09:16 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:10 साल में देश की रक्षा के लिए तैनात करेंगे सुदर्शन चक्र

नरेंद्र मोदी ने कहा, “पाकिस्तान ने हमारे सैन्य ठिकानों, एयरबेस, संवेदनशील जगहों, आस्था के ठिकानों, नागरिकों पर मिसाइलों, ड्रोनों से अनगिनत वार किए। उनके हमले को हमारे जांबाजों और टेक्नोलॉजी ने तिनके की तरह बिखेर दिया। इसलिए जब युद्ध के मैदान में टेक्नोलॉजी का विस्तार हो रहा है तब राष्ट्र की रक्षा के लिए हमने भी अपनी महारथ का विस्तार करने पर बल दिया है। मैंने एक संकल्प लिया है। आने वाले 10 साल में 2035 तक राष्ट्र के सभी महत्वपूर्ण स्थलों, जिनमें सामरिक के साथ नागरिक क्षेत्र भी शामिल है, उन्हें टेक्नोलॉजी के नए प्लेटफॉर्म द्वारा सुरक्षा कवच दिया जाएगा। इसलिए आने वाले 10 साल, 2035 तक मैं इस राष्ट्रीय सुरक्षा कवच का विस्तार करना चाहता हूं। इसलिए हमने भगवान श्रीकृष्ण के सुदर्शन चक्र की राह चुनी है। देश सुदर्शन चक्र मिशन लॉन्च करेगा। यह मिशन एक पावरफुल वेपन सिस्टम दुश्मन के हमले को नाकाम करेगा। कई गुना ज्यादा दुश्मन पर जवाबी हमला करेगा। हमने भारत के मिशन सुदर्शन चक्र के लिए कुछ मूलभूत बातें तय की हैं। इस आधुनिक सिस्टम के लिए रिसर्च और मैन्युफैक्चरिंग हमारे देश में हो।”

09:05 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:घुसपैठियों के हवाले देश नहीं कर सकते

नरेंद्र मोदी ने कहा, "एक जमाना था जब बस्तर को याद करते ही माओवाद की क्षलक याद आती थी। जो पहले रेड कॉरिडोर कहे जाते थे वे आज ग्रीन कॉरिडोर बन गए हैं। जो क्षेत्र पहले लहूलुहान थे आज हमने वहां विकास किया है। मैं आज देश के सामने एक चिंता के संबंध में आगाह करना चाहता हूं। साजिश के तहत देश की डेमोग्राफी को बदला जा रहा है। एक नए संकट के बीज बोए जा रहे हैं। ये घुसपैठिए, मेरे देश के नौजवानों की रोजी-रोटी छीन रहे हैं। बहन बेटियों को निशाना बना रहे हैं। यह बर्दाश्त नहीं होगा। ये भोले भाले आदिवासियों की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। यह देश सहन नहीं करेगा। जब डेमोग्राफी बदलता है तो राष्ट्र की सुरक्षा के लिए संकट खड़ा होता है। कोई देश खुद को घुसपैठियों के हवाले नहीं करता। इसलिए आज लाल किले की प्राचीर से कहना चाहता हूं हम हाई पावर डेमोग्राफी मिशन शुरू करेंगे।"

08:59 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:100 साल से RSS कर रहा मां भारती के कल्याण के काम

पीएम मोदी ने कहा, "100 साल पहले RSS का जन्म हुआ था। व्यक्ति निर्माण से राष्ट्र निर्माण के संकल्प को लेकर, मां भारती के कल्याण को लेकर 100 साल से RSS चल रहा है। यह दुनिया का सबसे बड़ा एनजीओ है।"

08:56 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:विविधता भारत की ताकत

पीएम ने कहा, "हमारी संस्कृति की ताकत हमारी विविधता है। यह हमारा गौरव है कि भारत माता का बागीचा कितने विविध प्रकार के फूलों से सजा है। हमने महा कुंभ मेला में इसे देखा है। हमारा देश भाषाओं की विविधता से भरा हुआ है। हमारी भाषाएं जितनी विकसित होगी, जितनी समृद्ध होगी, हमारा ज्ञान उतना समृद्ध होगा। हमें अपनी सभी भाषाओं पर गर्व होना चाहिए। इनके विकास के लिए प्रयास करना चाहिए। पांडुलिपि में ज्ञान भरे हैं, लेकिन इसके प्रति उदासीनता रही है। हम इन्हें समझने के लिए काम कर रहे हैं।"

