MP Railway News: मध्यप्रदेश को बड़ी रेल सौगात मिली है। सीएम मोहन यादव और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नई रेल लाइन शुरू की। प्रदेश में 100 से ज्यादा नई ट्रेनें चलाने की तैयारी चल रही है।

भोपाल: मध्यप्रदेश के विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र को रेलवे की बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को वर्चुअली सतना-देवेन्द्र नगर और रीवा-चुरहट रेल लाइन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही देवेन्द्र नगर-चुरहट ट्रेन सेवा की भी शुरुआत हो गई। दोनों नेताओं ने वर्चुअली हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव धार जिले के सरदारपुर से कार्यक्रम में ऑनलाइन शामिल हुए। वहीं, नागौद और चुरहट रेलवे स्टेशन पर मुख्य कार्यक्रम आयोजित किए गए।

541 किलोमीटर के रेल नेटवर्क से इन जिलों को मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि विंध्य और बुंदेलखंड के लिए आज का दिन खास है। करीब 541 किलोमीटर की इस रेल परियोजना से मध्यप्रदेश में रेल नेटवर्क का विस्तार होगा। लंबे समय से बेहतर रेल कनेक्टिविटी का इंतजार कर रहे क्षेत्रों को अब इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना मध्यप्रदेश को विकास के नए दौर में ले जाने में अहम भूमिका निभाएगी। इसके लिए मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश को करीब 1 लाख 50 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लाभ मिला है। नई रेल कनेक्टिविटी से किसानों को अपनी फसल बड़े बाजारों तक पहुंचाने में आसानी होगी। व्यापार बढ़ेगा और सामान की आवाजाही से जुड़ी सुविधाएं बेहतर होंगी। इसके अलावा विद्यार्थियों और आम लोगों को आने-जाने के लिए बेहतर विकल्प मिलेंगे। इस परियोजना से पन्ना, रीवा, सीधी, सिंगरौली और सतना समेत विंध्य और बुंदेलखंड के कई क्षेत्रों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। साथ ही मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के बीच रेल संपर्क भी मजबूत होगा।

MP में तेजी से बढ़ रहा रेलवे नेटवर्क, जल्द शुरू होगी ओंकारेश्वर-खंडवा रेल लाइन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में रेलवे का विस्तार तेजी से किया जा रहा है। प्रदेश में वंदे भारत जैसी आधुनिक ट्रेनें चल रही हैं और विकास के नए काम हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग-खंडवा रेल लाइन का लोकार्पण भी जल्द किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विंध्य और बुंदेलखंड के लोगों की ओर से इस रेल परियोजना की सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार व्यक्त किया।

विंध्य-बुंदेलखंड के लिए नई लाइफ लाइन बनेगी रेल सेवा- अश्विनी वैष्णव

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज का दिन विंध्य और बुंदेलखंड के लिए नई लाइफ लाइन शुरू होने का दिन है। ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व वाले इन क्षेत्रों को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में यह बड़ा कदम है। इससे क्षेत्र के लोगों का वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के अलग-अलग हिस्सों को रेल नेटवर्क से जोड़ने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने का काम लगातार किया जा रहा है। रेल मंत्री के मुताबिक, सतना, देवेन्द्र नगर, रीवा और चुरहट समेत आसपास के इलाकों के लोगों को इस रेल सुविधा का फायदा मिलेगा। बेहतर कनेक्टिविटी से विंध्य और बुंदेलखंड में उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही नए औद्योगिक कॉरिडोर विकसित होने की संभावनाएं भी बढ़ेंगी। रेल सुविधाएं बढ़ने से लोगों के लिए इलाज और दूसरी जरूरी सेवाओं तक पहुंचना आसान होगा। इससे स्थानीय कारोबार और अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी।

MP में 1.50 लाख करोड़ के रेलवे प्रोजेक्ट पर काम, 100 से ज्यादा नई ट्रेनें चलाने की तैयारी

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि मध्यप्रदेश में करीब 1 लाख 50 हजार करोड़ रुपये की रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। प्रदेश के कई रेलवे स्टेशनों को बेहतर बनाने और यात्रियों की सुविधाएं बढ़ाने के लिए भी काम किया जा रहा है। खजुराहो और ग्वालियर समेत कई रेलवे स्टेशनों का विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में मध्यप्रदेश में लंबी और छोटी दूरी की 100 से ज्यादा रेल सेवाएं शुरू करने की दिशा में काम हो रहा है। इसके अलावा आने वाले वर्षों में प्रदेश में कई मेमू ट्रेनें भी शुरू की जाएंगी। रेल मंत्री ने कहा कि विश्व धरोहर खजुराहो में भव्य रेलवे स्टेशन बनाया जा रहा है। वहीं, ग्वालियर रेलवे स्टेशन इतना शानदार होगा कि उसके सामने कई एयरपोर्ट भी पीछे नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे देश के नागरिकों के प्रति सम्मान और कर्तव्य की भावना के साथ अपनी सेवाएं दे रही है।

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और रेलवे अधिकारी रहे मौजूद

नागौद और चुरहट रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रमों में उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल, नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सतना सांसद गणेश सिंह, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा और सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा मौजूद रहे। इसके अलावा रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार, जबलपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक के.के. तलरेजा समेत अन्य जनप्रतिनिधि, रेलवे अधिकारी और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।