लॉकडाउन के कारण अपने घर लौट रहे 13 लोग अलग अलग हादसों में अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें एक डिलिवरी ब्वॉय भी शामिल है, जिसने 200 किलोमीर पैदल चलने के बाद दम तोड़ दिया। इसके अलावा 12 अन्य लोगों की एक्सीडेंट में मौत हो गई। 

नई दिल्ली. कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए भारत सरकार ने पूरे देश को 14 अप्रैल तक के लिए लॉकडाउन कर दिया है। यह लॉकडाउन इस महामारी से लोगों की जान बचाने के लिए किया गया है, पर अब इसी के कारण लोगों की मौत हो रही है। लॉकडाउन के कारण अपने घर लौट रहे 13 लोग अलग अलग हादसों में अपनी जान गंवा चुके हैं। इनमें एक डिलिवरी ब्वॉय भी शामिल है, जिसने 200 किलोमीर पैदल चलने के बाद दम तोड़ दिया। इसके अलावा 12 अन्य लोगों की एक्सीडेंट में मौत हो गई। ये सभी लोग अपने घर से दूर काम करते थे, पर लॉकडाउन की वजह से इनका काम बंद था और सभी तरह का परिवहन बंद होने के कारण ये लोग पैदल ही अपने घर को लौट रहे थे। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

लॉकडाउन के कारण सबसे ज्यादा परेशानी उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल के मजदूरों को हो रही है। इन राज्यों के लोग बड़ी संख्या में दूसरी जगह जाकर काम करते हैं, पर लॉकडाउन के बाद ना तो इनके पास काम है और ना ही घर लौटने का कोई साधन। इसी वजह से ये सभी लोग पैदल ही अपने घरों की तरफ पलायन कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग रिक्शा या गाड़ी का सहारा लेकर अपने घर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। इस महामारी देश में अब तक 987 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें से 24 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 84 लोग ठीक होकर अपने घर जा चुके हैं। 

हैदराबाद में 8 लोगों की मौत
हैदराबाद में शुक्रवार की रात एक एक्सीडेंट में 8 लोगों की मौत हो गई। ये सभी लोग कर्नाटक से लौटकर आए थे और अपने घर जा रहे थे। मरने वालों में एक 3 साल का बच्चा भी शामिल है। कुल 23 लोग बोलेरो कार में सवार होकर कर्नाटक से अपने घरों के लिए निकले थे, पर आम ले जा रहे एक ट्रक से इनकी कार की टक्कर हो गई, जिसमें 8 लोगों की जान चली गई। हालांकि लॉकडाउन के बावजूद ये लोग कर्नाटक से हैदबाद कैसे पहुंच गए। पुलिस के पास इसका जवाब नहीं है। 

200 किलोमीटर पैदल चलने के बाद डिलिवरी ब्वॉय की मौत 
मध्यप्रदेश का रहने वाला एक युवक दिल्ली में डिलिवरी ब्वाय का काम करता था। लॉकडाउन के कारण वह भी दिल्ली से पैदल ही अपने घर के लिए निकल पड़ा था। दिल्ली से मुरैना के रास्ते में वह 200 किलोमीटर का सफर पूरा कर चुका था और उसे 80 किलोमीटर और चलना था, पर रास्ते में हार्ट अटैक से उसकी मौत हो गई। मृतक का नाम रणवीर बताया जा रहा है। उसके परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि 35 साल का रनवीर अपने घर लौटते हुए काफी डरा हुआ था और वह भूखा प्यासा भी था। 

मुंबई अहमदाबाद हाइवे पर भी एक हादसे में अपने घर लौट रहे 4 लोगों की मौत हो गई। ये सभी लोग पैदल ही अपने घर जा रहे थे, पर रास्ते में मेडिकल सप्लाई लेकर जा रहे एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और सभी की मौत हो गई।