08:52 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:संकट बनता जा रहा मोटापा

नरेंद्र मोदी ने कहा, "हम देश में खेलो भारत नीति लेकर आए हैं। स्कूल से लेकर ओलंपिक तक पूरा इकोसिस्टम विकसित कर रहे हैं। एक चिंता आपके सामने रखना चाहता हूं। मोटापा हमारे देश के लिए संकट बनता जा रहा है। आने वाले वर्षों में हर तीसरे व्यक्ति में एक मोटापे का शिकार होगा। हमें मोटापे से बचना है। परिवार तय करें कि खाने का तेल 10 फीसदी कम इस्तेमाल करेंगे।"

08:50 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:10 साल में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले

पीएम मोदी ने कहा, "देश ने गरीबी हटाओं के नारे बहुत सुने। देश ने मान लिया था कि गरीबी हट नहीं सकती। हम गरीबों के लिए योजनाओं को उनके घर तक ले गए। 10 साल में 25 करोड़ से ज्यादा लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। एक नया मिडिल क्लास बना है। हम पिछड़े को प्राथमिकता की नीति जमीन पर उतार रहे हैं।"

08:43 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:किसानों, पशु पालकों और मछुआरों के खिलाफ नीति के आगे दीवार बनकर खड़ा है मोदी

नरेंद्र मोदी ने कहा, "भारत के किसान, मछुआरे और पशु पालक हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इनके खिलाफ किसी भी नीति के आगे मोदी दीवार बनकर खड़ा है। भारत अपने किसानों, पशु पालकों और मछुआरों के संबंध में कोई समझौता स्वीकार नहीं करेगा।"

08:40 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:4 लाख करोड़ रुपए का कृषि उत्पाद निर्यात हुआ

PM ने कहा, "हमने तीन करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने का संकल्प लिया था। हम तेज गति से काम कर रहे हैं। समय से पहले तीन करोड़ लखपति दीदी का लक्ष्य पा लेंगे। दो करोड़ महिलाएं लखपति बन गईं हैं। किसानों का अर्थव्यवस्था में बड़ा योगदान है। पिछले साल अनाज के उत्पादन में किसानों ने सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। आज भारत दूध, फल में नंबर वन है। मछली उत्पादन में दुनिया में दूसरे स्थान पर है। चार लाख करोड़ रुपए का कृषि उत्पाद निर्यात हुआ है।"

08:35 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना शुरू

पीएम ने कहा, "आज भारत की अर्थव्यवस्था पर दुनिया को भरोसा है। महंगाई कंट्रोल में है। विदेशी मुद्रा भंडार मजबूत है। ग्लोबल रेटिंग एजेंसी भी लगातार भारत की सराहना कर रहीं हैं। ये बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था का लाभ देश के गरीबों, किसानों, नारी शक्ति, मध्य वर्ग को मिले इस दिशा में नए प्रयास हो रहे हैं। युवाओं के लिए नए-नए सेक्टर में अवसर बन रहे हैं। मैं देश के नौजवानों के लिए खुशखबरी लेकर आया हूं। आज 15 अगस्त है। आज से हम 1 लाख करोड़ रुपए की योजना लागू कर रहे हैं। प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना शुरू कर रहे हैं। इसके तहत प्राइवेट सेक्टर में रोजगार पाने वाले युवाओं को 15 हजार रुपए सरकार देगी। कंपनियों को भी सरकार प्रोत्साहन देगी।"

08:31 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:दीवाली पर मिलने वाला है डबल तोहफा

पीएम मोदी ने कहा, "बीता दशक रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म का रहा है। लेकिन अब हमें और नई ताकत से जुड़ना है। नए पीढ़ी के लिए रिफॉर्म के लिए हमने टास्कफोर्स का गठन किया है। रिफॉर्म के चलते नए लोग जो अपना भविष्य बनाना चाहते हैं उन्हें हिम्मत मिलेगी। हमारे देश में छोटी-छोटी चीजों के लिए जेल में डालने के कानून है। इस दीवाली में आपकी डबल दीवाली का काम करने वाला हूं। बहुत बड़ा तोहफा मिलन वाला है। पिछले 8 साल में जीएसटी पर काम किया। समय की मांग है कि हम इसके दर की रिव्यू करें। हम नई पीढ़ी के जीएसटी रिफॉर्म लेकर आ रहे हैं। सामान्य नागरिकों के जरूरत के चीजों पर टैक्स कम कर दिए जाएंगे।"

