सड़क पर बनी सफेद-पीली लाइनों और ट्रैफिक साइन का सही मतलब जानिए। ये संकेत सुरक्षित ड्राइविंग, सही दिशा, ओवरटेक नियम और सड़क हादसों से बचाव में मदद करते हैं।

Lane Markings: जब भी आप बाइक, कार या बस से सड़क पर चलते हैं, तो आपने सड़क के बीच या किनारे सफेद (White) और पीली (Yellow) लाइनें जरूर देखी होंगी। ज्यादातर लोग इन्हें सिर्फ सड़क का हिस्सा समझकर इग्नोर कर देते हैं। लेकिन असल में ये लाइनें ट्रैफिक नियमों की भाषा होती हैं। इनका मकसद सिर्फ सड़क को सुंदर दिखाना नहीं, बल्कि एक्सीडेंट को रोकना, ट्रैफिक को सही रखना और ड्राइवरों को सही डायरेक्शन देना होता है। अगर हर ड्राइवर इन लाइनों का मतलब समझकर चले, तो रोड एक्सीडेंट से बचा जा सकता है। आइए जानते हैं सड़क पर बनी सफेद और पीली लाइनें क्या बताती हैं।

सड़क पर लाइनें क्यों बनाई जाती हैं?

सड़क पर बनी लाइनों को रोड मार्किंग (Road Markings) कहा जाता है। क्या है इन लाइनों का काम...

  • लेन तय करना
  • ओवरटेक के नियम बताना
  • सड़क की दिशा समझाना
  • मोड़ और खतरनाक जगहों की जानकारी देना
  • ट्रैफिक को सुरक्षित और सुचारु बनाना

मतलब ये लाइनें बिना कुछ बोले ड्राइवर को रास्ता दिखाती हैं।

सफेद लाइन का क्या मतलब होता है?

सफेद लाइन आमतौर पर एक ही डायरेक्शन-दिशा में चलने वाली लेनों को अलग करने के लिए बनाई जाती है।

1) टूटी हुई सफेद लाइन (Broken White Line)

अगर सड़क पर सफेद लाइन बीच-बीच में टूटी हुई है, तो इसका मतलब है जरूरत पड़ने पर लेन बदली जा सकती है, लेकिन पूरी सतर्कता के साथ। जैसे - अगर आगे चल रही गाड़ी स्लो है और रास्ता क्लियर है, तो नियमों का पालन करते हुए लेन बदल सकते हैं।

2) लगातार सफेद लाइन (Solid White Line)

अगर सफेद लाइन बिना टूटे लगातार बनी है, तो इसका मतलब है कि लेन बदलने से बचें। ऐसी लाइनें अक्सर पुल, चौराहे, मोड़ या बिजी सड़कों पर बनाई जाती हैं।

पीली लाइन का क्या मतलब होता है?

पीली लाइन आमतौर पर विपरीत दिशा (Opposite Direction) से आने वाले ट्रैफिक को अलग करने के लिए बनाई जाती है।

1) एक लगातार पीली लाइन (Single Solid Yellow Line)

इसका मतलब है ओवरटेक करना सेफ नहीं माना जाता। ऐसे स्थानों पर सामने से आने वाली गाड़ी का खतरा हो सकता है।

2) दो लगातार पीली लाइनें (Double Solid Yellow Line)

अगर सड़क के बीच में 2 लगातार पीली लाइनें बनी हैं, तो इसका मतलब है किसी भी दिशा से ओवरटेक या लेन पार करना मना है। यह नियम विशेष रूप से एक्सीडेंट को रोकने के लिए बनाया जाता है।

3) टूटी हुई पीली लाइन (Broken Yellow Line)

कुछ जगहों पर टूटी हुई पीली लाइन का मतलब होता है स्पेशल कंडीशन में सावधानी से ओवरटेक किया जा सकता है, लेकिन हमेशा स्थानीय ट्रैफिक नियमों और संकेतों का पालन करना चाहिए।

सड़क के किनारे बनी सफेद लाइन क्यों होती है?

सड़क के किनारे बनी सफेद लाइन को Edge Line कहा जाता है। यह बताती है सड़क कहां तक है। रात, बारिश या धुंध के समय यह लाइन ड्राइवर को सड़क की सीमा पहचानने में मदद करती है।

जेब्रा क्रॉसिंग की सफेद पट्टियां क्यों होती हैं?

सड़क पर बनी चौड़ी सफेद पट्टियों को जेब्रा क्रॉसिंग कहा जाता है। यह पैदल यात्रियों के सुरक्षित सड़क पार करने की जगह होती है। जैसे- अगर ट्रैफिक सिग्नल पर कोई इंसान जेब्रा क्रॉसिंग से सड़क पार कर रहा है, तो गाड़ी ड्राइवर को उसे पहले जाने देना चाहिए।

इन लाइनों का पालन क्यों जरूरी है?

