क्या सोने की चमक फीकी पड़ रही है? 21 दिन में ₹10,643 की गिरावट और चांदी ₹30,090 टूटी-फेस्टिव डिमांड खत्म या मार्केट में आने वाला है बड़ा करेक्शन? क्या है नए रेट, कौन से फैक्टर कर रहे असर?

नई दिल्ली। अगर आप सोना या चांदी खरीदने की सोच रहे हैं तो ये खबर आपके लिए बेहद काम की है। पिछले कुछ हफ्तों में सोने-चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट आई है। 17 अक्टूबर को जहां सोना ₹1,30,874 प्रति 10 ग्राम के ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया था, वहीं अब 21 दिन में इसकी कीमत ₹10,643 घटकर ₹1,20,231 रह गई है। इसी तरह, चांदी की कीमत में भी 24 दिन में ₹30,090 की भारी गिरावट दर्ज की गई है। अब चांदी का भाव ₹1,48,010 प्रति किलो है, जो पहले ₹1,78,100 था।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

गोल्ड और सिल्वर प्राइस में अचानक गिरावट क्यों आई?

इस बार दीवाली और दशहरा जैसे फेस्टिव सीजन खत्म होने के बाद सोने की डिमांड में तेजी से कमी आई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, 7 नवंबर को सोने के दाम में ₹439 की और गिरावट आई। एक तरफ ग्लोबल मार्केट में तनाव कम हुआ है, वहीं दूसरी ओर निवेशक प्रॉफिट बुकिंग कर रहे हैं। तकनीकी संकेतक (RSI) भी दिखा रहे थे कि गोल्ड ओवरबॉट ज़ोन में पहुंच चुका था, इसलिए ट्रेडर्स ने बिकवाली शुरू कर दी।

देश के बड़े शहरों में सोने के ताजा रेट (प्रति 10 ग्राम)

शहर

सोने की कीमत (₹)

चेन्नई₹1,22,950
जयपुर₹1,22,170
भोपाल₹1,22,070
लखनऊ₹1,22,170
अहमदाबाद₹1,22,070

नोट: IBJA रेट में GST, मेकिंग चार्ज और ज्वेलर्स मार्जिन शामिल नहीं होता।

क्या अब सोना खरीदना फायदेमंद रहेगा?

  • अगर आप इन्वेस्टमेंट के लिहाज से सोना खरीदना चाहते हैं, तो यह समय अच्छा माना जा सकता है। गिरावट के बाद भाव स्थिर होने के आसार हैं।
  • हालांकि, एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि सोने में सर्टिफाइड (BIS हॉलमार्क) गोल्ड ही खरीदें और उसकी कीमत कई सोर्स से क्रॉस-चेक करें।

शहरों में सोने के अलग-अलग दाम क्यों होते हैं?

  • ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट: सोना एयर कार्गो से देश के अलग-अलग इलाकों तक पहुंचता है, जिससे लागत बढ़ती है।
  • लोकल डिमांड और सप्लाई: साउथ इंडिया में सोने की खपत 40% है, इसलिए यहां कीमतें कम रहती हैं।
  • ज्वेलरी एसोसिएशन रेट: हर राज्य में लोकल ट्रेडर्स रेट तय करते हैं।
  • खरीद मूल्य में फर्क: जो ज्वेलर सस्ता स्टॉक खरीदता है, वो सस्ता बेच सकता है।

2025 में सोना और चांदी कितनी महंगी हुई?

  • इस साल सोना अब तक ₹44,069 महंगा हुआ है-31 दिसंबर 2024 को 24 कैरेट सोना ₹76,162 था, जो अब ₹1,20,231 हो गया।
  • चांदी ₹61,993 बढ़कर ₹86,017 से ₹1,48,010 प्रति किलो पहुंच गई।