भाजपा ने बिहार सरकार के मंत्री नितिन नबीन को अपना राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। बता दें कि वे नया अध्यक्ष मिलने तक इस पद को संभालेंगे। नितिन बिहार के बांकीपुर विधानसभा सीट से 4 बार के विधायक हैं। 

Nitin Nabin Net Worth: बीजेपी ने 14 दिसंबर 2025 को बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। बता दें कि भाजपा को नया अध्यक्ष मिलने तक नबीन इस पद को संभालेंगे। नबीन महज 45 साल के हैं और भाजपा के सबसे कम उम्र के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बने हैं। भाजपा के दिग्गज नेता नवीन किशोर सिन्हा के बेटे नितिन धन-दौलत से भी काफी समृद्ध हैं। जानते हैं उनकी संपत्ति के बारे में।

कितने संपत्ति के मालिक हैं नितिन नबीन?

  • मायनेता के मुताबिक 2025 में चुनाव आयोग को दिए एफिडेविट के अनुसार नितिन नबीन के पास कुल 3,06,96,962 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
  • वहीं, उन पर 56.66 लाख रुपये का कर्ज है। बैंकों में उनके पास 98,58,429 रुपए जमा हैं। इसके अलावा उनके पास 6,69,380 रुपए के बॉन्ड, डिबेंचर्स और शेयर्स भी हैं।
  • एलआईसी और अन्य पॉलिसीज में उन्होंने 5,94,300 रुपए जमा कर रखे हैं।
  • नितिन नबीन के पास एक स्कॉर्पियो और एक इनोवा क्रिस्टा कार हैं, जिनकी कीमत 37,81,735 रुपए है।
  • नितिन नबीन के पास 11,30,000 रुपए के गहने हैं। इसके अलावा 28,97,000 रुपए की कृषि योग्य भूमि है।
  • नबीन के पास एसके नगर, पटना में 1.18 करोड़ रुपए की रेसिडेंशियल बिल्डिंग भी है। उनकी सालाना आय 4.8 लाख रुपये है।

नितिन नबीन का पॉलिटिकल करियर

नितिन नबीन ने 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में बांकीपुर सीट से राजद की रेख‍ा कुमारी को 51,936 वोटों से हराया। इसके बाद उन्हें नीतीश सरकार में मंत्री बनाया गया। नितिन के राजनीतिक करियर की शुरुआत भारतीय जनता युवा मोर्चा से हुई। उन्होंने कई आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई। वे सिक्किम और छत्तीसगढ़ में बीजेपी के प्रभारी और सह-प्रभारी भी रहे। नितिन नबीन के संगठनात्मक अनुभव, कार्यकर्ताओं के बीच जमीनी पकड़ और प्रशासनिक क्षमता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

12वीं पास हैं नितिन नबीन

एफिडेविट के मुताबिक, नितिन नबीन 12वीं पास हैं। उन्होंने 1996 में सेंट माइकल हाई स्कूल से सीबीएसई बोर्ड से मैट्रिक पास की। इसके बाद 1998 में सीएसकेएम पब्लिक स्कूल, नई दिल्ली से 12वीं पास की। नितिन नबीन WhatsApp, फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम, लिंक्डइन और यूट्यूब जैसे सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिये अपने कार्यकर्ताओं से हमेशा कनेक्ट रहते हैं।