आकासा एयर की अहमदाबाद- बेंगलुरु फ्लाइट में उड़ान के दौरान एक यात्री शौचालय में बीड़ी पीने लगा। उसने विमान को ट्रेन समझ लिया था। पकड़े जाने पर कहा कि पहली बार प्लेन में सवार हुआ हूं। नियम पता नहीं थे।

बेंगलुरु। अहमदाबाद से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाले अकासा एयर (Akasa Air) के फ्लाइट में उड़ान के दौरान एक यात्री बीड़ी पीने लगा। उसने प्लेन को भी ट्रेन समझ लिया था। वह शौचालय गया और आराम से बीड़ी पीने लगा। विमान में मौजूद केबिन क्रू ने उसे ऐसा करते पकड़ लिया। आरोपी यात्री को बेंगलुरु में लैंडिंग के बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़े जाने पर यात्री ने कहा कि पहली बार विमान में सवार हुआ हूं। नहीं पता था कि बीड़ी नहीं पीनी है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

गिरफ्तार किए गए यात्री की पहचान 56 साल के प्रवीन कुमार के रूप में हुई है। वह राजस्थान के मारवाड़ इलाके का रहने वाला है। उसे बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (Kempegowda International Airport) पर गिरफ्तार किया गया। आकासा एयर के ड्यूटी मैनेजर ने यात्री के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसपर विमान में सवार यात्रियों की जान जोखिम में डालने का आरोप लगाया गया है।

हमेशा ट्रेन से यात्रा करता था प्रवीण

प्रवीण कुमार को पुलिस ने बेंगलुरु सेंट्रल जेल भेज दिया है। उसने पुलिस को बताया कि पहली बार विमान में सवार हुआ था। उसे नियमों की जानकारी नहीं थी। प्रवीण ने बताया कि वह हमेशा ट्रेन से यात्रा करता था और शौचालय में बीड़ी पीता था। लगा कि उसी तरह विमान के शौचालय में भी बीड़ी पी सकता है।

बीड़ी पता नहीं चली, हुई सुरक्षा में बड़ी चूक

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया है कि सुरक्षा तलाशी के दौरान बीड़ी का पता नहीं चला। यात्री इसे लेकर विमान में पहुंच गया। यह सुरक्षा में गंभीर चूक है। बीड़ी का आसानी से पता लगा लिया जाना चाहिए। तलाशी में गलती हुई है। इस साल की शुरुआत में विमान में सिगरेट जलाने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इस तरह की गलती बड़े हादसे का कारण बन सकती है।