लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में छह राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के 58 सीटों पर 61.2 फीसदी मतदान हुआ। बिहार में 55.24%, हरियाणा में 60.4%, जम्मू-कश्मीर में 54.30%, झारखंड में 63.76%, दिल्ली में 57.67%, ओडिशा में 69.56%, उत्तर प्रदेश में 54.03% और पश्चिम बंगाल में 79.47% मतदान हुआ है।
- Home
- National News
- Lok Sabha Elections 2024 Phase 6: पश्चिम बंगाल में BJP उम्मीदवार पर हमला, जान बचाकर भागे, 61.2% मतदान
Lok Sabha Elections 2024 Phase 6: पश्चिम बंगाल में BJP उम्मीदवार पर हमला, जान बचाकर भागे, 61.2% मतदान

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में शनिवार को 58 सीटों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। 2019 में इनमें से एक सीट भी कांग्रेस नहीं जीत पाई थी। वहीं, भाजपा को 40 सीटों पर जीत मिली थी।
लोकसभा चुनाव 2024 के छठे चरण में 61.2% मतदान
58 सीटों पर शाम 5 बजे तक 57.7% मतदान
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में शनिवार को 58 सीटों पर शाम 5 बजे तक 57.7% मतदान हुआ है। पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 77.99% मतदान हुआ है। उत्तर प्रदेश में 52.02%, बिहार में 52.24%, हरियाणा में 55.93%, जम्मू-कश्मीर में 51.35%, झारखंड में 61.41%, दिल्ली में 53.73% और ओडिशा में 59.60% मतदान हुआ है।
भाजपा उम्मीदवार बोले-केंद्रीय बल के जवान नहीं होते तो हो जाती हत्या
भाजपा उम्मीदवार प्रणत टुडू ने कहा, "हमें जानकारी मिली कि मोंगलापोटा में बीजेपी के वोटरों को वोट नहीं डालने दिया जा रहा है। इसी चलते हम देखने आए थे कि समस्या क्या है। यहां करीब 200 लोगों ने हम पर लाठियों, पत्थरों और हथियारों से हमला किया। केंद्रीय बल के जवान नहीं होते तो हमारी हत्या हो सकती थी। हमें स्थानीय पुलिस से कोई सुरक्षा नहीं मिली। दीदी (ममता बनर्जी) सीएए लागू नहीं करना चाहतीं। वह देश को पाकिस्तान बनाना चाहती हैं।"
पश्चिम बंगाल में भाजपा उम्मीदवार पर हमला
पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रणत टुडू पर कथित तौर पर बदमाशों द्वारा हमला किया गया। वह संसदीय क्षेत्र के मोंगलापोटा में बूथ संख्या 200 पर जा रहे थे तभी उनपर हमला कर दिया गया। भाजपा उम्मीदवार और उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा। हमले में प्रणत टुडू घायल हो गए हैं। उनके सिर पर चोट लगी है।
छिटपुट झड़प के बीच मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न
लोकसभा चुनाव 2024 के छठे फेज का मतदान शनिवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। जिन पोलिंग बूथ पर 6 बजे के बाद भी लोग कतार में खड़े थे उन्हें वोट डालने दिया जा रहा है। पश्चिम बंगाल से भाजपा और टीएमसी के बीच छिटपुट झड़प की खबरें आईं हैं।
CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने डाला वोट
CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने दिल्ली के एक पोलिंग बूथ पर आकर वोट डाला है। मतदान के बाद उन्होंने कहा, "आज मैंने वोट डालकर एक नागरिक के रूप में अपने कर्तव्य का पालन किया है। यह बहुत बड़ा कर्तव्य है।"
अजय माकन ने किया मतदान
दिल्ली के एक पोलिंग बूथ पर मतदान के बाद कांग्रेस नेता अजय माकन ने कहा, "दिल्ली में माहौल बहुत अच्छा है। सबलोग इंडिया गठबंधन के हक में वोट डाल रहे हैं। इस इलाके में अभी तक 50 फीसदी से अधिक मतदान अच्छी बात है।"
कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित बोले- बीजेपी की 200 सीटें भी मुश्किल लग रही
लोकसभा चुनाव के छठे चरण पर कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा, "6 के बाद अब हमलोग इंतजार कर रहे हैं कि सातों राउंड का मतदान खत्म हो और काउंटिंग हो। बहुत लंबा अरसा लगा, लगभग 1.5-2 महीने का। बीजेपी की 200 सीटें भी मुश्किल लग रही है। इस बार सरकार पलटेगी, इसमें कोई शक नहीं है।"
58 सीटों पर तीन बजे तक 49.2% मतदान
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में शनिवार को 58 सीटों पर 3 बजे तक 49.2% मतदान हुआ है। पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 70.19% मतदान हुआ है। उत्तर प्रदेश में 43.95%, बिहार में 45.21%, हरियाणा में 46.26%, जम्मू-कश्मीर में 44.41%, झारखंड में 54.34%, दिल्ली में 44.58% और ओडिशा में 48.44% मतदान हुआ है।
आप नेता संदीप पाठक ने कहा-जागरूक हो गई है जनता
आप नेता संदीप पाठक ने वोट डाला। इसके बाद कहा, "मैं देश और दिल्ली की जनता से निवेदन करता हूं कि आप सभी बाहर निकलकर वोट करें। मुझे पूरा भरोसा है कि देश की जनता अब बहुत जागरूक हो गई है। वो देख रही है क्या सही है, क्या गलत है। जो सही होगा, सत्य होगा, उसी के साथ जाएगी, उसी को वोट करेगी। बीजेपी का 400 पार का नारा एक नारा है। सरकार के काम के आधार पर जनता वोट करेगी।"
महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा- फैलाए जा रहे पुराने वीडियो
महाराष्ट्र के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा है कि यह देखा गया है कि अन्य राज्यों के कुछ पुराने वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से फैलाए जा रहे हैं। इनमें शरारती तत्व चुनाव प्रक्रिया को खराब करने और विशेष रूप से ईवीएम के साथ छेड़छाड़ करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे वीडियो लोकसभा चुनाव से संबंधित नहीं हैं। महाराष्ट्र में मतदान सुचारू और शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न हुआ है।
16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया ने पहली बार किया मतदान
16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया ने दिल्ली के पोलिंग बूथ पर पहुंचकर पहली बार वोट डाला। मतदान के बाद उन्होंने कहा, "पहले जब आप 21 साल के होते थे तब मतदान का अधिकार मिलता था। मैं जब 21 साल का हुआ तो उस साल कोई चुनाव नहीं हुआ। इसके बाद मैं अमेरिका चला गया। मैं जब भी यहां आता कोई चुनाव नहीं हुआ। इस बार मैं साल-डेढ़ के लिए यहां पर हूं चुनाव हो रहा है तो मुझे वोट डालने का मौका मिला। मैंने पहले रिजस्टर किया। जब हमारा रजिस्ट्रेशन हो गया तब दूसरे युवा लोगों के साथ पहली बार वोट डाला।"
अग्निमित्रा पॉल का आरोप भाजपा के पोलिंग एजेंटों को बाहर किया
पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल ने आरोप लगाया कि भाजपा के पोलिंग एजेंटों को केशियारी में मतदान केंद्रों से बाहर निकाला गया है। उन्हें अंदर जाने नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने केंद्रीय बल के जवानों से कहा कि पश्चिम बंगाल पुलिस को मतदान केंद्र के अंदर क्यों आने दे रहे हैं?
58 सीटों पर 1 बजे तक 39.13% मतदान
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में शनिवार को 11 बजे तक पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 54.80% मतदान हुआ है। उत्तर प्रदेश में 37.23%, बिहार में 36.48%, हरियाणा में 36.48%, जम्मू-कश्मीर में 35.22%, झारखंड में 42.54%, दिल्ली में 34.37% और ओडिशा में 35.69% मतदान हुआ है।
वोट डालने पहुंचे महेंद्र सिंह धोनी
क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी रांची में एक पोलिंग बूथ पर अपने परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे हैं। उनके साथ माता-पिता और पत्नी थीं। धोनी को देखने के लिए पोलिंग बूथ के बाहर बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। भीड़ के बीच से होते हुए धोनी मतदान केंद्र में गए और मतदान किया।

11 बजे तक पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 36.88% मतदान
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में शनिवार को 11 बजे तक पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 36.88% मतदान हुआ है। उत्तर प्रदेश में 27.06%, बिहार में 23.67%, हरियाणा में 22.09%, जम्मू-कश्मीर में 23.11%, झारखंड में 27.80%, दिल्ली में 21.69% और ओडिशा में 21.30% मतदान हुआ है।
अरविंद केजरीवाल ने किया मतदान
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने मतदान कर लिया है। वोट डालने के बाद उन्होंने कहा, "मेरे पिता, पत्नी, बच्चों और मैंने वोट दिया है। मेरी मां आज नहीं आ सकीं। उनकी तबीयत ठीक नहीं है। मैंने तानाशाही, महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ वोट किया है। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे वोट करें।"
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने किया मतदान
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने दिल्ली के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। उनके ठीक पहले एक बुजुर्ग मतदाता ने मतदान किया था। वह व्हील चेयर पर थे। राजीव कुमार ने उनके ईवीएम के पास से जाने का इंतजार किया। एक व्यक्ति की मदद से बुजुर्ग मतदाता चले गए तब राजीव कुमार ने अपना वोट डाला।
प्रियंका गांधी ने डाला वोट
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मतदान किया है। वोट डालने के बाद उन्होंने मीडिया से बात की। इस दौरान यह कहे जाने पर कि आम आदमी पार्टी बोल रही है कि राहुल गांधी इस बार झाड़ू का बटन दबाएंगे और अरविंद केजरीवाल हाथ का, प्रियंका गांधी बोलीं, "हां यही तो होता है। हम अपने गिले शिकवे एक तरफ कर संविधान के लिए, लोकतंत्र के लिए वोट दे रहे हैं। मुझे इस बात पर गर्व है।"
सुबह 9 बजे तक पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 16.64% मतदान
लोकसभा चुनाव के छठे चरण में शनिवार को सुबह 9 बजे तक पश्चिम बंगाल में सबसे अधिक 16.64% मतदान हुआ। उत्तर प्रदेश में 12.33%, बिहार में 9.66%, हरियाणा में 8.31%, जम्मू-कश्मीर में 8.89%, झारखंड में 11.74%, दिल्ली में 8.94% और ओडिशा में 7.43% मतदान हुआ है।