भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्यसभा में सोनिया गांधी और जॉर्ज सोरोस के संबंधों पर सवाल उठाए। उन्होंने खड़गे की उपराष्ट्रपति पर टिप्पणी की भी आलोचना की और कहा कि कांग्रेस देश को भटकाने की कोशिश कर रही है।

नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बुधवार को राज्यसभा में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और अमेरिकी अरबपति जॉर्ज सोरोस के संबंधों का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि देश सच्चाई जानना चाहता है। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ के खिलाफ की गई टिप्पणी की आलोचना की।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

जेपी नड्डा ने राज्यसभा में कहा, "मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चेयर की आलोचना की। ये बहुत ही आपत्तिजनक है। यह निंदनीय है। ये गलत परंपरा को रास्ता दिखाता है। इसकी जितनी भर्त्सना की जाए कम है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इनको बोलने का मौका नहीं दिया जाता है। आपको एक बार नहीं, अनेक बार चेंबर में बुलाया गया है। चेयर ने कई बार पत्र लिखकर बातचीत के लिए बुलाया, लेकिन विपक्ष के नेता ने हर बार इनकार किया। कांग्रेस के X हैंडल से चेयरमैन को चेयर लीडर कहा गया है। संवैधानिक पद को आपने अपमानित किया है। भारत की जनता आपको इसके लिए कभी माफ नहीं करेगी।"

नड्डा ने पूछा- सोनिया गांधी का सोरोस से क्या संबंध है?

नड्डा ने कहा, "कांग्रेस पार्टी को संवैधानिक व्यवस्थाओं में न कोई रुचि है और न आदर है। कांग्रेस मूल मुद्दे से देश को भटकाने का प्रयास कर रही है। देश जानना चाहता है कि इस सदन की वरिष्ठतम नेता सोनिया गांधी का सोरोस से क्या संबंध है?"

सदन से बाहर मीडिया से बातचीत के दौरान नड्डा ने कहा, "कांग्रेस मुद्दे को भटकाना चाहती है। मुद्दा बहुत साफ है। जॉर्ज सोरोस नाम का व्यक्ति देश की स्थिरता को डिस्टर्ब करना चाहता है। वह देश को मुसीबत में डालना चाहता है। वह भारत की संप्रभुता पर प्रश्न खड़े कर रहा है। सोनिया गांधी फोरम ऑफ द डेमोक्रेटिक लीडर्स इन एशिया पैसेफिक (एफडीएल-एपी) की को-चेयरपर्सन हैं। इस संगठन को जॉर्ज सोरोस से फंड मिलता है। सोनिया गांधी और जॉर्ज सोरोस का क्या संबंध है? यह देश जानना चाहता है। जो जॉर्स सोरोस बहुत साफ शब्दों में कहता है कि मैं वर्तमान व्यवस्था को डिस्टर्ब करूंगा। जो कहता है कि मैं मोदी सरकार को अस्थिर करने के लिए फंडिंग करूंगा, उनके साथ सोनिया गांधी का क्या संबंध है। यह देश जानना चाहता है।"

यह भी पढ़ें- सरकार के सबसे बड़े प्रवक्ता हैं धनखड़, बन जाते हैं सत्ता पक्ष की ढाल: खड़गे