मुंबई से न्यूयॉर्क जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में बम की धमकी के बाद दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। सभी यात्री सुरक्षित हैं और विमान की जांच की जा रही है।

नई दिल्ली। मुंबई से अमेरिका के न्यूयॉर्क के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की एक फ्लाइट को दिल्ली में लैंड करना पड़ा। टेकऑफ के बाद विमान में बम होने की धमकी मिली थी। इसके बाद विमान को दिल्ली डायवर्ट किया गया। विमान दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड कर गया है। सभी यात्री सुरक्षित हैं।

दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान की जांच की जा रही है। विमान ने मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रात करीब 2 बजे उड़ान भरी। इसके तुरंत बाद ट्वीट के जरिए बम की धमकी मिली। सरकार की सुरक्षा नियामक समिति के निर्देश पर इसे दिल्ली की ओर मोड़ दिया गया।

Scroll to load tweet…

एयर इंडिया ने कहा-कम कर रहे यात्रियों को हुई असुविधा

एयर इंडिया ने बयान जारी कर कहा, "14 अक्टूबर को मुंबई से जेएफके (John F. Kennedy International Airport) जाने वाली उड़ान संख्या AI119 को विशेष सुरक्षा अलर्ट मिला। इसके बाद इसे दिल्ली की ओर मोड़ दिया गया। यात्रियों को हुई असुविधा कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।" दिल्ली पुलिस ने कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा तय करने के लिए सभी मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया जा रहा है।

विमान में सवार थे 239 यात्री

विमान में 239 यात्री सवार थे। दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान के इमरजेंसी लैंडिंग के बाद सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद बम की तलाश की गई। विमान को एयरपोर्ट के रनवे पर अकेले रखा गया है। बम क्वाड डीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया है।