पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े कदम उठाए हैं। सिंधु जल संधि निलंबित, अटारी-वाघा बॉर्डर बंद, और पाकिस्तानी नागरिकों के भारत प्रवेश पर रोक जैसे 5 बड़े फैसले लिए गए हैं।

Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कड़े फैसले लिए हैं। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में CCS (Cabinet Committee on Security) की बैठक हुई। इस दौरान पाकिस्तान के साथ सिंधु जल संधि निलंबित करने समेत कई बड़े फैसले लिए गए। आइए 5 सबसे अहम फैसलों के बारे में...

Add Asianetnews Hindi as a Preferred SourcegooglePreferred

1- सिंधु जल संधि निलंबित: भारत ने पाकिस्तान के साथ हुए सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया है। इस संधि के तहत सिंधु नदी प्रणाली से 39 बिलियन क्यूबिक मीटर पानी हर साल भारत से पाकिस्तान में बहता है। संधि दोनों देशों के बीच पानी के बंटवारे को कंट्रोल करती है। सिंधु और उसकी सहायक नदियों से आने वाला पानी पाकिस्तान के लिए लाइफ लाइन की तरह है। ये नदियां भारत से पाकिस्तान की ओर बहती हैं। संधि निलंबित करने के बाद अब भारत पाकिस्तान को मिलने वाले पानी का भी इस्तेमाल कर पाएगा।

2- अटारी-वाघा बॉर्डर बंद: भारत और पाकिस्तान के बीच व्यापार और लोगों के बीच संपर्क के लिए महत्वपूर्ण अटारी-वाघा बॉर्डर को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। वैध कागजात के साथ सीमा पार करने वालों को 1 मई 2025 से पहले पाकिस्तान वापस लौटने के लिए कहा गया है।

3- पाकिस्तानी नागरिकों का भारत में प्रवेश बैन: भारत ने पाकिस्तानी नागरिकों का प्रवेश बैन कर दिया है। सार्क वीजा छूट योजना के तहत पाकिस्तानी नागरिकों को भारत आने से रोका गया है। पहले जारी किए गए सभी वीजा रद्द कर दिए गए हैं। जो पाकिस्तानी पहले से भारत में है उसे 48 घंटे में देश छोड़ना होगा।

4- सैन्य सलाहकारों का निष्कासन: भारत ने पाकिस्तानी उच्चायोग में रक्षा, नौसेना और वायु सेना के सलाहकारों को निकाल दिया है। उन्हें भारत से बाहर जाने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। भारत ने इस्लामाबाद स्थित उच्चायोग से अपने रक्षा, नौसेना और वायु सेना के अधिकारियों को वापस बुलाया है।

5- उच्चायोग के कर्मचारियों की संख्या में कमी: भारत ने पाकिस्तान से कहा है कि वह नई दिल्ली में अपने राजनयिक उपस्थिति को घटाकर 30 कर्मचारियों तक सीमित कर दे। इससे पाकिस्तानी मिशन की वर्तमान परिचालन क्षमता 55 हो जाएगी।