Garden Heat Wave Protection:हीट वेव के दौरान बालकनी गार्डन के पौधों को सुरक्षित रखने के लिए कौन-कौन से उपाय अपनाने चाहिए? भीषण गर्मी में पौधों को पानी देने का सही समय क्या है और क्यों? कौन से पौधे तेज गर्मी और हीट वेव की परिस्थितियों में आसानी से जीवित रह सकते हैं?

तेज गर्मी में बालकनी गार्डन को संभालना बहुत ही मुश्किल भरा टास्क होता है। तेज धूप, गर्म दीवारें और तपते हुए गमले पौधों पर बुरा असर डालते हैं। दिल्ली, नोएडा, जयपुर, लखनऊ और मुंबई जैसे शहरों में बढ़ती हीट वेव के कारण पौधे कुछ ही दिनों में मुरझाने लगते हैं। पत्तियां सूखने लगती हैं। हालांकि सही देखभाल और कुछ आसान उपाय अपनाकर आप अपने बालकनी गार्डन को सुरक्षित रख सकते हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

पौधों के लिए पहले से करें छाया का इंतजाम

अक्सर लोग तब तक इंतजार करते हैं जब तक पौधों की पत्तियां झुलसने न लगें, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका होता है। बालकनी में ग्रीन शेड नेट, बांस के पर्दे या सूती चादर लगाकर तेज धूप को कम किया जा सकता है। खासकर पश्चिम दिशा वाली बालकनी में दोपहर की धूप सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचाती है।

सही समय पर और गहराई से करें सिंचाई

हीट वेव के दौरान सबसे अच्छा समय सुबह 8 बजे से पहले पानी देना माना जाता है। हल्का-हल्का पानी देने की बजाय मिट्टी को अच्छी तरह भिगोएं ताकि जड़ें गहराई तक नमी प्राप्त कर सकें। मिट्टी में दो इंच उंगली डालकर जांचें, यदि मिट्टी सूखी लगे तो पानी दें।

गमलों में मल्चिंग जरूर करें

मल्चिंग मिट्टी की नमी बनाए रखने का सबसे आसान तरीका है। इसके लिए सूखे पत्ते, नारियल की भूसी, भूसा या कोकोपीट का उपयोग किया जा सकता है। इससे मिट्टी जल्दी नहीं सूखती और जड़ों का तापमान भी नियंत्रित रहता है।

पौधों को उनकी जरूरत के अनुसार स्थान बदलें

हर बालकनी में कुछ हिस्से ज्यादा गर्म और कुछ अपेक्षाकृत ठंडे होते हैं। नाजुक पौधों को दीवार के पास, टेबल के नीचे या ऐसी जगह रखें जहां सीधी धूप कम पहुंचे। तुलसी, पुदीना, पालक और छोटे पौधों को विशेष सुरक्षा की जरूरत होती है।

जड़ों को गर्मी से बचाएं

गर्मी केवल पत्तियों को ही नहीं बल्कि जड़ों को भी प्रभावित करती है। काले प्लास्टिक के गमले जल्दी गर्म हो जाते हैं। इसके बजाय टेराकोटा या हल्के रंग के गमलों का उपयोग करें। गमलों को जूट या बोरी से ढंकने से भी जड़ों को अतिरिक्त सुरक्षा मिलती है।

भीषण गर्मी में खाद देना बंद करें

हीट वेव के दौरान पौधे पहले से ही तनाव में होते हैं। ऐसे समय में खाद देने से जड़ों पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। यदि पत्तियां पीली पड़ रही हों या मुड़ रही हों तो तुरंत खाद देने के बजाय छाया, पानी और मिट्टी की नमी पर ध्यान दें।

मानसून में आएगी गुलाबी बहार, गार्डन में लगाएं ये खूबसूरत पिंक लीफ प्लांट्स

गर्मी सहने वाले पौधों का करें चुनाव

कुछ पौधे प्राकृतिक रूप से गर्म मौसम को बेहतर तरीके से झेल सकते हैं। बोगनवेलिया, एलोवेरा, स्नेक प्लांट, जेड प्लांट, रोजमेरी और गुड़हल जैसे पौधे तेज धूप में भी अच्छी तरह बढ़ते हैं। वहीं लेट्यूस और कुछ नाजुक फूलदार पौधों को गर्मियों में अतिरिक्त देखभाल की आवश्यकता होती है।

इसे भी पढे़ं: गुलाब के फूलों का चटक रंग रहेगा बरकरार, कीट हटाने के लिए चुनें 4 पेस्टीसाइड्स