भारत के चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद पूरी दुनिया भारत का लोहा मान रही है। लेकिन सोशल मीडिया पर कुछ लोग गैर-जिम्मेदाराना तरीके से ऐसे वीडियो भी शेयर कर रहे हैं, जिसका हकीकत से कोई संबंध नही है।

Chandrayaan-3 vs Apolo 11 Video. सोशल मीडिया पर लोग ज्यादा लाइक्स या कमेंट पाने के लिए कई तरीके अपनाते हैं। अजब-गजब बातें लिखते हैं, अजीबो-गरीब वीडियो शेयर करते हैं। कई बार तो फेमस होने के चक्कर में लोग फर्जी वीडियो भी शेयर करने से परहेज नहीं करते हैं। ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग को लेकर शेयर किया जा रहा है। जबकि वह वीडियो अब से 54 साल पुराना अपोलो 11 का है, जिसे अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने साल 1969 में सफलतापूर्वक लांच किया था। दोनों वीडियो देखकर आप खुद सच्चाई का अंदाजा लगा सकते हैं। वायरल वीडियो में चंद्रमा पर लैंडिंग के वीडियो पर चंद्रयान लिखा गया है। Asianetnews Hindi ने जब वायरल वीडियो के फुटेज को क्रॉप करके गूगल रिवर्स इमेज में सर्च किया तो इससे जुड़े दर्जनों वीडियो हमें मिले। अपोलो 11 का एक वीडियो मिला। पूरा वीडियो देखने पर पता चला कि यह वायरल वीडियो चंद्रयान 3 का नहीं बल्कि अपोलो 11 का है। 

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

कब और कैसे हुई अपोलो-11 की लांचिंग

अपोलो-11 चंद्रमा पर उतरने वाला पहला मानव मिशन था। इसे 16 जुलाई 1969 को फ्लोरिडा के कैनेडी स्पेस सेंटर से लॉन्च किया गया था। इसमें एक कमांड मॉड्यूल और एक चंद्र मॉड्यूल को शामिल किया गया था। तब चालक दल में नील आर्मस्ट्रांग, बज एल्ड्रिन और माइकल कॉलिन्स शामिल रहे थे। उस मिशन का उद्देश्य चंद्रमा पर उतरना और सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर लौटना था। तीन दिवसीय यात्रा के बाद आर्मस्ट्रांग और एल्ड्रिन द्वारा संचालित ईगल चंद्र मॉड्यूल 20 जुलाई 1969 को चंद्रमा की सतह पर उतरा। वहीं कोलिन्स कोलंबिया मॉड्यूल में ऊपर की कक्षा में था। आर्मस्ट्रांग उस मिशन के कमांडर थे। तब उन्होंने कहा था कि यह मनुष्य के लिए छोटा कदम जरूर है लेकिन यह मानव जाति के लिए बड़ी छलांग है। वे चंद्रमा की सतह पर कदम रखने वाले पहले व्यक्ति थे। अब वही वीडियो यूट्यूब से लेकर सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है।

यह है अपोलो 11 का 54 साल पुराना वीडियो

YouTube video player

कब और कैसे सफल हुआ चंद्रयान-3

चंद्रयान-3 भारतीय स्पेस एजेंसी इसरो का प्रोग्राम रहा, जिसे 14 जुलाई 2023 को प्रक्षेपित किया गया। एक महीने से ज्यादा की यात्रा के बाद चंद्रयान-3 को भारतीय स्पेस एजेंसी इसरो ने 23 अगस्त 2023 को शाम करीब 6 बजकर 40 मिनट पर सफलता पूर्वक चंद्रमा पर सॉफ्ट लैंडिंग करा दी। भारत, चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंड स्पेस एयरक्रॉफ्ट लैंड कराने वाला पहला देश बना। इसके साथ ही भारत अब दुनिया के उन चार देशों में शामिल हो चुका है, जिन्होंने चंद्रमा की सतह पर सॉफ्ट लैंडिंग की है। अमेरिका, चीन, रूस के बाद भारत ने चंद्रमा पर लैंडिंग की है।

यह है सोशल मीडिया पर चंद्रयान के नाम पर वायरल वीडियो, जो फर्जी है…यह वीडियो अपोलो 11 का है।

यह भी पढ़ें

कर्नाटक: मिशन चंद्रयान-3 की सफलता के लिए CM सिद्धारमैया ने इसरो अध्यक्ष सोमनाथ को किया सम्मानित, देखें वीडियो