Heavy Rain Alert: उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं।  जगह-जगह सड़कें बंद हैं, यात्राएं रोक दी गई हैं और स्कूलों को बंद करना पड़ा है। मौसम विभाग ने कई जिलों में अलर्ट जारी किया है। 

Weather Update On 26 August:उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। राज्य में हो रही झमाझम बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। राहत बनकर आई ये बारिश आफत बन गई है। हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में जगह-जगह भूस्खलन हो रहा है, जिससे सड़कें बंद हो गई हैं। इसके अलावा पंजाब में भी नदियों का पानी बढ़ने से कई जिलों में बाढ़ आ गई है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

भारी बारिश के कारण कई रास्ते बंद

हिमाचल में भारी बारिश और भूस्खलन की वजह से कई रास्ते बंद हैं। चंबा जिले में मणिमहेश यात्रा रोक दी गई है क्योंकि रास्तों में खतरा बढ़ गया है। इस यात्रा में गए पंजाब के तीन श्रद्धालुओं की ऑक्सीजन की कमी से मौत हो गई। अभी करीब 800 श्रद्धालु रास्ते में फंसे हुए हैं। कांगड़ा जिले में पौंग बांध का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं, बिलासपुर-स्वारघाट के पास चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन से दो वाहन चपेट में आ गए। चंबा, कांगड़ा, मंडी और ऊना जिलों में स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रखने का आदेश दिया गया है। सोमवार को शिंकुला दर्रे, रोहतांग, खरदूंगला और बारालाचा में बर्फबारी हुई जिसके कारण मनाली-लेह रास्ते बंद हो गया। 

जम्मू-कश्मीर में बारिश का कहर जारी

जम्मू-कश्मीर में भी बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए जम्मू संभाग के आठ जिलों में रेड अलर्ट और कश्मीर के तीन जिलों में अलर्ट जारी किया है। कई जगहों पर बादल फटने बाढ़ या भूस्खलन की आशंका जताई गई है। ऊधमपुर और रियासी जिलों में कई कच्चे मकान गिर गए और सड़कें बंद हो गईं। कश्मीर में गुलमर्ग, अमरनाथ गुफा और जोजिला में बर्फबारी हुई। तवी, चिनाब और झेलम नदियों का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है। ऐसे में जम्मू संभाग के सभी सरकारी और निजी स्कूल मंगलवार को बंद रहेंगे।

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी की अपील- त्योहारों में मेड इन इंडिया सामान खरीदें, समृद्ध होगा देश

उत्तराखंड बारिश से जनजीवन प्रभावित

उत्तराखंड में भी लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। रविवार रात तेज और सोमवार को दिनभर हल्की बारिश हुई। गंगोत्री और यमुनोत्री यात्रा रोक दी गई है, जबकि बदरीनाथ और केदारनाथ यात्रा भी बार-बार बाधित हो रही है। राज्य में 90 से ज्यादा सड़कें भूस्खलन से बंद हो गई हैं। देहरादून, चमोली, उत्तरकाशी, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में सोमवार को स्कूल बंद रखे गए। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।