अगर ड्राइवर सड़क की लाइनों को नजरअंदाज करता है, तो-

  • आमने-सामने की टक्कर हो सकती है।
  • गलत ओवरटेक से एक्सीडेंट हो सकती है।
  • ट्रैफिक जाम बढ़ सकता है।
  • कानूनी कार्रवाई या चालान भी हो सकता है।

यही वजह है ड्राइविंग टेस्ट में भी रोड मार्किंग की जानकारी पूछी जाती है।

सड़क पर लगे संकेतों (Road Traffic Signs) का मतलब

सड़क और हाईवे पर लगे साइन (Road Traffic Signs) ड्राइवरों को सेफ ड्राइविंग, डायरेक्शन, खतरे और ट्रैफिक नियमों की जानकारी देने के लिए लगाए जाते हैं। भारत में ये साइन मुख्य रूप से भारतीय सड़क कांग्रेस (IRC) और सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के मानकों के अनुसार बनाए जाते हैं।

1) चेतावनी वाले साइन (Warning Signs)

ये आमतौर पर लाल बॉर्डर वाले त्रिकोण के आकार के होते हैं। इनका मतलब है आगे कोई खतरा या बदलाव है।

साइनमतलब
तीखा मोड़आगे तेज मोड़ है, गति कम करें
स्पीड ब्रेकरआगे स्पीड ब्रेकर है
स्कूल आगेबच्चों के आने-जाने का क्षेत्र
फिसलन वाली सड़कबारिश में सड़क फिसल सकती है
खड़ी चढ़ाईआगे चढ़ाई है
खड़ी ढलानआगे उतार है
संकरी सड़कसड़क आगे संकरी हो जाएगी
रेलवे क्रॉसिंगआगे रेलवे फाटक है
रेलवे क्रॉसिंगलोग सड़क पार कर सकते हैं
जानवरों का क्षेत्रपशु सड़क पर आ सकते हैं

2) प्रतिबंध वाले साइन (Mandatory/Regulatory Signs)

ये अधिकतर लाल गोल (Circle) या नीले गोल साइन होते हैं। इनका पालन करना कानूनी रूप से जरूरी होता है।

साइनमतलब
No Entryप्रवेश वर्जित
Speed Limit 40/60/80इससे अधिक गति नहीं
No Parkingयहां वाहन खड़ा करना मना है
No Stoppingयहां रुकना भी मना है
No U-Turnयू-टर्न नहीं ले सकते
No Overtakingओवरटेक करना मना है
Horn Prohibitedहॉर्न बजाना मना है
One Wayसड़क एक तरफ जाती है
Keep Leftहमेशा बाईं ओर चलें
Turn Left Onlyकेवल बाएं मुड़ें

3) सूचना देने वाले साइन (Informatory Signs)

ये आमतौर पर नीले या हरे रंग के होते हैं।

साइनमतलब
Hospitalअस्पताल पास में है
Petrol Pumpआगे पेट्रोल पंप है
Parkingपार्किंग उपलब्ध है
Bus Stopबस स्टॉप है
Restaurantभोजन की सुविधा
Hotelठहरने की सुविधा
Toiletशौचालय उपलब्ध
Rest Areaआराम करने की जगह
Airportहवाई अड्डे की दिशा
Railway Stationरेलवे स्टेशन की दिशा

4) हाईवे पर दिखने वाले खास साइन

साइनमतलब
Toll Plaza Aheadआगे टोल प्लाजा है
Expressway Beginsएक्सप्रेसवे शुरू हो रहा है
Exitयहां से हाईवे छोड़ सकते हैं
Diversionआगे रास्ता बदला गया है
Emergency Phoneआपातकालीन फोन उपलब्ध
Accident Prone Areaदुर्घटना संभावित क्षेत्र
Fog Areaकोहरा अधिक पड़ता है
Lane Endsएक लेन समाप्त होने वाली है
Merge Trafficदूसरी सड़क का ट्रैफिक आपकी लेन में मिलेगा
Roundabout Aheadआगे गोल चक्कर है

5) सड़क पर बनी लाइनों का मतलब

लाइनमतलब
टूटी सफेद लाइनसुरक्षित होने पर लेन बदल सकते हैं
सीधी सफेद लाइनलेन न बदलें
डबल पीली लाइनओवरटेक बिल्कुल नहीं
ज़ेब्रा क्रॉसिंगपैदल यात्रियों को पहले रास्ता दें
स्टॉप लाइनसिग्नल पर यहीं रुकें

10 ऐसे साइन जिनका मतलब बहुत कम लोग जानते हैं

साइनमतलब
Chevron Board (काले-सफेद तीर)लगातार तेज मोड़
Falling Rocksपहाड़ से पत्थर गिर सकते हैं
Cross Windतेज हवा चलने वाला इलाका
Escape Laneब्रेक फेल होने पर ट्रकों के लिए सुरक्षित लेन
Cattle Crossingमवेशी सड़क पार कर सकते हैं
Men at Workआगे सड़क निर्माण कार्य चल रहा है
Loose Gravelसड़क पर छोटे पत्थर हैं
Low Flying Aircraftहवाई अड्डे के पास का क्षेत्र
Height Restrictionइससे ऊंचे वाहन नहीं जा सकते
Axle Load Limitतय वजन से अधिक वाहन प्रतिबंधित हैं

याद रखने की आसान ट्रिक

🔺 त्रिकोण (Triangle): खतरे से सावधान

⭕ गोल (Circle): नियम या प्रतिबंध

🔵 नीला (Blue): सुविधा या जानकारी

🟩 हरा (Green): हाईवे और दिशा

⬜ सफेद बोर्ड: स्थानीय सूचना या दिशा