बेंगलुरु के केंगेरी में मंगलवार को सबसे अधिक तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में गर्मी रिकॉर्ड तोड़ रही है। 

बेंगलुरु। भारत की सिलिकॉन वैली कहलाने वाला बेंगलुरु शहर एक तरफ भीषण सूखे का सामना कर रहा है, दूसरी ओर गर्मी भी रिकॉर्ड तोड़ रही है। ऐसा लग रहा है मानों भगवान सूर्य आग बरसा रहे हों। बेंगलुरु के केंगेरी में मंगलवार को सबसे अधिक तापमान 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कर्नाटक राज्य प्राकृतिक आपदा निगरानी केंद्र (KSNDMC) के अनुसार, बेंगलुरु के बिदाराहल्ली में भी मंगलवार को अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अधिकारियों ने कहा कि यह संभव है कि बेंगलुरु में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया हो।

जानकारों के अनुसार बेंगलुरु के तापमान में वृद्धि में स्थानीय कारक प्रमुख भूमिका निभाते हैं। आईएमडी के पास सीमित वेधशालाएं हैं। वहीं, KSNDMC के पास कई हैं। इसलिए संभव है कि KSNDMC ने केंगेरी और बिदाराहल्ली में 41 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक तापमान रिकॉर्ड किया हो।

26 जिलों में 5 मई तक के लिए हीट वेव अलर्ट जारी

बेंगलुरु में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बीदर, कालाबुरागी, विजयपुरा, यादगीर, रायचूर, बागलकोट, बेलगावी, गडग, धारवाड़, हावेरी, कोप्पल, विजयनगर, दावणगेरे, चित्रदुर्ग, तुमकुरु, कोलार, मांड्या, बल्लारी, हासन, चामराजनगर, बेंगलुरु शहरी, बेंगलुरु ग्रामीण, रामानगर, मैसूरु, चिक्कमगलुरु (मैदान) और चिक्कबल्लापुरा जिलों में 5 मई तक के लिए हीट वेव अलर्ट जारी किया है।

IMD के अनुसार, मंगलवार को बेंगलुरु सिटी वेधशाला में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस और HAL एयरपोर्ट पर 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कलबुर्गी में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर KSNDMC के अनुसार दोपहर 3 बजे बेंगलुरु विश्वविद्यालय में 40 डिग्री सेल्सियस, हेसरघट्टा में 40.1 डिग्री सेल्सियस, लाल बाग में 40.5 डिग्री सेल्सियस, येलहंका में 40.8 डिग्री सेल्सियस (3.30 बजे), तवारेकेरे में 40.3 डिग्री सेल्सियस और उत्तरहल्ली में 39.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।