दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। घने कोहरे के चलते लो विजिबिलिटी है। इससे दिल्ली एयरपोर्ट आने वाली कई फ्लाइट्स प्रभावित हुईं हैं। उत्तर भारत के मध्य हिस्से के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।  

नई दिल्ली। उत्तर भारत के कई इलाकों में रविवार को घना कोहरा छाया। इसके चलते कई स्थानों पर लो विजिबिलिटी है। लो विजिबिलिटी के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर कई फ्लाइट्स के आने में देर हुई है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 1.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। यह इस सीजन का सबसे कम तापमान है। दिल्ली एयरपोर्ट के एक अधिकारी के अनुसार करीब 20 फ्लाइट्स खराब मौसम के चलते प्रभावित हुईं हैं। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

दिल्ली के सफदरजंग में 1.9, पालम में 5.2, लोधी रोड में 2.8, रिज में 2.2 और आया नगर में न्यूनतम तापमान 2.6 रिकॉर्ड किया गया है। अक्षरधाम और मध्य दिल्ली जैसे कई क्षेत्रों में सुबह घने कोहरे की चादर बिछी दिखी। मौसम विभाग ने दिल्ली सहित उत्तर भारत के कुछ हिस्सों के लिए रविवार के लिए "ऑरेंज" अलर्ट जारी किया है। इस इलाके में ठंड बनी रहने की उम्मीद है।

सुबह 5.30 बजे तक दिल्ली के सफदरजंग और पालम में दृश्यता 50 मीटर दर्ज की गई। उत्तर प्रदेश के आगरा और पंजाब के बठिंडा में दृश्यता शून्य थी। पंजाब के अमृतसर, पटियाला, अंबाला और चंडीगढ़ में दृश्यता 25 मीटर दर्ज की गई। बिहार के गया और भागलपुर में दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई। लखनऊ और ग्वालियर में दृश्यता क्रमशः 50 और 200 मीटर मापी गई।

ट्रेन और विमानों की आवाजाही प्रभावित
घने कोहरे के चलते उत्तर भारत में ट्रेन और विमानों की आवाजाही प्रभावित हुई है। शनिवार को दिल्ली एयरपोर्ट से कम से कम 34 डोमेस्टिक फ्लाइट्स के उड़ान भरने में देरी हुई। राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ती शीतलहर के चलते बेघर लोगों के लिए शेल्टर होम खोल दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में आतंक का संचालक डॉ.आसिफ मकबूल डार आतंकी घोषित, सऊदी अरब से कर रहा हिजबुल को आपरेट

मध्य प्रदेश में बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि मंगलवार से उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होने की संभावना है। इसके बाद लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। सोमवार तक मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है, इसके बाद के तीन दिनों में गुरुवार तक कोई खास बदलाव नहीं होगा।

यह भी पढ़ें- 88 साल की उम्र में वरिष्ठ भाजपा नेता और बंगाल के पूर्व राज्यपाल केशरी नाथ त्रिपाठी का निधन, PM ने जताया शोक