Kailash Mansarovar Yatra 2025 Dates: पांच साल बाद कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर शुरू! जून से अगस्त तक 250 यात्री जाएँगे। लिपुलेख और नाथू ला दर्रे से यात्रा, पूरी जानकारी यहाँ।

Kailash Yatra 2025: पांच साल के लंबे इंतजार के बाद भारतीय यात्रियों के लिए साल 2025 में कैलाश मानसरोवर की यात्रा शुरू होने जा रही है। कैलाश मानसरोवर हिंदू धर्म से जुड़ा एक महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है, जिसकी यात्रा गलवान में चीन के साथ विवाद और कोरोना महामारी के कारण स्थगित करनी पड़ी थी। हालांकि पांच साल बाद यह यात्रा जून महीने से शुरू होने जा रही है। यात्रा को लेकर खास उत्साह देखा जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक इस साल कैलाश मानसरोवर यात्रा में 250 तीर्थयात्री शामिल होने जा रहे हैं, जिसमें 50-50 तीर्थयात्रियों की पांच टीमें बनाई गई हैं। इस लेख के जरिए जानिए कैलाश मानसरोवर यात्रा से जुड़ी हर एक जानकारी, यात्रा कब से कब तक जारी रहेगी और आप कैसे कैलाश मानसरोवर यात्रा में शामिल हो सकते हैं। साथ ही यात्रा का खर्च कितना होगा।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कैलाश मानसरोवर यात्रा 2025 कब शुरू होगी?

कैलाश मानसरोवर यात्रा 30 जून से शुरू होकर अगस्त महीने तक चलेगी। इस दौरान करीब 250 यात्रियों को यात्रा का मौका मिलेगा। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया के तहत यात्रियों का चयन कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए किया जाता है।

कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन

विदेश मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट https://kmy.gov.in पर जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जाता है। बताएं आपको कि हर साल आवेदन प्रक्रिया मार्च से अप्रैल तक चलती है। इस साल पंजीकरण की आखिरी तारीख 13 मई तक थी। रजिस्ट्रेशन के लिए पासपोर्ट और फिटनेस सर्टिफिकेट अनिवार्य होती है।

कैलाश मानसरोवर यात्रा कहां से शुरू होगी

इस साल कैलाश मानसरोवर यात्रा दो प्रमुख मार्गों उत्तराखंड के लिपुलेख दर्रे और सिक्किम के नाथुला दर्रे से होगी।

लिपुलेख दर्रा

उत्तराखंड से यात्रा शुरू करने वाले यात्री लिपुलेख दर्रे से रवाना होंगे। यहां से कैलाश मानसरोवर की दूरी करीब 5000 किलोमीटर है और यात्रा में 24-26 दिन लग सकते हैं। इस यात्रा के दौरान ट्रैकिंग करनी पड़ती है। कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए यह एक कठिन मार्ग माना जाता है।

नाथू ला दर्रा

सिक्किम से कैलाश मानसरोवर यात्रा शुरू करने वाले तीर्थयात्रियों का समूह नाथू ला दर्रे से रवाना होगा। यह यात्रा सड़क मार्ग से की जाएगी, जिसमें 20-22 दिन का समय लगेंगा।

यात्रियों के लिए टिप्स

कैलाश मानसरोवर की यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों को अपने साथ जरूरी दस्तावेज साथ रखने चाहिए। कम से कम छह महीने की वैधता वाला पासपोर्ट, मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट, ब्लड ग्रुप सर्टिफिकेट, पासपोर्ट साइज फोटो, मेडिकल किट साथ में जरूर रखनी चाहिए। यात्रा के लिए उच्च हिमालयी क्षेत्र में ट्रैकिंग करनी पड़ती है, इसलिए अच्छी सेहत और सहनशक्ति की जरूरत होती है। इस यात्रा के लिए यात्रियों को दिल्ली स्थित आईटीबीपी कैंप में मेडिकल जांच के लिए बुलाया जाता है। यहां शुगर, हाई बीपी या हार्ट अटैक से पीड़ित यात्रियों को अनुमति नहीं दी जाती है।