World Breastfeeding Week: 1 अगस्त से 7 अगस्त तक मनाई जाने वाली वर्ल्ड ब्रेस्टफीडिंग वीक के दौरान स्तनपान से जुड़े मिथक और तथ्य जानें। सही जानकारी से मां और बच्चे दोनों का स्वास्थ्य बेहतर बनाएं।
हेल्थ डेस्क: 1 अगस्त से 7 अगस्त तक वर्ल्ड ब्रेस्टफीडिंग वीक मनाया जाता है। इस दिवस को दुनियाभर में मनाने का उद्देश्य लोगों में ब्रेस्टफीडिंग के प्रति जागरुकता फैलाना है। आज भी लोगों के बीच ब्रेस्टफीडिंग को लेकर कई मिथक फैले हुए हैं। गलत जानकारी के कारण कई बार बच्चे मां के दूध से वंचित रह जाते हैं। अगर आपको भी ब्रेस्टफीडिंग को लेकर गलत जानकारी है तो सही तथ्य जरूर जानें। जानिए लोगों के बीच ब्रेस्टफीडिंग को लेकर फैले कुछ मिथक के बारे में।
मिथक: एक्सरसाइज करने से मां के दूध का स्वाद बदल जाता है।
फैक्ट: ब्रेस्टफीडिंग को लेकर ये बड़ा मिथक है। एक्सरसाइज स्तनपान करने वाली महिलाओं के लिए लाभकारी होती है। अगर महिला रोजाना एक्सरसाइज करने के बाद बच्चे को दूध पिलाती है, तो इससे दूध के स्वाद में कोई भी फर्क नहीं पड़ता है।
मिथक: शिशु के जन्म के 1 घंटे के अंदर अगर स्तनपान न कराया जाए, तो बच्चा दूध नहीं पीता।
फैक्ट: यह बहुत बड़ा मिथक है। अगर जन्म के 1 घंटे के अंदर बच्चा स्तनपान नहीं करता है तो मां को पूर्ण रूप से स्वस्थ होने के बाद भी यह प्रक्रिया कराई जा सकती है। अगर बच्चा दूध नहीं पी पा रहा है, तो नर्स या डॉक्टर की मदद ली जा सकती है। बार-बार त्वचा के संपर्क में आने पर बच्चा स्तनपान शुरू कर देता है।
मिथक: स्तनपान कराने वाली महिलाओं को कभी भी दवा का सेवन नहीं करना चाहिए।
फैक्ट: यह बहुत बड़ा मिथक है कि स्तनपान कराने वाली महिलाएं दवा नहीं खा सकती हैं। बीमार होने पर या जरूरत पड़ने पर दवा का सेवन किया जा सकता है। लेकिन डॉक्टर से इस बारे में सलाह जरूर लेनी चाहिए। कुछ दवाई ऐसी होती हैं, जिन्हें खाने के बाद स्तनपान नहीं कराना चाहिए। आप इस बारे में डॉक्टर से पूछने के बाद ही दवा का सेवन करें।
मिथक: जिन महिलाओं के पर्याप्त दूध नहीं बनता, उन्हें फॉर्मुला मिल्क पिलाना चाहिए।
फैक्ट: अगर महिला के दूध नहीं बन रहा है, तो डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। डॉक्टर कुछ दवाई देते हैं, जिसके बाद पर्याप्त मात्रा में दूध बनने लगता है। अगर महिला के दूध नहीं बन रहा है, तो बच्चे को स्तनपान छुड़ाना बिल्कुल भी सही नहीं है।
और पढ़ें: World Breastfeeding Week: बोतल से ब्रेस्ट मिल्क पिलाना कितना खतरनाक?
