झारखंड के रांची में महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर कांग्रेस का राजभवन धरना प्रदर्शन 5 अगस्त को किया गया। जिसमें कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत कई नेताओं को पुलिस से नोकझोंक के बाद अरेस्ट किया गया। बता दे कि पूरे देश में कांग्रेस पार्टी ने विरोध प्रदर्शन किया है... 

रांची (झारखंड). झारखंड राज्य सहित पूरे देशभर में कांग्रेस महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ हल्ला बोल रही है। इसी क्रम में कांग्रेस ने देशभर में आज प्रदर्शन किया। कांग्रेस के वरीय अधिकारी सहित कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी क्रम में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के बैनर तले राजभवन मार्च निकाला गया। प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजभवन गेट तक पहुंचकर केंद्र सरकार विरोधी नारे लगाये। इस दौरान पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की नोकझोंक भी हो गयी। कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ते हुए राजभवन के गेट के पास पहुंचकर प्रदर्शन किया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

सुरक्षा व्यवस्था तोड़ते हुए राजभवन गेट तक पहुचे कांग्रेसी
महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर समेत कई कांग्रेसी सुरक्षा व्यवस्था तोड़ते हुए राजभवन गेट के पास पहुंच गये और गेट के सामने ही धरने पर बैठ कर प्रदर्शन करने लगे। पुलिस ने धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं को जबरदस्ती वहां से उठाया और प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और विधायक दीपिका पांडे सिंह को हिरासत में ले लिया। 

मंत्री बन्ना गुप्ता ने साधा मोदी सरकार पर निशाना
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई के साथ ही नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी द्वारा राहुल गांधी से पूछताछ करने के विरोध में नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, जयमंगल सिंह सहित कई विधायकों को मौके पर ही हिरासत में लिया गया। हिरासत में लेने के बाद जब पुलिस उन्हें ले जा रही थी तो मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि मोदी सरकार जनमुद्दों को गौण कर विपक्ष को डराने में लगी है। भाजपा ने पहले युवाओं को बेरोजगार किया और अब महंगाई से निम्न और मध्यमवर्गीय परिवार की थाली से निवाला छीन रही है। उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के बाद यह एक काला अध्याय है, जिसकी शुरुआत केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार ने की है। 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- गरीबों की थाली से निवाला छीन रही केंद्र सरकार
हिरासत में लिए जाने के बाद प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार लगातार मंहगाई बढ़ाती जा रही है। खाद्य वस्तुओं पर 5 प्रतिशत जीएसटी लगाना अलोकतांत्रिक सोच है। बीजेपी सरकार ने पहले लोगों को बेरोजगार करने का काम किया और अब निम्नवर्गीय और मध्यम वर्गीय परिवार के थाली से निवाला छीनने का काम कर रही है। केन्द्र सरकार द्वारा आम जनता के हितों की अनदेखी का पुरजोर विरोध कांग्रेस करती रहेगी। वहीं विधायक दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि मोदी सरकार आज देश में लोकतंत्र की हत्या कर रही है। बीजेपी की नीतियों के कारण आम जनता का जीना बेहाल हो गया है। कार्यक्रम में मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व विधायक बंधु तिर्की, विधायक अंबा प्रसाद, ज्योति सिंह मथारू समेत अन्य नेता-कार्यकर्ता शामिल हुए। 

रांची के मोरहाबादी कैंप जेल में रखे गए नेता
महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसी नेताओं को हिरासत में लेने के बाद मोरबादी कैम्प जेल में रखा गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, कृषि मंत्री बादल, विधायक दीपिका पांडेय, अनुप सिंह, प्रदीप यादव, भूषण बाड़ा, शिल्पी नेहा तिर्की, रामचंद्र सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव भगत, पूर्व विधायक सह कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की को गिरफ्तार कर कैंप जेल में रखा गया है। 

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. अजय ने जमशेदपुर में दी गिरफ्तारी
एक तरफ जहां राज्य के सभी बड़े कांग्रेसी नेता रांची में प्रदर्शन कर रहे थे, वहीं कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और आईपीएस रह चुके डॉ. अजय कुमार ने जमशेदपुर के साकची थाने के सामने प्रदर्शन किया। थाने में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और केंद्र के खिलाफ हल्ला बोला। डॉ. अजय कुमार ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर थाने में अपनी गिरफ्तारी भी दी।

यह भी पढ़े- रांची के 83 वर्षीय अब्दुल चाचा ने अब तक बनाए 30 लाख तिरंगा, कहा-देश के प्रति जुनून ने बूढ़ा नहीं होने दिया