भाजपा के स्थापना (BJP Foundation Day) दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि बादशाही मानसिकता के लोग मोदी की कब्र खोदने की धमकी दे रहे हैं। देश के आम लोग भाजपा की रक्षा के लिए ढाल बनकर खड़े हैं।

नई दिल्ली। आज भारतीय जनता पार्टी (BJP) 43 साल की हो गई। स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअली दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय से कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

नरेंद्र मोदी ने कहा, "जिन महान विभूतियों ने अपने खून-पसीने से पार्टी को सींचा है उन सभी को मैं आज सिर झुकाकर प्रणाम करता हूं। आज हम देश के कोने-कोने में भगवान हनुमान जी की जयंती मना रहे हैं। बजरंग बली के नाम का घोष चारों तरफ गूंज रहा है। हनुमान जी के पास असीम शक्ति थी, लेकिन वह इसका इस्तेमाल तभी कर पाते थे जब उनका खुद पर से संदेह खत्म होता था। 2014 से पहले भी देश के पास असीम शक्ति थी, लेकिन उसे खुदपर यकीन नहीं था। आज भारत बजरंग बली की तरह खुद की महाशक्ति पर यकीन कर रहा है।"

उन्होंने कहा कि हनुमान जी अपने लिए कोई काम नहीं करते थे। वह जो भी काम करते, समाज के लिए। भाजपा हनुमान जी से प्रेरणा लेती है। हमारे कार्यकर्ता सिर्फ देश के लिए काम करते हैं। जब राक्षसों से लड़ने की बात आती थी तो हनुमान जी कठोर हो जाते थे। देश को भ्रष्टाचार और परिवारवाद से मुक्त करने और इसके खिलाफ लड़ाई में भाजपा हनुमान जी की तरह कठोर होगी।

बादशाही मानसिकता वालों को पीछे छोड़ गए अंग्रेज
प्रधानमंत्री ने कहा, "1947 में अंग्रेज भले चले गए, लेकिन जनता को गुलाम बनाने की मानसिकता कुछ लोगों में पीछे छोड़ गए। आजादी के बाद देश में ऐसा वर्ग खूब फला-फूला जो सत्ता को अपना जन्मजात हक समझता था। इनलोगों ने दशकों तक राज किया। वे आजादी के बाद दशकों तक जनता को गुलाम मानते रहे। 2014 में हमारी सरकार बनी और जनता के लिए फैसले लिए तो बादशाही मानसिकता वाले लोग हमारी योजनाओं का मजाक उड़ाते थे। मैंने स्वच्छ भारत और शौचालय निर्माण की बात की तो मजाक उड़ाया गया। जब मैंने डिजिटल इंडिया की बात की तो उन्होंने अपनी पूरी ताकत इसे खारिज करने में लगा दी।"

बादशाही मानसिकता वाले लोग दे रहे कब्र खोदने की धमकी
पीएम ने कहा, “जो काम बादशाही मानसिकता वाले लोग दशकों तक नहीं कर पाए वह हमारी सरकार ने कर दिया। हमारी सरकार ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटा दिया। नफरत से भरे हुए ये लोग आज झूठ पर झूठ बोल रहे हैं। अपने भ्रष्ट कर्मों का फल देख ये लोग बेचैन हैं। ये लोग इतने निराश हो गए हैं कि एक ही रास्ता उन्हें दिख रहा है। वे खुलकर कहने लगे हैं मोदी तेरी कब्र खुदेगी। वो कब्र खोदने की धमकी दे रहे हैं। बादशाही मानसिकता वाले इन लोगों को, इन पार्टियों को एक बात पता नहीं है। आज देश का गरीब, आम आदमी, युवा, माताएं-बहनें हर कोई भाजपा के कमल को खिलाने के लिए ढाल बनकर खड़ा है।”

उन्होंने कहा, "हमें भविष्य के भारत का निर्माण करना है। भाजपा के हर एक सिपाही को इसका नेतृत्व करना है। हमारे हर काम में 25 साल का विजन होना चाहिए। दुनिया तेजी से बदल रही है। हमें भविष्य के हिसाब से अपने पार्टी को निरंतर विकास करने की कोशिश करनी होगी। मैं सभी कार्यकर्ताओं से आग्रह करता हूं 6-7 साल बाद भाजपा के 50 वर्ष पूरे होंगे। जब भाजपा के 50 साल पूरे होंगे उस समय पार्टी का स्वरूप कैसा होगा? लक्ष्य क्या होगा? हमें अभी तय करना होगा। हमें टेक्नोलॉजी को हर स्तर पर आगे लाना होगा।"

यह भी पढ़ें- पद्मश्री मिलते ही दूर हो गया शाह राशिद कादरी का भ्रम, पीएम मोदी से कहा- बीजेपी शासन में उम्मीद नहीं थी, लेकिन आपने गलत साबित कर दिया- देखें Video

6 अप्रैल 1980 को हुई थी बीजेपी की स्थापना

गौरतलब है कि भाजपा की स्थापना 6 अप्रैल 1980 को हुई थी। इससे पहले पार्टी का नाम जनसंघ था। 1977 में जनसंघ का विलय जनता पार्टी में किया गया था। इमरजेंसी के दौरान जनसंघ के नेताओं और अन्य विरोधी दलों ने मिलकर जनता पार्टी बनाई थी। चुनाव के बाद जनता पार्टी सत्ता में आई थी, लेकिन 1980 में जनता पार्टी बिखर गई थी। उस वक्त जनसंघ के नेताओं ने भाजपा की स्थापना की थी। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भाजपा के पहले अध्यक्ष थे।

यह भी पढ़ें- पीएम मोदी का दौरा: 8-9 अप्रैल को तेलंगाना, तमिलनाडु और कर्नाटक के दौरे पर रहेंगे प्रधानमंत्री, कई योजनाओं का उद्घाटन