सार

भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं।

नई दिल्ली। भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी की सेहत बिगड़ गई है। उन्हें शुक्रवार को नई दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया। वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

आडवाणी फिलहाल न्यूरोलॉजी विभाग के डॉ. विनीत सूरी की देखरेख में हैं। हालांकि, अभी साफ तौर पर नहीं पता चला है कि किस परेशानी के चलते आडवाणी को अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। 96 साल के आडवाणी को दो दिन पहले अस्पताल लाया गया था। उन्हें इस साल की शुरुआत में भी इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

भाजपा प्रवक्ता के कृष्ण सागर राव ने आडवाणी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "मैं हमारे सबसे बड़े नेता लालकृष्ण आडवाणी के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं। वह दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती हैं।"

 

 

आडवाणी इससे पहले जुलाई में बढ़ती उम्र से जुड़ी समस्याओं के चलते कुछ समय के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती हुए थे। इससे पहले भी उन्हें इसी तरह की समस्याओं के चलते अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था।

कराची में पैदा हुए थे लाल कृष्ण आडवाणी

लाल कृष्ण आडवाणी का जन्म 8 नवंबर 1927 कराची (अब पाकिस्तान का हिस्सा) में हुआ था। 1942 में वह RSS (Rashtriya Swayamsevak Sangh) से जुड़ गए थे। विभाजन के समय उन्हें भारत आना पड़ा था। वह भाजपा के बड़े नेता के रूप में उभरे थे। उन्होंने लंबे समय तक भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में काम किया। आडवाणी ने अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाईं। वह 1999 से 2004 के बीच गृह मंत्री और बाद में उप प्रधान मंत्री बने थे। इस साल मार्च में आडवाणी को भारत रत्न सम्मान दिया गया था।

यह भी पढ़ें- जेपी नड्डा ने पूछा- सोरोस-सोनिया के क्या हैं संबंध?, खड़गे पर भी साधा निशाना