इसरो प्रमुख डॉ. एस. सोमनाथ (ISRO Chief S Somanath) इंडिगो की फ्लाइट में सवार हुए तो उड़ान के वक्त एयर होस्टेस ने उनका बेहद शानदार तरीके से स्वागत किया। एयर होस्टेस ने सोमनाथ से कहा कि आप देश के हीरो हैं।

नई दिल्ली। 23 अगस्त को इसरो के चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल सॉफ्ट लैंडिंग कर इतिहास रच दिया था। इस मून मिशन का नेतृत्व इसरो के प्रमुख डॉ. एस. सोमनाथ कर रहे हैं। उन्हें देश को विज्ञान के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धी दिलाने वाले हीरो की तरह देखा जा रहा है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

एस. सोमनाथ का हर जगह लोग बेहद गर्मजोशी से स्वागत कर रहे हैं और उन्हें इसरो की सफलता के लिए बधाई दे रहे हैं। ऐसी ही एक घटना हवा में उड़ते वक्त हुई। सोमनाथ इंडिगो के विमान में उड़ान भर रहे थे। विमान के केबिन क्रू के सदस्य इस बात से गौरवान्वित थे कि उनके साथ इसरो के अध्यक्ष यात्रा कर रहे हैं। उड़ान के दौरान इंडिगो के चालक दल ने बेहद गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। इस घटना का वीडियो एयर होस्टेस पूजा शाह ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है।

View post on Instagram

एयर होस्टेस पूजा ने सोमनाथ से कहा- आप देश के हीरो हैं

वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा है, "हमारी इंडिगो उड़ान में एस सोमनाथ की सेवा करने का मौका पाकर सौभाग्य महसूस हुआ। हमारी उड़ान में देश के नायकों का होना हमेशा खुशी की बात है। वीडियो की शुरुआत पूजा द्वारा विमान के पीए सिस्टम पर एक घोषणा करने से होती है। वह यात्रियों को एस सोमनाथ का परिचय देती है। वह कहती हैं, "मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि इसरो के अध्यक्ष श्री एस सोमनाथ हमारे साथ विमान में उपस्थित हैं। सोमनाथ और उनकी टीम के लिए तालियां। सर आपने भारत को गौरवान्वित किया है। आप देश के हीरो हैं।"

यात्रियों को जब पता चला कि सोमनाथ विमान में हैं तो सभी उनकी एक झलक पाने के लिए अपनी सीटों पर घूम गए। उन्होंने सोमनाथ के सम्मान में तालियां बजाईं। केबिन क्रू की एक सदस्य नास्ता और सॉफ्ट ड्रिंक्स लेकर सोमनाथ के पास गई। उसने सोमनाथ को एक नोट दिया।