लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में दिल्ली के सभी सात सीटों पर मतदान संपन्न हो गया है। यहां भाजपा और कांग्रेस-आप के गठबंधन के बीच चुनावी जंग हुई है।

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में दिल्ली के सभी सात सीटों पर शनिवार को मतदान संपन्न हो गया। शाम 5 बजे तक 53.73% मतदान हुआ। यहां भाजपा और कांग्रेस-आप के गठबंधन के बीच चुनावी जंग हुई है। 2019 के चुनाव में भाजपा ने सभी सात सीटों को जीता था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दिल्ली लोकसभा चुनाव के अपडेट्स

  • दिल्ली की मेयर शैली ओबेरॉय ने कहा, "आज मतदान का दिन है। जितने भी नागरिक हैं संविधान ने उनको अधिकार दिया है कि वोट की ताकत से अपना जन प्रतिनिधि खुद चुनें। आज का चुनाव, तानाशाह के खिलाफ और संविधान व लोकतंत्र को बचाने का है। मैं दिल्ली के लोगों से गुजारिश करती हूं कि आइए और मतदान कीजिए। अपने इस अधिकार का इस्तेमाल कीजिए।"
  • चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल ने मतदान किया है। पोलिंग बूथ से बाहर आकर उन्होंने स्याही लगी अपनी उंगली दिखाई। इसके बाद कहा, “हमने अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग किया। हम चाहते हैं कि सभी नागरिक भी ऐसा ही करें।”
  • पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता डॉ. हर्ष वर्धन ने अपने परिवार के साथ दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित रतन देवी सीनियर सेकेंडरी गर्ल्स स्कूल में मतदान किया। वोट डालने के उन्होंने कहा, “छह चरण पूरे हो रहे हैं। 1 जून को सातवां चरण भी पूरा हो जाएगा। 4 तारीख को जब रिजल्ट आएगा तो ये भारत के लिए सौभाग्य की बात होगी कि नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे। यह भारत से सबसे ज्यादा हित में है। स्थिरता सबसे बड़ी बात है। कांग्रेस का इतिहास है कि उन्होंने कभी इस देश में कांग्रेस सरकार नहीं रहने दी। इसलिए नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को स्थिर और दृढ़ इच्छा शक्ति वाली सरकार चाहिए जो भारत को विकसित बनाने की दिशा में ले जाए।”
  • 11 बजे तक दिल्ली में 21.69% मतदान हुआ है।
  • पूर्व भारतीय क्रिकेटर कपिल देव ने मतदान किया। इसके बाद उन्होंने कहा, "मुझे बहुत खुशी है कि हम लोकतंत्र में हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि अपने निर्वाचन क्षेत्र के लिए सही लोगों को चुनें। हम क्या कर सकते हैं, इससे अधिक महत्वपूर्ण है सरकार क्या कर सकती है।"
  • कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और उनके परिवार के अन्य लोगों ने वोट डाला है। राहुल गांधी ने मतदान केंद्र पर मां सोनिया गांधी के साथ सेल्फी ली। इसके बाद घर लौटने पर उन्होंने सेल्फी ली। राहुल गांधी ने इस तस्वीर को एक्स पर पोस्ट किया है।

Scroll to load tweet…

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर आकर मतदान किया है। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपनी पत्नी सुदेश धनखड़ के साथ आकर वोट डाला है।
  • आप सरकार में मंत्री आतिशी ने उपराज्यपाल पीके सक्सेना पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, "हमें आधिकारिक जानकारी मिली है कि कल शाम को एलजी ने दिल्ली पुलिस के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने आदेश दिया कि जो इलाके इंडिया गठबंधन के स्ट्रॉन्ग होल्ड वाले हैं वहां वोटिंग स्लो कराई जाए। बैरिकेट दूर लगाई जाए, बार-बार जांच की जाए। चुनाव आयोग इस मामले में संज्ञान ले।"
  • उपराज्यपाल पीके सक्सेना ने कहा है कि मंत्री आतिशी झूठे आरोप लगा रहीं हैं। वह बेबुनियाद बातें कह रही हैं। एक संवैधानिक संस्था पर सवाल उठाया गया है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
  • रॉबर्ट वड्रा और कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के बच्चे रेहान राजीव वड्रा और मिराया वड्रा वोट डालने के लिए दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर पहुंचे हैं।
  • वोट डालने के बाद प्रियंका गांधी के बेटे रेहान ने कहा, 'मुझे लगता है कि यह बहुत महत्वपूर्ण चुनाव है। मैं सभी युवाओं को हमारे संविधान को बचाने के लिए वोट करने और सकारात्मक बदलाव लाने के लिए मतदान करने के लिए प्रोत्साहित करता हूं।'
  • पूर्वी दिल्ली के भाजपा सांसद और पूर्व भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर ने दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला।
  • नई दिल्ली से भाजपा प्रत्याशी बांसुरी स्वराज ने मतदान कर लिया है। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा, "मैं लोगों से अपील करना चाहती हूं कि वे विकसित भारत के लिए वोट डालने के अपने अधिकार का प्रयोग करें।"
  • भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर दिल्ली के एक पोलिंग बूथ पर मतदान किया। उनके साथ उनकी पत्नी भी थीं। वह पोलिंग बूथ पर लगी लाइन में लगे फिर अपना वोट डाला।
  • नई दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार बांसुरी स्वराज ने मतदान शुरू होने से पहले झंडेवालान मंदिर में पूजा-अर्चना की।

दिल्ली लोकसभा चुनाव के प्रमुख उम्मीदवार

चांदनी चौक- भाजपा प्रत्याशी प्रवीण खंडेलवाल का मुकाबला कांग्रेस के जय प्रकाश अग्रवाल से है।

पूर्वी दिल्ली- भाजपा उम्मीदवार हर्ष मल्होत्रा और आम आदमी पार्टी के कुलदीप कुमार (मोनू) के बीच चुनावी लड़ाई हुई है।

नई दिल्ली- भाजपा ने पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को चुनावी मैदान में उतारा है। उनका सामना आम आदमी पार्टी के सोमनाथ भारती से हुआ है।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली- भाजपा सांसद मनोज तिवारी और कांग्रेस प्रत्याशी कन्हैया कुमार के बीच कड़ा मुकाबला हुआ है।

उत्तर-पश्चिम दिल्ली- योगेन्द्र चंदोलिया भाजपा उम्मीदवार हैं। उनका मुकाबला कांग्रेस के उदित राज से हुआ है।

दक्षिण दिल्ली- भाजपा ने रामवीर सिंह बिधूड़ी को चुनावी मैदान में उतारा था। उनकी टक्कर आप के सही राम से हुई है।

पश्चिम दिल्ली- भाजपा प्रत्याशी कमलजीत सहरावत और आप के महाबल मिश्रा के बीच मुकाबला हुआ है।

यह भी पढ़ें- Lok Sabha Elections 2024 Phase 6 Live: 58 सीटों पर मतदान शुरू, मनोहर लाल खट्टर ने किया मतदान