Best Plant Propagation Methods: क्या आप भी हर पौधे को बीज से उगाने की गलती करते हैं? जानिए 7 ऐसे पौधों के बारे में जिन्हें बीज से उगाना बेहद मुश्किल होता है। ये तरीका अपनाकर आप कम मेहनत में तेजी से हरा-भरा गार्डन तैयार कर सकते हैं।
Plants That Cannot Grow from Seeds: गार्डनिंग का शौक रखने वाले कई लोग हर पौधे को बीज से उगाने की कोशिश करते हैं, लेकिन सभी पौधों के लिए यह तरीका सफल नहीं होता। कुछ पौधों के बीज या तो आसानी से उपलब्ध नहीं होते, उनकी अंकुरण क्षमता कम होती है या फिर उनसे पौधा तैयार होने में बहुत अधिक समय लगता है। ऐसे पौधों के लिए कटिंग, बल्ब, कंद (ट्यूबर) या नर्सरी से तैयार पौधा लगाना ज्यादा आसान और सफल तरीका माना जाता है। अगर आप भी अपने गार्डन को खूबसूरत फूलों और हरे-भरे पौधों से सजाना चाहते हैं, तो इन 7 पौधों को सही तरीके से लगाएं।
गुलाब - कटिंग से जल्दी बनता है नया पौधा
गुलाब के बीज से पौधा तैयार करना काफी कठिन और समय लेने वाला होता है। वहीं इसकी स्वस्थ टहनी की कटिंग लगाने से कुछ ही हफ्तों में नई जड़ें निकलने लगती हैं। बरसात और हल्की ठंड का मौसम कटिंग लगाने के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है।

मोगरा - कटिंग है सबसे आसान ऑप्शन
खुशबूदार फूलों के लिए मशहूर मोगरा को बीज से उगाना आसान नहीं होता। इसकी लकड़ी वाली टहनी की कटिंग लगाने से पौधा जल्दी तैयार हो जाता है और सही देखभाल मिलने पर कुछ महीनों में फूल भी आने लगते हैं। इसलिए ज्यादातर माली इसी विधि को अपनाते हैं।
ट्यूलिप - बल्ब से ही होती है अच्छी ग्रोथ
ट्यूलिप का पौधा आमतौर पर बल्ब से लगाया जाता है। बीज से उगाने पर इसे फूल देने में कई साल लग सकते हैं। स्वस्थ और बड़े बल्ब लगाने से पौधा तेजी से बढ़ता है और मौसम आने पर खूबसूरत फूल खिलते हैं।

ये भी पढ़ें- Wood Ash Benefits: कूड़ा समझकर फेंक देते हैं लोग, लेकिन पौधों के लिए है सबसे दमदार खाद
डहेलिया - कंद (ट्यूबर) से मिलता है बेहतर रिजल्ट
डहेलिया के बड़े और रंग-बिरंगे फूल पाने के लिए कंद लगाना सबसे अच्छा तरीका है। बीज से उगाए गए पौधों में फूलों का आकार और रंग अलग हो सकता है, जबकि कंद से लगाए गए पौधे मूल पौधे जैसे ही फूल देते हैं और जल्दी तैयार हो जाते हैं।
स्नेक प्लांट - पत्ती या जड़ों के अलग करके लगाएं
स्नेक प्लांट के बीज बाजार में कम मिलते हैं और उनसे पौधा तैयार करना भी आसान नहीं होता। इसकी पत्ती की कटिंग या जड़ों के विभाजन (डिविजन) से नए पौधे तैयार करना सबसे सफल तरीका माना जाता है। यह पौधा कम देखभाल में भी अच्छी तरह बढ़ता है।

मनी प्लांट - पानी या मिट्टी में कटिंग से उगाएं
मनी प्लांट को बीज से लगाने की बजाय उसकी बेल की कटिंग से उगाया जाता है। एक स्वस्थ नोड वाली कटिंग को पानी या मिट्टी में लगाने पर कुछ ही दिनों में जड़ें निकलने लगती हैं। यही वजह है कि इसे घरों में सबसे आसान प्रोपेगेट होने वाले पौधों में गिना जाता है।
ये भी पढ़ें- गार्डन में ये 5 पौधे लगाते ही चिड़िया-तोते खुद खिंचे चले आएंगे, घर बनेगा नेचर का ठिकाना
रजनीगंधा - बल्ब से खिलते हैं सुंदर फूल
रजनीगंधा के पौधे भी बल्ब से लगाए जाते हैं। अच्छे आकार के स्वस्थ बल्ब लगाने पर पौधे तेजी से विकसित होते हैं और मौसम आने पर लंबी डंठल पर खूबसूरत, सुगंधित फूल खिलते हैं। बीज की तुलना में बल्ब से पौधा लगाना कहीं अधिक आसान और भरोसेमंद तरीका है।
