04:35 PM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट: कांग्रेस की बंपर जीत

कर्नाटक विधानसभा चुनाव 2023 में कांग्रेस पार्टी ने बंपर जीत दर्ज की है। राज्य में कांग्रेस ने स्पष्ट बहुमत पाया है। कर्नाटक की सभी 224 सीटों के परिणाम आ चुके हैं। कांग्रेस ने 224 में से कुल 136 सीटें जीती हैं। जबकि भारतीय जनता पार्टी सिर्फ 65 सीटों पर ही अटक गई। जेडीएस ने 19 सीटें और अन्य ने 4 सीटें जीती हैं। 2018 के मुकाबले कांग्रेस की 23 सीटें बढ़ी हैं जबकि बीजेपी को 49 सीटों का बड़ा नुकसान हुआ है। 

02:18 PM (IST) May 13
कर्नाटक विधानसभा चुनाव रिजल्ट 2023: कांग्रेस को मिला स्पष्ट बहुमत

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिल चुका है। पार्टी की जीत के बाद देश भर में जश्न मनाया जा रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी बेंगलुरू में हैं और पार्टी कार्यकर्ता जगह-जगह मिठाईयां बांट रहे हैं। वहीं बीजेपी नेता बसवराज बोम्मई ने पार्टी की हार को स्वीकार कर लिया है।

02:01 PM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: भावुक हुए डीके शिवकुमार

कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष डीके शिवकुमार जीत के बाद भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत रंग लाई और लोगों ने झूठ का पर्दाफाश कर दिया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी को मैंने जीत के लिए आश्वस्त किया था।

01:41 PM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: चामराजनगर से कांग्रेस जीती

कर्नाटक के चामराजनगर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सी पुट्टारंगशेट्टी ने जीत दर्ज की है। उन्हें कुल 83858 वोट मिले जबकि बीजेपी के वी सोमन्ना को 75753 वोट मिले। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि यह जीत, जनता जनार्दन की जीत है। हाईकमान द्वारा पर्यवेक्षक भेजे जाने के बाद अन्य प्रक्रियाएं अपनाएंगे। दोपहर 1.40 बजे तक प्रदेश की 150 विधानसभा सीटों के नतीजे घोषित किए जा चुके हैं।

01:29 PM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: भूपेश बघेल बोले- यह पीएम की हार

छत्तीसगढ़ के चीफ मिनिस्टर भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला किया है और कहा कि कर्नाटक की हार को पीएम की हार बताया। प्रधानमंत्री ने अपने नाम पर वोट मांगे। आप यह देख सकते हैं कि बजरंग बली किसके साथ हैं। बजरंग बली सच बोलने वालों के साथ हैं।

 

01:03 PM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: BJP ने हार स्वीकार की

कर्नाटक के सीएम रहे बसवराज बोम्मई ने पार्टी की हार को स्वीकार कर लिया है। उन्होंने कहा कि हम लोगों के बीच अपनी पहचान नहीं बना पाए। कहा कि पीएम मोदी और केंद्रीय नेताओं की कड़ी मेहनत के बाद भी हमें जनता का आशीर्वाद नहीं मिल पाया।

 

12:29 PM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: क्या बोले अशोक गहलोत

कांग्रेस नेता और राजस्थान के चीफ मिनिस्टर अशोक गहलोत ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का असर चुनाव परिणाम पर साफ दिखाई दे रहा है। लोगों ने सांप्रदायिक राजनीति को छोड़कर विकास की राजनीति को चुना है। आने वाले समय में राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना जैसे राज्यों में भी कांग्रेस की जीत होगी।

 

12:16 PM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: कांग्रेस को मिलेंगी 120 सीटें

कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने दावा किया है कि कांग्रेस को 120 सीटें मिलेंगी। सिद्धारमैया ने कहा कि बीजेपी को 70 से भी कम सीटें मिलेंगी। सिद्धारमैया के बेटे ने सुबह ही अपने पिता के लिए सीएम पद की मांग की थी। डीके शिवकुमार भी लगातार सक्रिय हैं।

12:09 PM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: बेंगुलुरू के 5 स्टार होटल में क्या हो रहा

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणामों को देखते हुए बीजेपी ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार बीजेपी के नेता बेंगलुरू के 5 स्टार होटल में हैं, जहां पर कुमारस्वामी भी मौजूद हैं।

12:04 PM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: विधायकों के लिए रिसोर्ट बुक

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के परिणाम आने शुरू हो चुके हैं। कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है। ऐसे में कांग्रेस ने सभी विधायकों के लिए रिसार्ट बुक कर दिया है। सभी विधायकों को बेगलुरू आने के लिए कहा गया है। दो-तीन जगहों पर रिसॉर्ट बुक हुए हैं।

11:42 AM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: कांग्रेस का खाता खुला

