लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें चरण में शाम 5 बजे तक 58.34% वोटिंग हुई है। बिहार में 48.86%, चंडीगढ़ में 62.80%, हिमाचल प्रदेश में 66.56%, झारखंड में 67.95%, ओडिशा में 62.46%, पंजाब में 55.20%, उत्तर प्रदेश में 54.00% और पश्चिम बंगाल में 69.89% मतदान हुआ है।
- Home
- National News
- Lok Sabha Election Phase 7: पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच मतदान संपन्न, नड्डा बोले NDA 400 पार करेगी
Lok Sabha Election Phase 7: पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच मतदान संपन्न, नड्डा बोले NDA 400 पार करेगी

लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें और आखिरी फेज के लिए मतदान संपन्न हो गया है। शाम 6 बजे तक 57 सीटों पर वोटिंग हुई। इस फेज में पीएम नरेंद्र मोदी, एक्ट्रेस कंगना रनौत, अनुराग ठाकुर, रवि किशन, मीसा भारती समेत कई बड़े चेहरे मैदान में थे।
5 बजे तक 58.34% वोटिंग
पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच मतदान संपन्न
पश्चिम बंगाल में हिंसा के बीच लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें चरण का मतदान संपन्न हो गया है। बंगाल से पोलिंग बूथ पर दो गुटों में झड़प, मारपीट, पुलिस लाठीचार्ज और देसी बम के धमाके किए जाने की खबरें आईं।
इंडिया गठबंधन कम से कम 295 सीटें जीतेगी: मल्लिकार्जुन खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिल्ली स्थित घर पर इंडिया अलायंस के नेताओं की बैठक हुई। बैठक के बाद गठबंधन के नेताओं ने विजय चिन्ह दिखाया। मल्लिकार्जुन खरगे ने दावा किया कि इंडिया गठबंधन कम से कम 295 सीटें से ज्यादा जीतेगी।
जेपी नड्डा बोले NDA 400 करेगी पार
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा, "चुनाव का अंतिम चरण पूरा हो चुका है। मैं उचित व्यवस्था के साथ सफलतापूर्वक चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग को धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं चुनाव प्रचार के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी धन्यवाद देना चाहता हूं। जनता ने विकसित भारत के लिए वोट दिया है और तुष्टिकरण, परिवारवाद, भ्रष्टाचार को नकारा है। मुझे पूरा विश्वास है कि भारत की जनता भाजपा को 370 से ज्यादा सीटें देगी। NDA 400 पार करेगी।"
वोट डालने के बाद ममता बनर्जी ने दिखाया विक्ट्री साइन
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कोलकाता के एक पोलिंग बूथ पर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने लोगों से बात की। वोट डालने के बाद पोलिंग बूथ से बाहर आकर उन्होंने लोगों को विक्ट्री साइन दिखाया।
बशीरहाट से भाजपा उम्मीदवार रेखा ने पुलिस के कहा-मारना चाहते हो तो मारो
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना के बशीरहाट लोकसभा क्षेत्र के बयारबारी में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हुई है। इसके बाद पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई के खिलाफ भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया है।
बशीरहाट लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार रेखा पात्रा और पुलिस अधिकारी के बीच कहासुनी हुई है। रेखा पात्रा ने कहा, "अगर आप (पुलिस) मुझे मारना चाहते हैं तो मारें। आप पुलिस (प्रशासन) हैं, लेकिन आपको शर्म आनी चाहिए कि आप मुख्यमंत्री के गुलाम हैं। मुख्यमंत्री ने आपको खरीद लिया है।"
3 बजे तक 49.68% वोटिंग
लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें चरण में 3 बजे तक 49.68% वोटिंग हुई है। बिहार में 42.95%, चंडीगढ़ में 52.61%, हिमाचल प्रदेश में 58.41%, झारखंड में 60.14%, ओडिशा में 49.77%, पंजाब में 46.38%, उत्तर प्रदेश में 46.83% और पश्चिम बंगाल में 58.46% मतदान हुआ है।
पश्चिम बंगाल के बशीरहाट में भाजपा के बूथ एजेंट की पिटाई
पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना के बशीरहाट से भाजपा उम्मीदवार रेखा पात्रा ने कहा, "मतदान के दौरान भाजपा के बूथ एजेंट की पिटाई की गई है। उसे पानी में फेंक दिया गया। सुभेंधु नाम का एक व्यक्ति उसे बचाने गया तो उसे भी पीटा गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गया है। हम उसे अस्पताल ले जा रहे हैं।"
अखिलेश यादव बोले- इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। इंडिया गठबंधन की बैठक में शामिल होने दिल्ली आए अखिलेश यादव ने कहा, "इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है। 400 पार की बात करने वाले 143 से आगे नहीं जाएंगे।"
लॉकेट चटर्जी बोलीं-2026 से पहले गिर सकती है टीएमसी सरकार
