Monsoon Plant Care: मानसून में ज्यादा बारिश से पौधों की मिट्टी में सड़न और पत्तों पर काई जमने लगती है। जानें पानी निकासी, मिट्टी ढीली करने, खराब पत्ते हटाने और सही देखभाल के आसान गार्डनिंग हैक्स, जो पौधों को स्वस्थ रखने में मदद करेंगे।

Monsoon Plant Care: मानसून में लगातार बारिश पौधों के लिए राहत के साथ परेशानी भी ला सकती है। ज्यादा नमी से मिट्टी में पानी जमा होने, जड़ों के सड़ने और पत्तों पर काई जमने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में कुछ आसान गार्डनिंग हैक्स अपनाकर पौधों को स्वस्थ और हरा-भरा रखा जा सकता है।

गमले में पानी जमा न होने दें

बारिश के मौसम में सबसे पहले गमलों की ड्रेनेज चैक करें। नीचे बने छेद बंद होने पर एक्स्ट्रा पानी बाहर नहीं निकल पाता और मिट्टी लगातार गीली रहती है। इससे जड़ों में सड़न शुरू हो सकती है। गमले को ऐसी जगह रखें जहां बारिश का पानी सीधे जमा न हो और एक्स्ट्रा पानी आसानी से निकल सके।

मिट्टी की ऊपरी परत को ढीला करें

लगातार बारिश से मिट्टी की ऊपरी सतह सख्त और चिपचिपी हो सकती है। जब मिट्टी थोड़ी सूख जाए, तब छोटी खुरपी की मदद से ऊपर की परत को हल्के हाथ से ढीला करें। इससे मिट्टी में हवा का संचार बेहतर होगा और जड़ों तक ऑक्सीजन पहुंचने में मदद मिलेगी।

पत्तों पर जमी काई साफ करें

नमी और कम धूप के कारण पत्तों पर हरी काई या फफूंद जैसी परत दिखाई देती है। प्रभावित पत्तों को साफ पानी से धीरे-धीरे साफ करें और बहुत ज्यादा खराब पत्तों को पौधे से हटा दें। पत्तियों को लंबे समय तक गीला रखने के बजाय सुबह की हवा और रोशनी मिलने दें।

इसे भी पढ़ें- Onion Peel Fertilizer: प्याज के छिलके से कैसे बनाएं खाद? इन पौधों के लिए है वरदान

सड़े और पीले पत्ते तुरंत हटाएं

बारिश में सड़े, पीले या गिरे हुए पत्तों को गमले की मिट्टी में पड़े न रहने दें। ये लगातार नमी में सड़कर फंगस और कीटों की समस्या बढ़ा सकते हैं। साफ कैंची से खराब हिस्से काटकर हटा दें और गमले की सतह पर जमा ऑर्गेनिक कचरा भी साफ रखें।

खाद और पानी देने में रखें सावधानी

मानसून में मिट्टी पहले से नम रहती है, इसलिए बिना जांचे बार-बार पानी देने से बचें। उंगली से मिट्टी की ऊपरी परत की नमी चैक करें और जरूरत होने पर ही पानी दें। इसी तरह बहुत ज्यादा खाद डालने के बजाय पौधे की स्थिति देखकर सीमित मात्रा में खाद दें। बारिश के बीच पर्याप्त रोशनी और हवा मिलना भी जरूरी है।

इसे भी पढ़ें- Snail Control Tips: पौधों को चट कर रहे हैं घोंघे? बारिश में अपनाएं ये 5 आसान तरीके