Utensil Stand Cleaning: चिपचिपा और जंग लगा बर्तन स्टैंड साफ करना है? महंगे क्लीनर नहीं, घर में मौजूद बेकिंग सोडा, सिरका, नींबू और नमक से करें सफाई। जानें आसान घरेलू उपाय, जिनसे स्टैंड की गंदगी और जंग हटाकर इसे चमकदार बनाया जा सकता है।

बर्तन स्टैंड पर जमा तेल, चिकनाई, पानी के दाग और जंग उसे गंदा व चिपचिपा बना देते हैं। बार-बार साबुन से साफ करने के बावजूद अगर स्टैंड की चमक वापस नहीं आ रही है, तो कुछ आसान घरेलू उपाय काम आ सकते हैं। बिना महंगे क्लीनर के इन तरीकों से साफ करें।

सबसे पहले साफ करें जमी चिकनाई

बर्तन स्टैंड पर चिपकी चिकनाई हटाने के लिए सबसे पहले गुनगुने पानी में थोड़ा सा डिशवॉश लिक्विड मिलाएं। इसमें एक कपड़ा या स्पंज भिगोकर स्टैंड को अच्छी तरह रगड़ें। कोनों और जाली वाले हिस्सों पर पुराने टूथब्रश की मदद से साफ करें। इससे जमी हुई गंदगी लूज होने लगेगी और आगे की सफाई आसान हो जाएगी।

बेकिंग सोडा से साफ करें जिद्दी दाग

जंग और चिकनाई के पुराने दागों पर बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करें। बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार करें और इसे चिपचिपे और जंग लगे हिस्सों पर लगाएं। करीब 10-15 मिनट बाद मुलायम ब्रश या स्पंज से रगड़कर साफ करें। इसके बाद साफ पानी से स्टैंड धोकर तुरंत सुखा दें।

व्हाइट विनेगर से जंग की सफाई करें

हल्की जंग के लिए सफेद सिरका यूज किया जा सकता है। एक कपड़े को सिरके में भिगोकर जंग वाले हिस्से पर कुछ मिनट रखें। फिर पुराने टूथब्रश से धीरे-धीरे रगड़ें। जंग कम होने के बाद स्टैंड को पानी से अच्छी तरह साफ करें। लंबे समय तक सिरका लगाकर न छोड़ें।

इसे भी पढ़ें- 20 मिनट में होगी पूरे घर की सफाई, अचानक आने वाले हैं मेहमान तो ये इंस्टेंट होम क्लीनिंग टिप्स आएगी काम

नींबू और नमक से चमकाएं स्टैंड

नींबू का रस और नमक मिलाकर तैयार किया गया घोल दाग वाले हिस्सों पर लगाया जा सकता है। इसे कुछ मिनट लगाने के बाद स्पंज से हल्के हाथों से रगड़ें। यह तरीका खासतौर पर पानी के दाग और हल्की जंग वाली जगह पर यूज करें। सफाई के बाद स्टैंड को अच्छी तरह धो लें।

सफाई के बाद नमी बिल्कुल न रहने दें

बर्तन स्टैंड में जंग दोबारा लगने की एक बड़ी कारण नमी है। इसलिए सफाई के बाद इसे सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछें और पूरी तरह सूखने दें। स्टैंड को समय-समय पर साफ करते रहें और पानी जमा न होने दें। इससे चिकनाई, बदबू और जंग की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।

इसे भी पढ़ें- झट से साफ होगा बिखरा हुआ घर ! बस अपनाएं ये 5 Cleaning Tips