08:26 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:हमें अपनी लकीर लंबी करनी है, दूसरे की छोटी नहीं

पीएम ने कहा, "हमें किसी की लकीर छोटी करने में ऊर्जा बर्बाद नहीं करनी है। हमें पूरी ऊर्जा के साथ अपनी लकीर लंबी करनी है। अगर हम अपनी लकीर लंबी करते हैं तो दुनिया हमारा लोहा मानेगी। आज दुनिया में आर्थिक स्वार्थ बढ़ रहा है। अब समय की मांग है हम अपनी लकीर लंबी करें। अगर हमने यह रास्ता चुन लिया तो कोई स्वार्थ हमें अपनी चंगुल में नहीं फंसा सकता।"

08:23 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:स्वदेशी चीजें खरीदें

नरेंद्र मोदी ने कहा, "हम संकल्प लें कि भारत में बनी चीजें खरीदेंगे। मैं दुकानदारों से आग्रह करता हूं। यहां स्वदेशी माल बिकता है ऐसा बोर्ड लगाएंगे। हम स्वदेशी मजबूरी नहीं मजबूती के साथ उपयोग करें। जरूरत पड़े तो औरों को मजबूर करने के लिए उपयोग करेंगे।"

08:19 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:दाम कम लेकिन दम ज्यादा, इस मंत्र से बनाएं सामान

पीएम मोदी ने कहा, "मैं देश के युवाओं से कहता हूं आइए इनोवेटिव आइडिया दीजिए। मैं आपके साथ काम करने के लिए तैयार हूं। 2047 दूर नहीं है। एक-एक पल की कीमत है। हम एक भी पल गंवाना नहीं चाहते। ये आगे बढ़ने का अवसर है। बड़े सपने देखने का अवसर है। संकल्प के लिए समर्पित होने का अवसर है। सरकार आपने साथ है। मैं आपके साथ हूं। आज नेशनल मैन्युफैक्चरिंग मिशन पर काम हो रहा है। हमें विश्व बाजार में अपने सामर्थ्य का लोहा मनवाना है तो क्वालिटी बेहतर करनी होगी। दाम कम लेकिन दम ज्यादा, इस भाव के साथ हमें सामान बनाने हैं।"

08:13 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:क्या ईवी बैटरी हम नहीं बनाएंगे?

नरेंद्र मोदी ने कहा, "आज आईटी का युग है। डेटा की ताकत है। UPI ने दुनिया को भारत की ताकत दिखाई है। सोशल मीडिया से लेकर हर तरह के प्लेटफॉर्म भारत का होना चाहिए। हम ऊर्जा के क्षेत्र में दुनिया पर निर्भर हैं। हमें उर्वरक के क्षेत्र में दूसरे देशों पर निर्भर हैं। आइए हम उर्वरकों के भंडार भर दें। हम नए तौर तरीके खोजे। भारत की जरूरतों के अनुसार अपना उर्वरक तैयार करें। आने वाला युग ईवी का है। क्या ईवी बैटरी हम नहीं बनाएंगे। निर्भर रहेंगे।"

08:09 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:मेड इन इंडिया फाइटर जेट इंजन होना चाहिए

नरेंद्र मोदी ने कहा, "हम अंतरिक्ष के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं। अपना स्पेस स्टेशन बनाने की दिशा में बढ़ रहे हैं। भारत आज हर सेक्टर में आधुनिक इकोसिस्टम तैयार कर रहा है। यह हर क्षेत्र में हमारे देश को आत्मनिर्भर बनाएगा। हमारा अपना मेड इन इंडिया फाइटर जेट इंजन होना चाहिए। समय की मांग है कि हम रिसर्च और डेवलपमेंट में और ताकत लगाएं।"

08:06 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:क्रिटिकल मिनरल्स में आत्मनिर्भर बनना है