कर्नाटक विधानसभा चुनावों में रूझानों के बाद अब रिजल्ट आने शुरू हो गए हैं। चल्लाकेरे विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार टी रघुमूर्ति को जीत हासिल हुई है। वहीं कुदालगी विधानसभा क्षेत्र से एन टी श्रीनिवास को जीत हासिल हुई है।

11:33 AM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: चुनाव आयोग के आंकड़े जानें

चुनाव आयोग के अनुसार शुरूआती रूझानों में कांग्रेस पार्टी को बहुमत से ज्यादा सीटें मिल रही हैं. आयोग के अनुसार कांग्रेस ने 114 सीटों पर बढ़त बना ली है। जबकि बीजेपी 71 सीटों पर आगे है। जेडीएस ने 32 सीटों पर बढ़त बनाई है। कुछ ही घंटों में परिणाम भी आने शुरू हो जाएंगे।

 

11:19 AM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: BJP पर सचिन पायलट का हमला

कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने कांग्रेस की जीत को देखते हुए बीजेपी पर करारा हमला किया है। पायलट ने कहा कि 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार का नारा लोगों ने स्वीकार किया और कांग्रेस को वोट दिया है। हमारा मुद्दा सॉलिड था और इसी वजह से हमारी जीत होने जा रही है।

11:06 AM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: डीके शिवकुमार के घर बंटी मिठाई

कर्नाटक विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को जीत मिलती दिख रही है। इसके बाद कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार के घर मिठाईयां बांटी जा रही हैं। कांग्रेस के कार्यकर्ता जश्न मना रहे हैं। दिल्ली में भी पार्टी मुख्यालय पर जश्न का माहौल है।

11:00 AM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: पूर्व सीएम सिद्धारमैया आगे

कर्नाटक में कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया मैसूर के वरूणा विधानसभा सीट पर आगे चल रहे हैं। वहीं कर्नाटक की चमराजपेट सीट से बीजेपी के टिकट पर पूर्व पुलिस आयुक्त भास्कर राव चुनाव लड़ रहे हैं। फिलहाल वे पिछड़ते दिख रहे हैं। इस सीट से कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी जमीर अहमद खान ने भास्कर राव पर बढ़त बना ली है।

 

10:51 AM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: बीजेपी के 8 मंत्री चल रहे पीछे

कर्नाटक में बीजेपी की बढ़त कम हो गई है और वह 80 से अब 73 सीटों पर बढ़त में हैं। जबकि कांग्रेस 118 सीटों पर आगे निकल चुकी है। बीजेपी के लिए चौंकाने वाली बात यह है कि पार्टी के 8 मंत्री पीछे चल रहे हैं। इनमें बेल्लारी ग्रामीण से बी श्रीरामुलु, चिक्कनायकनहल्ली से जेसी मधुस्वामी, बिलगी से मुरुगेश निराणी, त्रिपतुर से बीसी नागेश, मुधौल से गोविंद करजोल, वरूणा और चमराजनगर से वी सोमाना, चिक्कबल्लापुर से के सुधाकर और निप्पानी से शशिकल्ला जोले पीछे चल रही हैं।

10:40 AM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: कांग्रेस विधायक दल की बैठक

कर्नाटक में रूझानों के बाद कांग्रेस पार्टी ने आगे की तैयारियां शुरू कर दी हैं। जानकारी के अनुसार बेलगाम, धारवाड़ और हुबली में चॉपर तैयार कर लिए गए हैं। सरकार बनाने के लिए कांग्रेस में बैठकों का दौर शुरू हो चुका है। 14 मई को दोपहर 12 बजे कांग्रेस पार्टी ने विधायक दल की बैठक बुलाई है।

10:37 AM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: शिवमोगा से बीजेपी आगे

कर्नाटक की शिवमोगा सीट से बीजेपी प्रत्याशी एसएन चन्नबसप्पा करीब 15 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। बीजेपी ने इस सीट पर पार्टी के दिग्गज नेता केएस ईश्वरप्पा का टिकट काटकर चन्नबसप्पा को टिकट दिया था। बीजेपी का यह प्रयोग सफल होता दिख रहा है।

10:29 AM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: कांग्रेस की बनेगी सरकार-लांबा

कांग्रेस नेता अलका लांबा ने कहा है कि कर्नाटक के रूझान बता रहे हैं कि वहां कांग्रेस पार्टी सरकार बनाने जा रही है। अलका लांबा ने कहा कि मुझे खुशी है कि कांग्रेस पार्टी ने अपनी हार से सबक लिया है और जीत की तरफ बढ़ रही है।

10:24 AM (IST) May 13
कर्नाटक असेंबली इलेक्शन रिजल्ट 2023: कुमारस्वामी ने की पूजा

जेडीएस नेता कुमारस्वामी ने शनिवार को बेंगलुरू के मंदिर में पूजा अर्चना की। कुमारस्वामी की पार्टी जेडीएस करीब 25 सीटों पर आगे चल रही है। कांग्रेस पार्टी को बहुमत मिलता दिख रहा है, वहीं बीजेपी इस बार सत्ता से बाहर होती दिख रही है।

 

Read more Articles on