Can You Eat Green Potatoes: हरा पड़ गए आलू को खाना सेफ है या नहीं? क्या हरे आलू को फेंक देना चाहिए? जानिए हरा आलू कब खा सकते हैं, कब नहीं और इसे खाने से क्या नुकसान हो सकता है।

Hara Aalu Khana Chahie Ya Nahin: घर में रखे आलू का रंग कई बार हरा पड़ जाता है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल होता है कि क्या इस आलू को खाना चाहिए या फेंक देना बेहतर है? कुछ लोग सिर्फ हरा हिस्सा काटकर आलू बना लेते हैं, तो कुछ लोग पूरा आलू फेंक देते हैं। आइए जानते हैं सही तरीका क्या है।

आलू हरा क्यों हो जाता है?

आलू के हरे होने की सबसे बड़ी वजह रोशनी है। जब आलू ज्यादा समय तक रोशनी के संपर्क में रहता है तो उसमें क्लोरोफिल बनने लगता है और उसकी त्वचा हरी दिखाई देने लगती है। ध्यान रखें कि हरा रंग खुद जहरीला नहीं होता, लेकिन ऐसे आलू में ग्लाइकोएल्कलॉइड्स नाम के प्राकृतिक पदार्थ बढ़ सकते हैं। इनमें सोलनिन और चाकोनिन शामिल हैं। इनकी ज्यादा मात्रा से सेहत को परेशानी हो सकती है।

क्या हरा आलू खा सकते हैं?

अगर आलू पर सिर्फ थोड़ा-सा हरा हिस्सा है और बाकी आलू बिल्कुल सामान्य है, तो हरे हिस्से को अच्छी तरह छीलकर और काटकर अलग किया जा सकता है। इसके बाद बाकी आलू इस्तेमाल किया जा सकता है। लेकिन अगर आलू का बड़ा हिस्सा हरा हो गया है, तो उसे खाना ठीक नहीं माना जाता। ऐसे आलू को फेंक देना ही बेहतर है।

ये भी पढ़ें- Black Mold on Onions: प्याज पर काला फंगस दिखे तो क्या करें? जानिए कब खा सकते हैं और कब तुरंत फेंक देना चाहिए

कब तुरंत फेंक देना चाहिए?

अगर आलू बहुत ज्यादा हरा है, अंदर तक हरा दिखाई दे रहा है या उसका स्वाद कड़वा है, तो उसे इस्तेमाल न करें। इसी तरह बहुत ज्यादा अंकुर निकले हों, आलू सिकुड़ गया हो या सड़ने लगा हो, तो उसे भी फेंक देना चाहिए।

क्या पकाने से हरे आलू का खतरा खत्म हो जाता है?

सिर्फ उबालने या पकाने से हरे आलू में मौजूद ग्लाइकोएल्कलॉइड्स पूरी तरह खत्म हो जाएंगे, ऐसा मानना सही नहीं है। इसलिए सिर्फ अच्छी तरह पकाकर ज्यादा हरे आलू को सुरक्षित समझना ठीक नहीं है।

ये भी पढ़ें- Coffee Facts: हाथी के Waste से लेकर Panama की Geisha तक, इतनी महंगी हैं दुनिया की ये 10 Coffee

आलू को हरा होने से कैसे बचाएं?

आलू को ठंडी, सूखी और अंधेरी जगह पर रखें। उसे सीधी धूप या तेज रोशनी से बचाएं। खरीदते समय भी ऐसे आलू चुनें जिनमें ज्यादा हरा रंग, सड़न या अंकुर न निकले हों। याद रखें आलू का थोड़ा-सा हरा हिस्सा हो तो उसे अच्छी तरह हटाया जा सकता है, लेकिन ज्यादा हरा, कड़वा या खराब आलू हो तो उसे खाने का जोखिम न लें और फेंक दें।