इंडोनेशियाई राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो ने डीएनए टेस्ट के बाद अपने भारतीय पूर्वजों का खुलासा किया, जिससे गणतंत्र दिवस के रात्रिभोज में सभी हंस पड़े। उन्होंने भारत के साथ सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों पर भी ज़ोर दिया।

नई दिल्ली। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबिआंतो के सम्मान में रविवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रात्रिभोज रखा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे। इस दौरान राष्ट्रपति सुबिआंतो ने भारत के साथ अपने संबंध के बारे में ऐसी बात कही कि सभी लोग हंस पड़े। उन्होंने मजाक करते हुए कहा कि हाल ही में हुए डीएनए टेस्ट से पता चला है कि उनके पूर्वज भारतीय हैं।

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

प्रबोवो सुबिआंतो ने कहा, "कुछ सप्ताह पहले मैंने अपना जेनेटिक सिक्वेंसिंग टेस्ट और DNA टेस्ट कराया। इससे पता चला कि मुझमें भारतीय DNA है। सभी जानते हैं कि जब मैं भारतीय गाने सुनता हूं तो नाचने लगता हूं। यह जरूर मेरे भारतीय जीन का हिस्सा है।" इतना सुनते ही जगदीप धनखड़ और नरेंद्र मोदी समेत अन्य लोग हंस पड़े।

Scroll to load tweet…

सुबिआंतो 76वें गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि थे। उन्होंने इस अवसर पर भारत और इंडोनेशिया के बीच स्थायी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंधों को उजागर किया। कहा, "हमारी भाषा का बहुत महत्वपूर्ण हिस्सा संस्कृत से आया है। बहुत से इंडोनेशियाई नाम संस्कृत के नाम हैं। हमारे रोज के जीवन में भारत की प्राचीन सभ्यता का बहुत असर है।"

प्रबोवो सुबिआंतो बोले भारत आकर हो रहा गर्व

सुबिआंतो ने कहा, "मैं भारत आकर बहुत गर्व महसूस कर रहा हूं। मैं कोई पेशेवर राजनीतिज्ञ नहीं हूं, मैं अच्छा राजनयिक नहीं हूं, मैं वही कहता हूं जो मेरे दिल में है। मैं यहां कुछ दिनों के लिए आया, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और प्रतिबद्धताओं से बहुत कुछ सीखा है।"

यह भी पढ़ें- Watch: इंडोनेशियाई राष्ट्रपति का 'कुछ कुछ होता है' सरप्राइज!

गरीबी दूर करने और वंचित तबके को ऊपर लाने पर नरेंद्र मोदी के फोकस पर सुबिआंतो ने कहा, "गरीबी दूर करने की उनकी प्रतिबद्धता, समाज के वंचित तबके की मदद करना, ये सब हमें प्रेरित करते हैं। मैं भारत के लोगों के लिए आने वाले वर्षों में समृद्धि, शांति और महानता की कामना करता हूं। मुझे उम्मीद है कि इंडोनेशिया और भारत घनिष्ठ साझेदार और मित्र बने रहेंगे।"