पश्चिम बंगाल के हुगली लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार लॉकेट चटर्जी ने उत्तर 24 परगना के दमदम में एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। उन्होंने कहा, "बड़ी संख्या में लोगों ने भाजपा को वोट दिया है। टीएमसी के लोग अपनी पार्टी से परेशान हैं। भाजपा को राज्य में 30 से अधिक सीटें मिलने जा रही हैं। ऐसी संभावना है कि 2026 से पहले टीएमसी सरकार गिर सकती है।"
बसपा उम्मीदवार के खिलाफ केस दर्ज
पंजाब के फिरोजपुर में बसपा उम्मीदवार सुरिंदर कंबोज के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फिरोजपुर के डिप्टी कमिश्नर और जिला मजिस्ट्रेट राजेश धीमान ने कहा, "हमारे सामने एक मामला आया है। बीएसपी उम्मीदवार सुरिंदर कंबोज ने वोट डालते हुए खुद का वीडियो बनाया है। नियमों के उल्लंघन के लिए उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है। हम सभी उम्मीदवारों से नियमों और कानून का पालन करने का आग्रह करते हैं। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से हो रहा है।"
शत्रुघ्न सिन्हा का दावा- 150-200 सीटों तक भी नहीं पहुंच पाएगा NDA
एक्टर और आसनसोल लोकसभा सीट से टीएमसी उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा, "हवा बहुत जबरदस्त है। इंडिया ब्लॉक बहुत अच्छे से जीतेगी, मुझे पूरा विश्वास है। 400 का नारा हवा-हवाई हो गया है। अब मुद्दा बनाम मोदी है। मोदी की एक भी गारंटी पूरी नहीं हुई है। अपने अनुभव के आधार पर कह सकता हूं कि भाजपा और उसके सहयोगी 150-200 सीटों तक भी नहीं पहुंच पाएंगे।"
1 बजे तक 40.09% वोटिंग
लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें चरण में दोपहर 1 बजे तक 40.09% वोटिंग हुई है। बिहार में 35.65%, चंडीगढ़ में 40.14%, हिमाचल प्रदेश में 48.63%, झारखंड में 46.80%, ओडिशा में 37.64%, पंजाब में 37.80%, उत्तर प्रदेश में 39.31% और पश्चिम बंगाल में 45.07% मतदान हुआ है।
एक्टर आयुष्मान खुराना ने किया मतदान
एक्टर आयुष्मान खुराना ने चंडीगढ़ के एक मतदान केंद्र पर आकर वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा, "मैं अपना वोट डालने के लिए अपने शहर आया हूं। मुंबई में इस बार बहुत कम मतदान हुआ, लेकिन हमें अपना वोट डालना चाहिए। अगर हम वोट नहीं देते हैं तो हमें शिकायत करने का अधिकार नहीं है।"
कंगना रनौत ने मंडी के लोगों की मदद के लिए जारी किया फोन नंबर
हिमाचल प्रदेश के मंडी लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार कंगना रनौत ने मंडी के एक मतदान केंद्र पर अपना वोट डाला। इसके बाद उन्होंने कहा, "जिस तरह से रिकॉर्ड मतदान हो रहा है, उससे समझा आ रहा है कि मंडी की जनता ने अपनी बेटियों के अपमान पर फैसला दिया है। लोगों को गुमराह किया गया है कि चुनाव के बाद मैं यहां नहीं रहूंगी। मेरी पूरी टीम यहां मौजूद रहेगी।" बता दें कि कंगना ने शनिवार को अपने घर में अपने ऑफिस का उद्घाटन किया। उन्होंने मंडी के लोगों के लिए अपना फोन नंबर (01905-256400) भी जारी किया। इस नंबर पर मंडी के लोग कंगना से मदद पा सकते हैं।
11 बजे तक 26.3% वोटिंग
लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें चरण में 11 बजे तक 26.3% वोटिंग हुई है। बिहार में 24.25%, चंडीगढ़ में 25.03%, हिमाचल प्रदेश में 31.92%, झारखंड में 29.55%, ओडिशा में 22.64%, पंजाब में 23.91%, उत्तर प्रदेश में 28.02% और पश्चिम बंगाल में 28.10% मतदान हुआ है।
पश्चिम बंगाल में बम चले
सातवें चरण के दौरान पश्चिम बंगाल के भांगड़ के सतुलिया बमबारी की गई है। यहां कुछ लोगों ने देसी बम फोड़े हैं। BJP West Bengal द्वारा शेयर किए गए वीडियो में बम धमाकों के बाद इलाके में फैले घुएं को देखा जा सकता है। इसके साथ ही कुछ लोगों को हाथ में थैला लिए देखा जा सकता है। बम धमाकों से लोग डरे हुए थे।
BJP West Bengal द्वारा X पर पोस्ट किया गया, "सातवें चरण के मतदान में भी टीएमसी का आतंक जारी है। भांगड़ के सतुलिया में बम धमाके किए गए। ममता बनर्जी को पता है कि ये बम कौन बना रहा है। इसके बाद भी वह धमाके होने दे रही हैं। ममता बनर्जी, ये सारे बम कहां से आ रहे हैं?"
भाजपा उम्मीदवार तपस रॉय के खिलाफ टीएमसी समर्थकों ने की नारेबाजी
पश्चिम बंगाल के कोलकाता उत्तर लोकसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार तपस रॉय के खिलाफ कोलकाता में एक मतदान केंद्र के बाहर टीएमसी समर्थकों ने नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा यहां प्रॉक्सी वोटिंग कर रही है।
नीतीश कुमार ने किया मतदान
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना जिले के बख्तियारपुर के एक मतदान केंद्र पर जाकर अपना वोट डाला।
सुबह 9 बजे तक 11.31% वोटिंग
लोकसभा चुनाव 2024 के सातवें चरण में सुबह 9 बजे तक शुरुआती दो घंटे में 11.31% वोटिंग हुई है। बिहार में 10.58%, चंडीगढ़ में 11.64%, हिमाचल प्रदेश में 14.35%, झारखंड में 12.15%, ओडिशा में 7.69%, पंजाब में 9.64%, उत्तर प्रदेश में 12.94% और पश्चिम बंगाल में 12.63% मतदान हुआ है।