सिवनी जिले में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में पहलवानी कर रहे पहलवान सोनू यादव की मौत हो गई है। कहा जा रहा कि हृदय गति रुकने के कारण यह घटना हुई है।

सिवनी. मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में कुश्ती खेलने के दौरान 19 वर्षीय एक पहलवान की कथित तौर पर हृदय गति रुक जाने से मौत हो गई। यह घटना सिवनी से करीब 45 किलोमीटर दूर कुरई थानांतर्गत बेलटोला गांव में शनिवार रात को हुई। कुरई के थाना प्रभारी गनपत सिंह उइके ने रविवार को बताया कि बेलटोला गांव में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में भोमाटोला गांव निवासी पहलवान सोनू यादव (19) शनिवार रात करीब आठ बजे कुश्ती लड़ रहा था। इसी दौरान उसकी सांस फूल गई और वह आखाड़े मे ही बेहोश हो गया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जांच कर रही पुलिस 

उन्होंने कहा कि उसे तुरंत सिवनी जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उइके ने बताया कि पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और विस्तृत जांच जारी है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में रेफरी व आयोजकों की लापरवाही पाई जाती है तो उनके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। उइके ने बताया कि रविवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद उसका शव परिजनों को सौंप दिया गया। 

थकने से हुई मौत

वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोनू पहलवान ने शनिवार को एक के बाद एक कई कुश्ती लड़ी थी, जिससे वह काफी थक चुका था। इसके बाद भी उसने कुश्ती लड़ना जारी रखा, जिसके बाद यह घटना हुई।