Bisleri Water Lab Test Fail: FSSAI ने लैब जांच में पानी का सैंपल अनसेफ पाए जाने के बाद बिसलेरी पर मुकदमा चलाने की मंजूरी दी। जानें पानी में क्या मिला।
Bisleri Packaged Drinking Water Unsafe News: सफर में हों, किसी रेस्टोरेंट में खाना खा रहे हों या घर में मेहमान आए हों, प्यास बुझाने के लिए हम सबसे पहले बिना सोचे-समझे बोतलबंद पानी खरीदते हैं और इसमें सबसे पहला नाम बिसलेरी (Bisleri) का आता है। लेकिन अगर आपको पता चले कि जिस पानी को आप सबसे शुद्ध और सुरक्षित समझकर पी रहे हैं, वो सरकारी लैब की जांच में फेल हो गया है, तो आपका चौंकना लाजिमी है। देश की फूड सेफ्टी रेगुलेटर संस्था FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) ने बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड (Bisleri International Pvt Ltd) के खिलाफ बड़ा एक्शन लिया है। रविवार, 22 नवंबर 2026 को FSSAI ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने (Prosecution) की मंजूरी दे दी है। आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है, पानी में क्या गड़बड़ी मिली है और किन-किन कंपनियों पर गाज गिरी है...
बिसलेरी का पानी क्यों फेल हुआ, लैब टेस्ट में क्या निकला?
FSSAI ने सोशल मीडिया पर जानकारी शेयर करते हुए बताया कि उसने बिसलेरी इंटरनेशनल के परिसर से 'पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर' (मिनरल वाटर के अलावा) का एक सैंपल जांच के लिए लिया था। जब इस सैंपल की लैब में जांच की गई, तो चौंकाने वाले नतीजे सामने आए। पहली जांच में पानी के सैंपल में ब्रोमेट(Bromate) की मात्रा निर्धारित मानकों से ज्यादा पाई गई, जिसके बाद इसे फूड सेफ्टी कानून (FSS Act, 2006) के तहत असुरक्षित (Unsafe) घोषित कर दिया गया। पहली रिपोर्ट आने के बाद बिसलेरी कंपनी ने इसके खिलाफ अपील की थी। इसके बाद सैंपल को आगे की जांच के लिए रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। वहां की जांच में भी पानी फेल हो गया और सैंपल में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) जैसे खतरनाक केमिकल पाए गए।
ब्रोमेट क्या है और कितना खतरनाक?
दुनिया की बड़ी स्वास्थ्य और पर्यावरण एजेंसियां, जैसे इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) और यूएस ईपीए (US EPA), ब्रोमेट को इंसानों में कैंसर पैदा करने वाले संभावित तत्व (Possible/Probable Human Carcinogen) की कैटेगरी में रखती हैं।
बिसलेरी का कौन सा वैरिएंट अनसेफ निकला?
FSSAI ने अपनी पोस्ट में ये साफ नहीं किया है कि बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का कौन-सा खास वेरिएंट या बैच नंबर इस लैब टेस्ट में फेल हुआ है। लेकिन दोनों लैब की रिपोर्ट के आधार पर कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने की अनुमति दे दी गई है।
सिर्फ बिसलेरी ही नहीं, इन कंपनियों पर भी चला FSSAI का डंडा
बिसलेरी इंटरनेशनल के अलावा वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड (Vasant Masala Pvt Ltd), टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई है। नियमों का पालन न करने पर उर्मी लाइफसाइंसेज एलएलपी और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस निलंबित (Suspend) कर दिए गए हैं। एक अन्य कार्रवाई में FSSAI ने आशा कन्फेक्शनरी को अपनी प्री-पैकेज्ड 'चॉकलेट-फिल्ड कुकीज' (Cookies) को बाजार से तुरंत वापस लेने (Product Recall) का आदेश दिया है, क्योंकि जांच में वे असुरक्षित पाई गई थीं।
बोतलबंद पानी खरीदते समय क्या करें?
- पानी की बोतल खरीदने से पहले उसकी सील, मैन्युफैक्चरिंग डेट और बैच नंबर जरूर देखें।
- बोतल के लेबल पर 14 अंकों का FSSAI लाइसेंस नंबर और ISI मार्क जरूर चेक करें।
- प्लास्टिक की बोतलों को तेज धूप में रखने से उनमें केमिकल रिएक्शन होने का खतरा बढ़ जाता है।
डिस्क्लेमर: ये आर्टिकल सिर्फ सामान्य जानकारी और जागरूकता के लिए है। इसमें दी गई जानकारी भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा सोशल मीडिया पर जारी आधिकारिक पोस्ट और लैब जांच के तथ्यों पर आधारित है। संबंधित एजेंसी ने ये स्पष्ट नहीं किया है कि बिसलेरी के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर का कौन-सा विशिष्ट बैच या वेरिएंट इस जांच में प्रभावित पाया गया है। पाठकों को सलाह दी जाती है कि किसी भी पैकेज्ड फूड या पेय पदार्थ का उपयोग करने से पहले पैक पर दिए गए FSSAI लाइसेंस नंबर, मैन्युफैक्चरिंग डेट और सील की जांच जरूर करें।
















