Navratri Ashtami Decoration: नवरात्रि अष्टमी पर मां दुर्गा के मंदिर को सजाने के लिए अपनाएं ये 5 आसान तरीके। लाल चुनरी, फूलों, दीयों और रंगोली से घर के मंदिर को दें खूबसूरत लुक।
शारदीय नवरात्रि की दुर्गा अष्टमी इस साल 18 और 19 अक्टूबर को मनाई जाएगी। नवरात्रि की अष्टमी का दिन मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के लिए बेहद खास माना जाता है। इस दिन कई घरों में कन्या पूजन, हवन और विशेष भोग लगाने की परंपरा निभाई जाती है। ऐसे में अगर आप भी अष्टमी पर अपने घर के मंदिर को खास और आकर्षक लुक देना चाहती हैं, तो फूलों, चुनरी, दीयों और रंगोली की मदद ले सकती हैं। जानिए कैसे अष्टमी के दिन घर को सुंदर दिखा सकते हैं।
लाल चुनरी से सजाएं मंदिर
मां दुर्गा की पूजा में लाल रंग का विशेष महत्व माना जाता है। ऐसे में अष्टमी पर मंदिर के पीछे लाल चुनरी या लाल कपड़ा लगाकर सजावट कर सकती हैं। चाहें तो चुनरी के किनारों पर सुनहरे लेस या गोटा-पट्टी का इस्तेमाल करें। इससे मंदिर को पारंपरिक और आकर्षक लुक मिलेगा।
गेंदे और गुलाब के फूलों से करें सजावट
मंदिर को सजाने के लिए गेंदे और गुलाब के ताजे फूलों का इस्तेमाल कर सकती हैं। गेंदे की माला मंदिर के दरवाजे पर लगाएं और गुलाब की पंखुड़ियों से पूजा की चौकी सजाएं। फूलों से बनी छोटी माला मां दुर्गा की प्रतिमा के आसपास भी लगा सकती हैं। इससे पूजा स्थल सुंदर और सुगंधित लगेगा।
दीयों और लाइट्स से बढ़ाएं रौनक
अष्टमी पर मंदिर को रोशनी से सजाने के लिए छोटी एलईडी फेयरी लाइट्स का इस्तेमाल करें। पूजा की चौकी के आसपास सुरक्षित दूरी पर दीये रख सकती हैं। रोशनी के लिए गर्म पीली लाइट चुनने से मंदिर में शांत और उत्सव जैसा माहौल बनेगा। ध्यान रखें कि दीये कपड़े, फूलों और पर्दों से दूर रखें।
और पढ़ें: रोटी नरम बनती है पर फूलती नहीं? आटा गूंथने से सेंकने तक जानें ये जरूरी टिप्स
रंगोली से सजाएं मंदिर का प्रवेश द्वार
पूजा घर के बाहर छोटी-सी रंगोली बनाकर सजावट को खास बना सकती हैं। इसके लिए लाल, पीले, सफेद और गुलाबी रंगों का इस्तेमाल करें। कमल का फूल, स्वास्तिक या पारंपरिक गोल डिजाइन बना सकती हैं। अगर समय कम है, तो फूलों की पंखुड़ियों से भी सुंदर रंगोली तैयार की जा सकती है।
पूजा की चौकी को दें खास लुक
मां दुर्गा की प्रतिमा या तस्वीर रखने वाली चौकी पर साफ लाल या पीला कपड़ा बिछाएं। इसके चारों ओर फूलों की पंखुड़ियां सजाएं और पूजा सामग्री को व्यवस्थित तरीके से रखें। कलश, धूपदान और आरती की थाली के लिए अलग जगह बनाएं, ताकि पूजा करते समय परेशानी न हो। सजावट के दौरान मंदिर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखना भी जरूरी है।
और पढ़ें: Navratri 2026 Hairstyles: दीपिका से लेकर आलिया तक, गरबा नाइट के लिए 7 बॉलीवुड हेयरस्टाइल