पीएम ने कहा, "देश को विकसित बनाने के लिए हम समुद्र मंथन की ओर भी जा रहे हैं। समुद्र के भीतर के तेल-गैस भंडार को खोजने की दिशा में मिशन मोड में काम कर रहे हैं। आज पूरा विश्व रेयर अर्थ मिनरल्स को लेकर सतर्क हो गया है। हमारे लिए भी क्रिटिकल मिनरल्स में आत्मनिर्भरता जरूरी है। आज क्रिटिकल मिनरल्स की टेक्नोलॉजी की बहुत बड़ी भूमिका है। इसलिए नेशनल क्रिटिकल मिनरल्स मिशन हमने लॉन्च किया है। 1200 से अधिक स्थानों पर खोज का अभियान चल रहा है।"

08:03 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:2047 तक परमाणु ऊर्जा क्षमता 10 गुना बढ़ाएंगे

प्रधानमंत्री ने कहा, "ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता जरूरी है। सोलर एनर्जी 30 गुना बढ़ गई है। नए डैम बना रहे हैं ताकि पानी से बिजली बना सकें। परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में भी आगे बढ़ रहे हैं। 2047 तक हम परमाणु ऊर्जा क्षमता 10 गुना से ज्यादा बढ़ाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे हैं। परमाणु ऊर्जा के द्वार हमने प्राइवेट सेक्टर के लिए खोले हैं। दुनिया आज ग्लोबल वार्मिंग के लिए चिंता करती है। भारत ने तय किया था कि 2030 तक क्लीन एनर्जी 50% पहुंचा देंगे। हमने यह लक्ष्य 2025 में ही पा लिया।"

07:59 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:इस साल के अंत तक बाजार में आ जाएंगी मेड इन इंडिया चिप्स

नरेंद्र मोदी ने कहा, "21वीं सदी तकनीक की सदी है। हमारे देश में 50-60 साल पहले सेमीकंडक्टर को लेकर फैक्ट्री का विचार आया था। वो फाइलें अटक गईं। सेमीकंडक्टर के विचार की भ्रूण हत्या हो गई। कई देश सेमीकंडक्टर में आज महारत हासिल कर दुनिया में अपनी ताकत स्थापित कर रहे हैं। आज हम मिशन मोड में सेमीकंडक्टर के क्षेत्र में बढ़ रहे हैं। छह सेमीकंडक्टर यूनिट जमीन पर उतर रहे हैं। इसी वर्ष के अंत तक मेड इन इंडिया चिप्स बाजार में आ जाएंगी।"

07:56 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:ऑपरेशन सिंदूर में हमने मेड इन इंडिया का कमाल देखा

पीएम ने कहा, "ऑपरेशन सिंदूर में हमने मेड इन इंडिया का कमाल देखा। अगर हम आत्मनिर्भर नहीं होते तो इतनी गति से ऑपरेशन सिंदूर नहीं कर पाते। मेड इन इंडिया की शक्ति सेना के हाथ में थी। इसलिए बिना चिंता के हमारी सेना अपना पराक्रम करती रही। पिछले 10 साल से लगातार रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को हम मिशन लेकर चले हैं। उसका रिजल्ट आज हम देख रहे हैं।"

07:53 AM (IST) Aug 15

79th Independence Day:'न्यूक्लियर की धमकी हम नहीं सहेंगे'

पाकिस्तान से मिल रही परमाणु हमले की धमकियों पर पीएम मोदी ने कहा, "न्यूक्लियर ब्लैकमेल लंबे अरसे से चला आ रहा है। अब ब्लैकमेल नहीं सहा जाएगा। आगे भी अगर दुश्मनों ने कोशिश जारी रखी तो हमारी सेना तय करेगी, सेना की शर्तों पर, सेना जो समय तय करे, जो तौर तरीके तय करे, जो लक्ष्य तय करे, उसे हम अमल में लाकर रहेंगे। हम मुंहतोड़ जवाब देंगे। भारत ने तय कर लिया है खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते। अब देश वासियों को भली भांती पता चला है कि सिंधु का समझौता कितना अन्यापूर्ण है। कितना एकतरफा है। भारत से निकलती नदियों का पानी दुश्मनों के खेत को सींच रहा है और मेरे देश के किसान, मेरे देश की धरती, पानी के बिना प्यासी है। कैसा समझौता था जिसने पिछले 7 दशक से मेरे देश के किसानों का नुकसान किया है। अब भारत वर्तमान स्वरूप में इस समझौते को स्वीकार नहीं करेगा।"