाए जाते हैं। यानी बाहर से आने-जाने पर कोई रोक नहीं होती, लेकिन परिवार की निजता का ध्यान रखा जाता है। गांव के लोग दावा करते हैं कि यहां चोरी की घटनाएं बेहद कम होती हैं। उनका मानना है कि भगवान शनि की कृपा और गांव के लोगों के आपसी भरोसे की वजह से कोई गलत काम करने की हिम्मत नहीं करता है। इसी भरोसे ने इस गांव को पूरे देश में अलग पहचान दिलाई है।
इसे भी पढ़ें- AI के दौर में भी अंधेरे में जी रहे हैं दुनिया के ये 7 गांव
शनि शिंगणापुर ही नहीं, इन गांवों के घरों में भी दरवाजे नहीं
देवमाली (राजस्थान)
राजस्थान का देवमाली गांव अपनी प्राचीन संस्कृति और अनोखी मान्यताओं के लिए जाना जाता है। इस गांव के लोग आज भी पारंपरिक मिट्टी और घास-फूस के घरों में रहते हैं और किसी भी घर में ताला नहीं लगाया जाता है। पूरा गांव स्थानीय देवता भगवान देवनारायण को समर्पित है। यहां पक्के कंक्रीट के मकान बनाना या ताला लगाना देवता का अपमान माना जाता है। आस्था इतनी गहरी है कि यहाँ सालों से चोरी की एक भी घटना दर्ज नहीं हुई है।
सियालिया (ओडिशा)
ओडिशा के गंजाम जिले का सियालिया गांव भी इस अनोखी परंपरा का पालन करता है। यहां के घरों में दरवाजे के चौखट तो मिल जाएंगे, लेकिन किवाड़ या दरवाजे गायब रहते हैं। यहां तक कि सरकारी इमारतों में भी यही नियम चलता है। ग्रामीणों का मानना है कि उनकी ग्राम देवी 'माँ खरखाई' पूरे गांव की ढाल बनकर रक्षा करती हैं। इसलिए किसी को भी चोरी या डकैती का डर सताता ही नहीं है।
खोनोमा (नागालैंड)
नागालैंड का खोनोमा गांव सिर्फ अपनी हरियाली और ईको-टूरिज्म के लिए ही नहीं, बल्कि लोगों की ईमानदारी के लिए भी मशहूर है। यहां सड़क किनारे कई ऐसी दुकानें मिल जाएंगी जहां कोई दुकानदार बैठा ही नहीं होता। सामान के साथ उसके रेट लिखे होते हैं और एक गल्ला या डब्बा रखा होता है। ग्राहक खुद सामान लेते हैं और ईमानदारी से पैसे डब्बे में डाल देते हैं। यहां के लोग अपनी स्थानीय सांस्कृतिक परंपरा 'केन्यू' का पालन करते हैं, जिसका मतलब है कि जब कोई आपको न देख रहा हो, तब भी हमेशा सही और ईमानदार काम करना।
मावल्यान्नॉंग (मेघालय)
एशिया के सबसे स्वच्छ गांव के रूप में मशहूर मेघालय का मावल्यान्नॉंग भी अपनी ईमानदारी की मिसाल पेश करता है। यहां के लोग अपने घरों को अक्सर बिना ताला लगाए खुला छोड़ देते हैं और बेफिक्र होकर काम पर चले जाते हैं। मजबूत सामुदायिक भाईचारा और एक-दूसरे के प्रति आपसी सम्मान की वजह से यहां अपराध या चोरी का नामो-निशान नहीं है।
इसे भी पढ़ें-यहां घरों में घूमते हैं जहरीले नाग
