हरियाणा के फतेहाबाद में दो जिगरी दोस्तों की रहस्यमयी मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेना का जवान कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था। दोनों एक साथ घर से निकले थे।

फतेहाबाद, हरियाणा. हरियाणा के फतेहाबाद में दो जिगरी दोस्तों की रहस्यमयी मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सेना का जवान कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर घर आया था। दोनों एक साथ घर से निकले थे। इनके शव रेलवे ट्रैक पर पड़े मिले। दोनों 20-22 की उम्र के थे। दोनों की लाशें एक-दूसरे के करीब पड़ी थीं। उन्होंने एक-दूसरे के हाथ पकड़े हुए थे। यही नहीं, दोनों ने एक-दूसरे की शर्ट भी एक्सचेंज करके पहनी हुई थीं। ऐसा क्यों? पुलिस के लिए अभी यह पहेली बना हुआ है। पुलिस इसे दुर्घटना और हत्या दोनों मानकर जांच कर रही है। हालांकि, परिजनों ने हत्या का आशंका जताई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जिगरी दोस्त थे दोनों...
दोनों के शव टोहाना के अमानी, रत्ता खेड़ा रेलवे क्रॉसिंग पर फतेहपुरी साइड में ट्रैक पर मिले थे। लोगों ने जब शव पड़े देखे, तो पुलिस को सूचित किया। इसके बाद जीआरपी मौके पर पहुंची। मृतकों की पहचान 20 वर्षीय निर्मल सिंह और 22 वर्षीय हरप्रीत सिंह के रूप में हुई। निर्मल होमगार्ड का जवान था, जबकि हरप्रीत सेना का जवान। हरप्रीत इन दिनों लेह लद्दाख में कार्यरत था। वो 15 फरवरी को छुट्टी लेकर घर आया हुआ था।

परिजनों के मुताबिक, दोनों गुरुवार शाम करीब 6 बजे घर से निकले थे। शुक्रवार सुबह दोनों के शव मिले की खबर पता चली। जिस जगह दोनों की लाशें मिलीं, वहां बाइक के टायर के निशान मिले हैं। चूंकि यह जगह ऊबड़-खाबड़ है, लिहाजा वहां बाइक जाना संदेह पैदा करता है। इसलिए परिजन इसे दुर्घटना के बजाय हत्या मान रहे हैं। घटनास्थल से करीब 50 मीटर दूर हरप्रीत की कैप पड़ी हुई थी। परिजनों का कहना है कि किसी ने दोनों की हत्या करके लाशें ट्रैक पर फेंकी हैं।