इंडिगो ने विक्रम सिंह मेहता को अपना नया चेयरमैन नियुक्त किया है। मेहता एक अनुभवी IAS अधिकारी और कॉर्पोरेट दिग्गज हैं। जानिए कौन हैं इंडिगो के नए कप्तान।

IndiGo: भारत की प्रमुख एयरलाइंस IndiGo ने विक्रम सिंह मेहता को अपना चेयरमैन बनाया है। कंपनी ने बुधवार को बयान जारी कर यह जानकारी दी। कहा कि मेहता को इंडिगो के बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

मेहता पहले से इंडिगो के बोर्ड सदस्य हैं। वह वेंकटरमणि सुमंत्रन का स्थान लेंगे। सुमंत्रन ने तीन साल पहले चेयरमैन पद संभाला था। उस समय कोरोना महामारी के चलते विमानन उद्योग बेहद चुनौती का सामना कर रहा था।

कौन हैं विक्रम सिंह मेहता?

विक्रम सिंह मेहता 1978 बैच के IAS अधिकारी रहे हैं। उन्होंने कॉर्पोरेट क्षेत्र में अवसर तलाशने से पहले दो साल तक देश की सेवा की। इंडिगो में आने से पहले मेहता ने कोलगेट पामोलिव (इंडिया) लिमिटेड, महिंद्रा एंड महिंद्रा लिमिटेड और लार्सन एंड टूब्रो लिमिटेड के बोर्ड में काम किया था।

मेहता सार्वजनिक नीति थिंक टैंक "सेंटर फॉर सोशल एंड इकोनॉमिक प्रोग्रेस" के अध्यक्ष हैं। वह ब्रूकिंग्स इंडिया के पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष और ब्रूकिंग्स इंस्टीट्यूशन के सीनियर फेलो हैं। वह भारत में शेल ग्रुप ऑफ कंपनीज के अध्यक्ष और मिस्र में शेल मार्केट्स और शेल केमिकल्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रहे हैं।

मेहता को 2010 में एशिया हाउस द्वारा “Businessman of the Year” के रूप में सम्मानित किया गया था। उन्हें 2016 में एशिया सेंटर फॉर कॉरपोरेट गवर्नेंस एंड सस्टेनेबिलिटी द्वारा भारत में “सर्वश्रेष्ठ स्वतंत्र निदेशक” नामित किया गया था। मेहता दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफन कॉलेज से गणित स्नातक हैं। उनके पास दो मास्टर डिग्री हैं एक ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से राजनीति और अर्थशास्त्र में और दूसरी टफ्ट्स यूनिवर्सिटी से ऊर्जा अर्थशास्त्र में।