पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए सरकार ने जगह आवंटित करने का फैसला किया है। यह जानकारी उनके परिवार और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को दे दी गई है।

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए भारत सरकार ने जगह आवंटित करने का फैसला किया है। इसकी जानकारी मनमोहन सिंह के परिवार और कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को दे दी गई है। शुक्रवार की रात केंद्रीय गृह मंत्रालय ने यह बात कही।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मंत्रालय की ओर से देर रात "पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के संबंध में मामले के तथ्य" शीर्षक से विज्ञप्ति जारी की गई। इसमें कहा गया कि सरकार को कांग्रेस अध्यक्ष से मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह देने का अनुरोध प्राप्त हुआ है। कैबिनेट की बैठक के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खड़गे और मनमोहन सिंह के परिवार को बताया कि सरकार स्मारक के लिए जगह आवंटित करेगी। इस बीच, दाह संस्कार और अन्य औपचारिकताएं पूरी की जा सकती हैं। क्योंकि एक ट्रस्ट का गठन और स्मारक के लिए स्थान आवंटित किया जाना है।

92 साल की उम्र में हुआ मनमोहन सिंह का निधन

बता दें कि मनमोहन सिंह कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार के प्रधानमंत्री थे। उन्हें भारत में आर्थिक सुधारों का श्रेय दिया जाता है। गुरुवार को 92 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। वह 2004 से 2014 के बीच 10 साल तक भारत के प्रधानमंत्री रहे।

कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर लगाया था मनमोहन सिंह के अपमान का आरोप

कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार और स्मारक के लिए स्थान न ढूंढ़ना देश के पहले सिख प्रधानमंत्री का जानबूझकर किया गया अपमान है। पार्टी ने यह मुद्दा तब उठाया जब गृह मंत्रालय ने कहा कि मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार शनिवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ नई दिल्ली के निगमबोध घाट पर सुबह 11.45 बजे किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- डॉ.मनमोहन सिंह को दुनिया का सलाम: जानें वर्ल्ड लीडर्स ने कैसे किया याद?