केंद्र सरकार ने पांच राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त किए हैं। मणिपुर में अजय कुमार भल्ला, बिहार में आरिफ मोहम्मद खान, केरल में राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मिजोरम में वीके सिंह और ओडिशा में हरिबाबू कंभमपति नए राज्यपाल होंगे।

Governors appointment in many States: केंद्र सरकार ने पांच राज्यों में नए राज्यपालों को नियुक्त कर दिया है। मणिपुर की महिला राज्यपाल की छुट्टी हो गई है। एक साल से जातीय हिंसा झेल रहे राज्य में पूर्व गृह सचिव अजय कुमार भल्ला को नया राज्यपाल बनाया गया है। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को बिहार का नया राज्यपाल बनाया गया है। लोकसभा टिकट से वंचित पूर्व सेनाध्यक्ष जनरल वीके सिंह को भी राजभवन अलॉट हो गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

बिहार और केरल के राज्यपालों की अदला बदली

नए राज्यपालों की लिस्ट में केंद्र सरकार ने बिहार और केरल के राज्यपालों की अदला-बदली केवल की है। केरल में विवादों में रहे राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अब बिहार का राज्यपाल बनाया गया है। जबकि बिहार के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है।

शाह के खास अजय भल्ला को मणिपुर की जिम्मेदारी

गृह मंत्री अमित शाह के खास माने जाने वाले पूर्व गृह सचिव अजय कुमार भल्ला को अब राज्यपाल पद की जिम्मेदारी दी गई है। पिछले एक साल से जातीय हिंसा में जल रहे मणिपुर का राज्यपाल पूर्व ब्यूरोक्रेट अजय कुमार भल्ला को बनाया गया है। वह यहां की निवर्तमान राज्यपाल अनसुइयां उइके की जगह लेंगे। मणिपुर में पिछले एक साल से अधिक समय से मैतेई बहुसंख्यकों और कुकी समुदाय के बीच हिंसक संघर्ष हो रहा है। मणिपुर की निवर्तमान राज्यपाल अनसुइयां उइके ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर लगातार आवाज उठाती रही हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को भी घेरा था। सार्वजनिक रूप से यहां के लोगों के दर्द को बयां करते हुए गृह मंत्री अमित शाह से लगातार सबकुछ अवगत कराने का दावा किया था।

जनरल वीके सिंह को अब राजभवन भेजा गया

पूर्व सेना प्रमुख और पिछले मोदी सरकार में विदेश राज्यमंत्री रहे जनरल वीके सिंह को मिजोरम का नया राज्यपाल बनाया गया है। गाजियाबाद से 2019 में संसदीय चुनाव जीतने वाले जनरल वीके सिंह को 2024 में संसदीय टिकट नहीं मिला था। अब उनको मिजोरम का राज्यपाल बनाया गया है।

रघुबर दास का इस्तीफा स्वीकार

ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास के इस्तीफा को राष्ट्रपति ने स्वीकार कर लिया है। रघुबर दास की जगह पर मिजोरम के राज्यपाल डॉ.हरिबाबू कंभमपति को ओडिशा भेजा गया है।

यह भी पढ़ें:

पुंछ में सेना का ट्रक खाई में गिरा, 5 जवानों की मौत, कई घायल