महिला ने बच्चों को मारकर आत्महत्या की, पति-ससुर गिरफ्तार। घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट में महिला ने इसके लिए अपने पति और ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया था। 

ठाणे: महाराष्ट्र के ठाणे जिले में बच्चों की हत्या करने के बाद आत्महत्या करने वाली महिला के पति और ससुर को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि उन्हें आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गुजरात से पकड़ा गया। गुजरात के कच्छ जिले के एक कस्बे में रहने वाली सीता वाविया ने 1 सितंबर को ठाणे के कावेसर स्थित अपने माता-पिता के घर में अपने चार एवं पांच वर्ष के दोनों बच्चों को फांसी लगाकर मार डाला और फिर खुद आत्महत्या कर ली थी।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

ससुराल वाले करते थे बुरा बर्ताव

घटनास्थल से बरामद सुसाइड नोट में महिला ने इसके लिए अपने पति राजेश वाविया और ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया था। महिला के माता-पिता की शिकायत पर महिला के पति और ससुराल वालों के खिलाफ जांच शुरू की गई। शिकायत के मुताबिक, महिला का विवाह नवंबर 2011 में हुआ था । इसमें दावा किया गया है कि ससुराल वाले उसके साथ बहुत बुरा बर्ताव करते थे और इस बारे में उन्होंने पुलिस को कई बार शिकायत करने की कोशिश भी की थी।

आरोप है कि गुजरात की स्थानीय पुलिस ने पीड़िता की मदद नहीं की। महिला के पति और ससुराल वालों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)